बक्सर रेलवे स्टेशन पर 3 मोबाइल चोर गिरफ्तार, ऑपरेशन यात्री सुरक्षा में RPF की कार्रवाई
बक्सर आरपीएफ टीम के साथ गिरफ्तार आरोपी
बक्सर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर RPF ने बड़ी कार्रवाई की है. ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत 3 शातिर मोबाइल चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी के 3 महंगे स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं. यह कार्रवाई यात्रियों को सुरक्षित यात्रा का माहौल देने के उद्देश्य से की गई है.
Buxar Railway Station: यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे परिसर में अपराध पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर मोबाइल चोरों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से चोरी के तीन महंगे स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं.
प्लेटफॉर्म पर गश्त के दौरान पकड़े गए आरोपी
दानापुर मंडल के आरपीएफ बक्सर पोस्ट के निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-2 और 3 पर उप निरीक्षक विजयेंद्र मुवाल, सहायक उप निरीक्षक उमेश कुमार राय, आरक्षी राहुल यादव और आरक्षी सोनालाल यादव गश्त कर रहे थे. इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर घूम रहे तीन संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया. पुलिस को देखकर तीनों भागने लगे, लेकिन आरपीएफ टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया.
तलाशी में मिले चोरी के तीन स्मार्टफोन
गिरफ्तार युवकों की तलाशी लेने पर उनके पास से तीन महंगे स्मार्टफोन बरामद हुए. पूछताछ में तीनों ने स्वीकार किया कि वे ट्रेनों और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का मोबाइल चोरी करते थे.
तीनों आरोपियों की हुई पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बक्सर शहर के सोहनीपट्टी निवासी प्रदीप जायसवाल के पुत्र चंदन कुमार जायसवाल, टेंगरी राम के पुत्र मनीष कुमार तथा भोजपुर जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र के बराप गांव निवासी हंसलाल सिंह के पुत्र रवि रंजन कुमार के रूप में हुई है.
जीआरपी को सौंपे गए आरोपी
आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार ने बताया कि तीनों आरोपियों को बरामद मोबाइल फोन के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना के हवाले कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि यात्रियों के सामान और मोबाइल चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल लगातार विशेष अभियान चला रहा है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित यात्रा का माहौल मिल सके.
Also Read: राजद नई टीम क्यों बना रही है? जानिए संगठन भंग करने के पीछे की वजह
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











