बक्सर: आठ दिन बाद खत्म हुई सफाईकर्मियों की हड़ताल, डुमरांव में फिर शुरू हुई सफाई व्यवस्था
डुमरांव नगर परिषद के सफाईकर्मियों की आठ दिनों से जारी हड़ताल समाप्त हो गई है. प्रशासन के साथ सहमति बनने के बाद शहर में सफाई व्यवस्था फिर से शुरू कर दी गई है.
Buxar News: बक्सर जिले के डुमरांव नगर परिषद के सफाईकर्मियों की बीते आठ दिनों से जारी हड़ताल गुरुवार को समाप्त हो गई. हड़ताल खत्म होते ही सभी सफाईकर्मी अपने-अपने कार्यस्थलों पर लौट आए और नगर क्षेत्र में साफ-सफाई का कार्य दोबारा शुरू कर दिया गया. इससे नगरवासियों ने राहत की सांस ली है और उम्मीद जताई जा रही है कि अब शहर की सफाई व्यवस्था फिर से पटरी पर लौट आएगी. अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सफाईकर्मियों के हड़ताल पर रहने के कारण नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई थी और कई इलाकों में कचरे का अंबार लग गया था.
नगर परिषद प्रशासन और सफाईकर्मियों के बीच बनी सहमति
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) राहुलधर दुबे ने बताया कि सफाईकर्मियों की सभी जायज मांगों पर सहमति बन गई है. इसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया और सभी सफाईकर्मी अपने काम पर वापस लौट आए हैं. उन्होंने कहा कि नगर में सफाई अभियान फिर से शुरू कर दिया गया है और जल्द ही स्थिति पूरी तरह सामान्य कर दी जाएगी.
सभी वार्डों में प्राथमिकता के आधार पर होगी सफाई
नगर परिषद प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि शहर के सभी वार्डों में प्राथमिकता के आधार पर सफाई कराई जाएगी. हड़ताल के दौरान जमा हुए कचरे का शीघ्र निस्तारण किया जाएगा ताकि नागरिकों को स्वच्छ और स्वास्थ्यप्रद वातावरण उपलब्ध कराया जा सके.
Also Read: बक्सर: सरकारी स्कूलों की नई समय-सारणी जारी: अब शनिवार को होगा हाफ डे, ढाई साल बाद बदला नियम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











