बक्सर में चोरी की पल्सर लेकर भाग रहा था चोर, मामा-भांजे को टक्कर मारकर भागने की कोशिश नाकाम
अस्पताल में इलाजरत पीड़ित | Prabhat Khabar Network
बक्सर में चोरी की पल्सर बाइक लेकर भाग रहे चोर ने मामा-भांजे को टक्कर मार दी। दोनों घायल होने के बावजूद आरोपी को पकड़ने में कामयाब रहे और पुलिस के हवाले किया।
प्रतिनिधि, बक्सर. बक्सर नगर थाना क्षेत्र में चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को पकड़ने का मामला सामने आया है. चोरी की बाइक लेकर भाग रहे आरोपी ने खुद को घिरता देख बीच सड़क पर बाइक से टक्कर मारकर भागने की कोशिश की. इस घटना में बाइक मालिक के भाई और भांजे घायल हो गए. दोनों ने आरोपी को मौके पर पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पांडेयपट्टी निवासी शुभम यादव के रूप में हुई है. पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया.
पार्क के बाहर खड़ी थी पल्सर बाइक
रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के सुरतापुर निवासी स्व. राजू कुमार का 19 वर्षीय पुत्र राजेश कुमार भारती छोटका नुआंव स्थित अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई करता है. वह पुलिया स्कूल में इंटर की अर्धवार्षिक परीक्षा दे रहा है. रविवार को वह अपने बड़े मामा उपेंद्र कुमार की पल्सर बाइक लेकर स्टेशन रोड स्थित कवलदह पार्क गया था. बाइक पार्क के बाहर खड़ी कर वह अंदर चला गया.
20 मिनट बाद गायब मिली बाइक
राजेश कुमार भारती करीब 20 से 25 मिनट बाद पार्क से बाहर आया, तो बाइक वहां नहीं थी. काफी खोजबीन के बाद भी बाइक का पता नहीं चला. इसके बाद बाइक मालिक उपेंद्र कुमार ने नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी. पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और बाइक ले जाने वाले आरोपी की पहचान की.

मठिया मोड़ पर चोरी की बाइक दिखी
राजेश कुमार भारती अपने छोटे मामा विपिन कुमार के साथ दूसरी बाइक से परीक्षा देने पुलिया स्कूल जा रहा था. इसी दौरान नई बाजार स्थित मठिया मोड़ के पास दोनों की नजर चोरी गयी पल्सर बाइक पर पड़ी. बाइक देखते ही विपिन कुमार ने अपनी बाइक बीच सड़क पर रोककर आरोपी को रुकने का इशारा किया.
टक्कर मारकर भागने की कोशिश
खुद को घिरता देख आरोपी ने बाइक रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और दोनों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में मामा और भांजे घायल हो गए. इसके बावजूद दोनों ने हिम्मत नहीं हारी. उन्होंने शोर मचाते हुए आरोपी को जमीन पर गिराकर पकड़ लिया. इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों की मदद से आरोपी को नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया.
पांडेयपट्टी में रह रहा था आरोपी
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी शुभम यादव ने बताया कि वह मूल रूप से सिमरी थाना क्षेत्र के डुमरी गांव निवासी संतोष यादव का पुत्र है. वह काफी समय से मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पांडेयपट्टी स्थित अपने मकान में रह रहा था.
न्यायिक हिरासत में भेजा गया
नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की सजगता से चोरी की बाइक बरामद कर ली गयी है. गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायालय के आदेश पर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
करगहर-सासाराम चौसा पथ पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, तीन युवक गंभीर रूप से घायल
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए