बिहार में 9 से 17 अगस्त तक मनेगा 'हर घर तिरंगा अभियान 2026', 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष की थीम पर होंगे भव्य आयोजन

Updated:
विज्ञापन

बिहार में 9 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान 2026 मनाया जाएगा। वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर भव्य आयोजन और तिरंगा यात्रा की पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें।

विज्ञापन

Buxar News : बिहार में 9 से 17 अगस्त 2026 तक 'हर घर तिरंगा अभियान 2026' का आयोजन व्यापक जनभागीदारी के साथ किया जायेगा. इस बार अभियान को 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूरे होने की थीम से जोड़ा गया है. मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, अभियान का उद्देश्य लोगों को अपने घर, कार्यालय और सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित कर देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है.

हर जिले को एक-एक लाख रुपये, 21.36 लाख झंडों का होगा वितरण

अभियान को सफल बनाने के लिए कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से सभी जिलों को कार्यक्रम आयोजन के लिए एक-एक लाख रुपये की राशि आवंटित की गयी है. प्रत्येक प्रखंड में कम से कम 4,000 झंडे उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है. इसके तहत पूरे राज्य में करीब 21.36 लाख झंडों की खरीद और वितरण किया जायेगा. प्रखंड स्तर पर झंडों के निर्माण और आपूर्ति की जिम्मेदारी जीविका के स्वयं सहायता समूहों को दी गयी है.

12 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा

मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को 12 अगस्त को जिला स्तर पर भव्य 'तिरंगा यात्रा' आयोजित कराने का निर्देश दिया है. इसमें समाज के सभी वर्गों, युवाओं और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया है. अभियान के दौरान लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना से जोड़ने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जायेंगी.

स्कूलों में होंगी प्रतियोगिताएं, 'सेल्फी विद तिरंगा' भी चलेगा

शिक्षण संस्थानों में तिरंगा और 'वंदे मातरम्' विषय पर प्रदर्शनियां, ऑनलाइन क्विज, रंगोली, सामूहिक गायन, चित्रकला और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की जायेंगी. कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में 'वंदे मातरम्' की थीम पर सेमिनार और संगोष्ठियां होंगी. वहीं 'सेल्फी विद तिरंगा' अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों और आम लोगों को अभियान से जोड़ा जायेगा.

पंचायतों में होंगे जागरूकता कार्यक्रम, बनेंगे झंडा बिक्री केंद्र

सभी ग्राम पंचायतों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से झंडोत्तोलन और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. ग्रामीणों की सुविधा के लिए पंचायत स्तर पर झंडों के क्रय-विक्रय केंद्र भी बनाये जायेंगे. आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम और आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से लोगों के बीच झंडों का वितरण कर हर घर पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जायेगा.

युवा संगठन निकालेंगे तिरंगा दौड़ और साइकिल रैली

स्पोर्ट्स एसोसिएशन, यूथ क्लब, एनसीसी, एनएसएस और स्काउट एंड गाइड के सहयोग से तिरंगा दौड़ और साइकिल रैलियां आयोजित की जायेंगी. इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को अभियान से जोड़ने की योजना है. झंडों के निर्माण और उपयोग में भारतीय ध्वज संहिता के नियमों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.

तिरंगे की रोशनी से जगमगाएंगे सरकारी भवन

नौ दिवसीय अभियान के दौरान राज्य के प्रमुख सरकारी भवनों को तिरंगे के तीन रंगों की रोशनी से सजाया जायेगा. आम नागरिकों और सरकारी कर्मचारियों से राष्ट्रीय ध्वज के साथ अपनी तस्वीरें आधिकारिक 'हर घर तिरंगा' पोर्टल पर अपलोड करने की अपील की गयी है. पोर्टल पर सेल्फी अपलोड करने पर 'वंदे मातरम्' के बोल तस्वीर के साथ प्रदर्शित होने की व्यवस्था की गयी है.

सोशल मीडिया के जरिए अभियान का होगा व्यापक प्रचार

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया है. सरकार का उद्देश्य है कि 'हर घर तिरंगा अभियान 2026' को राज्य के हर गांव और शहर तक पहुंचाया जाये और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो.


विज्ञापन
संतोष कांत

लेखक के बारे में

By संतोष कांत

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन