बक्सर में प्रभारी मंत्री नंद किशोर राम ने सहयोग शिविर का किया उद्घाटन, 128 आवेदनों पर हुई सुनवाई
Published by : Vikas Jha Updated At : 02 Jun 2026 9:36 PM
सहयोग शिविर का उद्घाटन करते प्रभारी मंत्री
Buxar News: डुमरांव के चिलहरी पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर का उद्घाटन प्रभारी मंत्री नंद किशोर राम ने किया. शिविर में ग्रामीणों से जुड़े 128 आवेदनों की सुनवाई हुई, जबकि 19 लोगों का आयुष्मान कार्ड मौके पर ही बनाया गया.
Buxar News (सुजीत कुमार ओझा की रिपोर्ट): राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और ग्रामीण समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से मंगलवार को डुमरांव प्रखंड की चिलहरी पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. मध्य विद्यालय परिसर में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को लेकर पहुंचे. शिविर का उद्घाटन जिला प्रभारी मंत्री नंद किशोर राम ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई, जिसके बाद विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आम लोगों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान की प्रक्रिया शुरू की. इस अवसर पर जिलाधिकारी सहिला, स्थानीय विधायक राहुल सिंह, एसडीएम राकेश कुमार और डीसीएलआर टेश लाल सिंह सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे. हालांकि शिविर का निर्धारित समय सुबह 10 बजे था, लेकिन प्रभारी मंत्री के विलंब से पहुंचने के कारण कार्यक्रम दोपहर बाद शुरू हो सका. बावजूद इसके, तेज धूप के बीच भी ग्रामीण अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद में डटे रहे. पंचायत की मुखिया विभा देवी की ओर से पेयजल, बैठने और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी.
कुल 128 आवेदन हुए प्राप्त
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे, जहां आम लोगों से कुल 128 आवेदन प्राप्त हुए. इनमें सर्वाधिक 32 आवेदन राजस्व विभाग से संबंधित थे, जबकि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, विशेषकर वृद्धावस्था पेंशन से जुड़े 13 मामले दर्ज किए गए. इसके अलावा राशन कार्ड से संबंधित 8 आवेदन भी प्राप्त हुए. स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित विशेष अभियान के तहत 19 लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड मौके पर ही बनाकर उपलब्ध कराया गया, जिससे ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुरक्षा योजना का लाभ लेने में काफी सुविधा मिली.
कई आला अधिकारी रहे मौजूद
ग्रामीण उमाकांत राय ने बताया कि सहयोग शिविर की घोषणा के बाद बिजली विभाग ने गांव के खराब पड़े ट्रांसफार्मर की तत्काल मरम्मत कर दी, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली है. उन्होंने कहा कि यदि मंत्री और प्रशासनिक अधिकारी नियमित रूप से गांवों में पहुंचकर समस्याएं सुनें तो विकास कार्यों में तेजी आएगी और आम लोगों की परेशानियां कम होंगी. इस शिविर में बीडीओ संदीप कुमार पांडेय, पुलिस अधीक्षक शुभम आर्या, सीओ कुमार दिनेश, नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार, विद्युत विभाग के एसडीओ राकेश कुमार, मनरेगा पदाधिकारी मुकेश कुमार, सत्यप्रकाश तथा कल्याण पदाधिकारी पिंकी कुमारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे.
Also Read: केसठ सहयोग शिविर में 78 लोगों ने दिए आवेदन, राजस्व विभाग से जुड़े मामले रहे सबसे ज्यादा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










