बक्सर में घर पर खड़ी थी बोलेरो, 156 किमी दूर गोपालगंज में कट गया ₹2500 का चालान

ए आई द्वारा बनायी गयी तस्वीर
Buxar News: बक्सर के अरक गांव में एक अनोखा मामला प्रकाश में आया है, जहाँ घर के बाहर खड़ी एक बोलेरो का 156 किलोमीटर दूर गोपालगंज में चालान काट दिया गया. पीड़ित वाहन मालिक ने इसे नंबर प्लेट का दुरुपयोग या तकनीकी गलती बताते हुए न्याय की मांग की है. मामले की जांच अब जिला परिवहन कार्यालय के स्तर से होने की उम्मीद है.
Buxar News(सुजीत कुमार ओझा): बक्सर जिले के चक्की प्रखंड अंतर्गत अरक गांव में तकनीक और व्यवस्था की बड़ी चूक का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहाँ एक युवक की बोलेरो गाड़ी उसके घर के दरवाजे पर खड़ी थी, जबकि उसका ई-चालान 156 किलोमीटर दूर गोपालगंज जिले में काट दिया गया. इस घटना के बाद से वाहन मालिक और उसका परिवार काफी परेशान है.
आधी रात को आया चालान का मैसेज
पीड़ित युवक राकेश कुमार के अनुसार, उसकी बोलेरो गाड़ी पिछले कई दिनों से घर से बाहर नहीं निकली थी. गुरुवार की मध्यरात्रि अचानक उसके मोबाइल पर एक मैसेज आया, जिसमें बताया गया कि गोपालगंज जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन के लिए उसकी गाड़ी पर 2500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है. अचानक आए इस संदेश को देखकर परिवार के सभी लोग दंग रह गए.
नंबर प्लेट के दुरुपयोग की आशंका
राकेश कुमार का कहना है कि जब गाड़ी घर से बाहर गई ही नहीं, तो इतनी दूर चालान कटना समझ से परे है. उन्हें दो प्रमुख बातों की आशंका है पहली ये कि हो सकता है किसी अन्य वाहन चालक ने उनकी गाड़ी की नंबर प्लेट का गलत तरीके से इस्तेमाल किया हो. दूसरी ये कि परिवहन विभाग के सिस्टम में किसी तकनीकी गड़बड़ी के कारण गलत चालान जारी हो गया हो.
पुलिस और परिवहन विभाग की शरण में पीड़ित
शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे राकेश इस समस्या को लेकर कृष्णाब्रह्म थाना पहुँचे. थाना पुलिस ने प्रारंभिक जानकारी सुनने के बाद उन्हें मामले की आधिकारिक शिकायत और समाधान के लिए जिला परिवहन कार्यालय (DTO) जाने की सलाह दी है. अब युवक न्याय की गुहार लगाने के लिए परिवहन विभाग का दरवाजा खटखटाने की तैयारी कर रहा है.
व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
इस घटना ने जिले के अन्य वाहन मालिकों के बीच भी चिंता बढ़ा दी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि घर पर सुरक्षित खड़े वाहनों के भी दूसरे जिलों में चालान कटने लगेंगे, तो यह डिजिटल व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवालिया निशान है.
Also Read: NEET पेपर लीक और महंगाई पर भड़की कांग्रेस, सीवान के जेपी चौक पर फूंका प्रधानमंत्री का पुतला
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










