बक्सर में 20 साल पुराने विवाद में हत्या, घर के दरवाजे पर युवक को घेरकर बरसाईं गोलियां

सांकेतिक तस्वीर
बक्सर जिले में 20 साल पुराने जमीन विवाद की खौफनाक वारदात सामने आई है। घर लौट रहे युवक को उसके दरवाजे पर घेरकर हमलावरों ने गोलियों से छलनी कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
Buxar Crime News : बक्सर जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के लालगंज गांव में 17 जुलाई की रात हुई गोलीबारी मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. पीएमसीएच, पटना में इलाजरत घायल युवक अनूप कुमार उर्फ सोनू के फर्द बयान में सामने आया है कि यह हमला 15 से 20 साल पुराने जमीन विवाद की रंजिश का नतीजा था. घायल ने गांव के पांच लोगों पर घर के दरवाजे पर घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने घायल का बयान दर्ज कर लिया है और अब नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
Buxar News : PMCH पहुंचकर पुलिस ने दर्ज किया फर्द बयान
घटना के अगले दिन 18 जुलाई को मुफ्फसिल थाना पुलिस पटना स्थित पीएमसीएच पहुंची, जहां इलाजरत घायल अनूप कुमार उर्फ सोनू का फर्द बयान दर्ज किया गया. इस दौरान पुलिस ने चिकित्सकों से घायल की स्वास्थ्य स्थिति की भी जानकारी ली. डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत फिलहाल स्थिर है और वह खतरे से बाहर है.
थानाध्यक्ष शंभु भगत ने बताया कि घायल का फर्द बयान दर्ज कर लिया गया है. हालांकि रविवार देर शाम तक बयान की प्रति थाना नहीं पहुंचने के कारण प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी थी. प्रति मिलते ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
सब्जी लेकर घर लौटते समय दरवाजे पर घेरकर की फायरिंग
घायल युवक ने पुलिस को बताया कि 17 जुलाई की रात वह बाजार से सब्जी खरीदकर अपने घर लौट रहा था. जैसे ही वह अपने दरवाजे के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने उसे घेर लिया. इसके बाद आरोपियों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए.
पांच लोगों को बनाया नामजद आरोपी
फर्द बयान में घायल ने गांव के ही लालन यादव, बबन यादव, मदन यादव, राकेश यादव और सोनू यादव को इस जानलेवा हमले का जिम्मेदार ठहराया है. पुलिस अब सभी आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.
20 साल पुराने जमीन विवाद का बदला
घायल युवक ने अपने बयान में बताया कि दोनों पक्षों के बीच लगभग 15 से 20 वर्ष पहले जमीन को लेकर विवाद हुआ था. उस समय मारपीट भी हुई थी. उसी पुराने विवाद की रंजिश में आरोपी बदला लेने की फिराक में थे. मौका मिलते ही उन्होंने इस जानलेवा हमले को अंजाम दिया.
एसडीपीओ ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
घटना के बाद सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) गौरव पांडेय स्वयं लालगंज गांव पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. उन्होंने स्थानीय लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए. पुलिस आसपास के इलाकों में भी जानकारी एकत्र कर रही है.
आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी
एसडीपीओ ने बताया कि नामजद सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा. वहीं घायल युवक का इलाज पीएमसीएच में जारी है और चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत पहले से बेहतर है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










