बक्सर प्रशासन कई हादसों के बाद भी नहीं संभला, जर्जर पुल पर बेखौफ दौड़ रही वाहन

Updated:
विज्ञापन
फोटो डुमरांव राजवाहा नहर पर भाठ्ठा पुल का टूटा रेलिंग | Prabhat Khabar Network

फोटो डुमरांव राजवाहा नहर पर भाठ्ठा पुल का टूटा रेलिंग | Prabhat Khabar Network

डुमरांव राजवाहा नहर पर स्थित भाठ्ठा पुल की रेलिंग टूटने से राहगीरों और वाहन चालकों की जान जोखिम में है। प्रशासन की अनदेखी से कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा।

विज्ञापन

Buxar News : बक्सर जिले के केसठ प्रखंड में डुमरांव राजवाहा मार्ग पर स्थित भाठ्ठा पुल बदहाल स्थिति में पहुंच गया है. अंग्रेजों के समय बने इस पुल की रेलिंग पूरी तरह टूट चुकी है, जिससे यहां से गुजरने वाले सैकड़ों वाहन चालकों और राहगीरों की जान हर दिन जोखिम में बनी रहती है.

टूटी रेलिंग बनी बड़ी परेशानी

पुल की रेलिंग टूट जाने के कारण दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है. सबसे अधिक परेशानी तब होती है, जब दोनों ओर से एक साथ वाहन पुल पर पहुंच जाते हैं. ऐसे समय में वाहन चालकों और यात्रियों की धड़कनें तेज हो जाती हैं.

तीखा मोड़ और चेतावनी बोर्ड का अभाव

पुल के दोनों ओर नहर के पास तीखे मोड़ हैं, लेकिन यहां किसी प्रकार का चेतावनी या सचेतक बोर्ड नहीं लगाया गया है. स्थानीय लोगों के अनुसार इसी वजह से पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, बावजूद इसके संबंधित विभाग ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है.

नहर में गिरने का बना रहता है खतरा

समाजसेवी पप्पू यादव और पिंटू दुबे ने बताया कि पुल पूरी तरह रेलिंग विहीन हो चुका है, जबकि इसके नीचे गहरी नहर बहती है. यदि किसी वाहन का थोड़ा भी संतुलन बिगड़ा तो वह सीधे नहर में गिर सकता है. ऐसे में यह पुल लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है.

रोजाना सैकड़ों लोग करते हैं आवागमन

इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन और राहगीर गुजरते हैं. इसके बावजूद विभाग और प्रशासन की ओर से पुल की मरम्मत या सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई पहल नहीं की गई है.

ग्रामीणों ने मरम्मत की उठाई मांग

ग्रामीणों का कहना है कि पुल की मरम्मत, नई रेलिंग के निर्माण और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग कई बार संबंधित विभागीय अधिकारियों से की गई है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है. लोगों ने जल्द से जल्द पुल की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि संभावित हादसों को रोका जा सके.


विज्ञापन
Girish Divedi

लेखक के बारे में

By Girish Divedi

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन