बक्सर में ड्रग्स माफिया पर प्रहार, गोपाल डेरा से करोड़ों की ब्राउन शुगर बरामद, पांच गिरफ्तार

भोजपुर थाना | Prabhat Khabar Network
भोजपुर के गोपाल डेरा में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक करोड़ की ब्राउन शुगर के साथ पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। एक चार पहिया वाहन भी जब्त किया गया।
Buxar News : बक्सर जिले के डुमरांव अनुमंडल अंतर्गत भोजपुर थाना क्षेत्र के गोपाल डेरा में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद की है. इस दौरान पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक चार पहिया वाहन भी जब्त किया गया है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से अभी नहीं की गई है.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
सूत्रों के अनुसार पुलिस को गोपाल डेरा इलाके में मादक पदार्थों की तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर भोजपुर थाना पुलिस ने विशेष टीम के साथ छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान पांच संदिग्धों को मौके से गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद की गई. पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जाने की आशंका पर एक चार पहिया वाहन भी जब्त किया है.
कार्रवाई से इलाके में मचा हड़कंप
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए. पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया और बरामद सामान को जब्त कर थाने ले गई.
पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
गिरफ्तार आरोपितों से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि ब्राउन शुगर की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था. पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने का प्रयास कर रही है.
एएसपी करेंगे आधिकारिक खुलासा
मामले की विस्तृत जानकारी डुमरांव के एएसपी द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में साझा की जाएगी. प्रेस वार्ता में बरामद ब्राउन शुगर की वास्तविक मात्रा, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान, वाहन की जानकारी तथा कार्रवाई से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










