सीएम सम्राट चौधरी के कार्यक्रम स्थल से 1 किमी दूर महिला का मिला शव, संपत्ति विवाद में हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

Updated:
विज्ञापन
जांच करती पुलिस | Prabhat Khabar Network

जांच करती पुलिस | Prabhat Khabar Network

बिहारशरीफ में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यक्रम स्थल से कुछ ही दूरी पर एक महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया. प्रारंभिक जांच में संपत्ति विवाद को हत्या का कारण माना जा रहा है. पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है.

विज्ञापन

बिहारशरीफ में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यक्रम स्थल से महज एक किलोमीटर की दूरी पर सोमवार को एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई. दीपनगर थाना क्षेत्र के राणा बिगहा मोड़ के पास मिली महिला की पहचान गिरियक थाना क्षेत्र के कोयरी बीघा गांव निवासी लाक्षों देवी के रूप में हुई है.

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने संपत्ति विवाद को हत्या की संभावित वजह माना है, हालांकि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है.

पुलिस के अनुसार, महिला के शरीर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं और प्रारंभिक जांच में पीठ पर धारदार हथियार से वार किए जाने की बात सामने आई है, जबकि परिजनों का आरोप है कि महिला की गोली मारकर हत्या की गई है. मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही हो सकेगी.

खेत में भिंडी तोड़ने गई थीं महिला, काफी देर तक नहीं लौटने पर हुई खोजबीन

पति मुद्रिका प्रसाद ने बताया कि सोमवार सुबह उनकी पत्नी खेत में भिंडी तोड़ने गई थीं. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर उन्होंने कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला.

दोपहर में सूचना मिली कि राणा बिगहा मोड़ के पास एक महिला का शव पड़ा है. मौके पर पहुंचने पर शव की पहचान उनकी पत्नी के रूप में हुई.

परिजनों का आरोप है कि मायके की जमीन और संपत्ति के बंटवारे को लेकर पिछले छह महीने से लाक्षों देवी का अपने साढ़ू और अन्य रिश्तेदारों से विवाद चल रहा था. उनका संदेह है कि इसी रंजिश में हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है.

पुलिस और एफएसएल टीम ने की जांच, डीएसपी ने लिया जायजा

सूचना मिलते ही दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए.

डीएसपी सदर-1 अमरनाथ ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की निगरानी की. थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया जमीन और संपत्ति से जुड़े विवाद की बात सामने आई है, लेकिन जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा.

परिजनों से आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

अखंड कीर्तन के बीच गांव में छाया मातम, संपत्ति को लेकर चल रहा था विवाद

बताया जा रहा है कि मृतका तीन बहनों में एक थीं और मायके की संपत्ति को लेकर बहनों के बीच भी लंबे समय से विवाद चल रहा था. घटना के समय राणा बिगहा गांव में अखंड कीर्तन का आयोजन चल रहा था.

हत्या की सूचना मिलते ही पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया और धार्मिक कार्यक्रम सादगी के साथ संपन्न कराया गया. पुलिस मामले की सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है.

Also Read : सीएम सम्राट चौधरी ने नालंदा डेयरी को दी 26 करोड़ की सौगात, दही-लस्सी प्लांट समेत कई योजनाओं का किया शिलान्यास


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन