राजगीर ग्रिड से बिजली आपूर्ति की मांग पर बवाल, जेई और लाइनमैन से मारपीट, FIR दर्ज

Updated:
विज्ञापन
नवादा: बिजली विवाद में जेई-लाइनमैन पर हमला, FIR दर्ज

सांकेतिक तस्वीर

नवादा के हड़िया गांव में बिजली आपूर्ति को लेकर ग्रामीणों और बिजली विभाग की टीम के बीच हिंसक झड़प हुई. इस घटना में जेई नवीन कुमार और एक लाइनकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद पुलिस ने FIR दर्ज की है.

विज्ञापन

नवादा जिले के नारदीगंज प्रखंड अंतर्गत हड़िया गांव में बिजली आपूर्ति को लेकर शनिवार को विवाद हिंसक रूप ले लिया. ग्रामीणों की भीड़ ने बिजली विभाग की टीम पर हमला कर दिया, जिसमें नारदीगंज के कनीय विद्युत अभियंता (जेई) नवीन कुमार और एक लाइनकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए.

दोनों घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया जा रहा है. घटना के बाद पुलिस ने करीब आधा दर्जन आरोपितों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

ओवरलोडिंग के कारण बदला गया था ग्रिड

मामले की जानकारी देते हुए नालंदा-नवादा के विद्युत अधीक्षण अभियंता मनीष कांत ने बताया कि हड़िया सहित नारदीगंज प्रखंड के कुछ गांवों को पूर्व में राजगीर ग्रिड से बिजली की आपूर्ति की जाती थी. हालांकि, राजगीर क्षेत्र में लगातार बढ़ते विद्युत भार (ओवरलोडिंग) के कारण चार पंचायतों की आपूर्ति बदलकर नारदीगंज विद्युत शक्ति उपकेंद्र से कर दी गई थी.

विभाग द्वारा निर्बाध व बेहतर बिजली उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नारदीगंज उपकेंद्र की क्षमता बढ़ाई गई है और तारों के सुदृढ़ीकरण का कार्य भी पिछले कुछ दिनों से जारी है.

तकनीकी कारणों से मना करने पर भड़के ग्रामीण

शनिवार को जब बिजली विभाग की टीम मेंटनेंस और सुधार कार्य कर रही थी, तभी कुछ ग्रामीणों ने पुरानी व्यवस्था के तहत राजगीर ग्रिड से ही बिजली आपूर्ति बहाल करने की जिद पकड़ी. अधिकारियों ने उन्हें समझाया कि राजगीर ग्रिड पहले से ही ओवरलोड है, जिस वजह से वहां से दोबारा आपूर्ति देना तकनीकी रूप से संभव नहीं है.

इसी बात से उग्र होकर भीड़ में शामिल कुछ दबंगों ने जेई नवीन कुमार और लाइनमैन पर हमला कर दिया और उनके साथ जमकर मारपीट की.

दोषियों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई

विद्युत अधीक्षण अभियंता ने इस हिंसक घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और कर्मियों पर हमला करने वाले दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

उन्होंने आम जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए स्पष्ट किया कि ओवरलोडिंग की समस्या से निपटने और सुचारु बिजली देने के लिए ही तकनीकी बदलाव किए जा रहे हैं.

Also Read : गया जी : नीट पेपर लीक के विरोध में जीटी रोड पर छात्रों का प्रदर्शन, लगा लंबा जाम


विज्ञापन
Ramvilas Prasad

लेखक के बारे में

By Ramvilas Prasad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन