गया जी : नीट पेपर लीक के विरोध में जीटी रोड पर छात्रों का प्रदर्शन, लगा लंबा जाम

Updated:
विज्ञापन

सडक पर प्रदर्शन करते छात्र | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

छात्र संगठनों आइसा और RYA ने नीट पेपर लीक व पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में गया के डोभी में जी.टी. रोड जाम कर प्रदर्शन किया. युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप लगाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की गई.

विज्ञापन

छात्र संगठन ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) और राष्ट्रीय युवा आंदोलन (RYA) के संयुक्त आह्वान पर शुक्रवार को सैकड़ों विद्यार्थियों ने गया जी के डोभी में जी.टी. रोड पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया.

विज्ञापन

छात्रों ने घंटों तक मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया और केंद्र सरकार व शिक्षा मंत्रालय के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारी छात्र केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे, नीट (NEET) पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे.

युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ का लगाया आरोप

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि देश में लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं, जिससे लाखों मेधावी युवाओं का भविष्य पूरी तरह से अंधकारमय होता जा रहा है.

छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि बीते दिनों अपनी वाजिब मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे निर्दोष छात्रों पर पुलिस द्वारा किया गया लाठीचार्ज अत्यंत निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है.

प्रदर्शन में मौजूद छात्रों ने स्पष्ट किया कि युवाओं के लोकतांत्रिक अधिकारों पर किसी भी तरह का हमला कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने संपूर्ण शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने और परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार करने की मांग की.

घंटों ठप रहा यातायात, यात्रियों को हुई परेशानी

प्रदर्शन के कारण जी.टी. रोड पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और घंटों तक यातायात पूरी तरह ठप रहा. इससे आम यात्रियों, राहगीरों और स्थानीय व्यापारियों को काफी फजीहत झेलनी पड़ी.

आंदोलन के संयोजकों ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलता और उनकी सभी जायज मांगें पूरी नहीं की जातीं, तब तक उनका यह आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा.

पुलिस-प्रशासन ने समझा-बुझाकर खुलवाया जाम

मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल मुस्तैद रही. स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी और प्रदर्शनकारी छात्र नेताओं के साथ वार्ता कर किसी तरह समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया, जिसके बाद सड़क से जाम हटाया जा सका. प्रदर्शन के दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है.

Also Read : गया जी में छात्रों के प्रदर्शन से यातायात प्रभावित, सड़क पर उतरे SSP और SP, बिहार बंद का दिखा असर


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन