पिता ने लिये थे 27 लाख, पैसे वापस लेने को रचा इंस्टाग्राम हनीट्रैप; बेटे को गया जी बुलाकर कर लिया अगवा
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
गया जी पुलिस ने बांका के युवक सावन कुमार के अपहरण का 24 घंटे में खुलासा करते हुए उसे कुजापी सब्जी मंडी से सकुशल बरामद कर लिया. नौकरी के नाम पर सावन के पिता द्वारा लिए गए 27 लाख रुपये वसूलने के लिए शिवानी नाम की महिला ने इंस्टाग्राम के जरिए उसे हनीट्रैप कर गया बुलाया था. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला शिवानी, उसके पति विकास और साथी पवन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है.
Gaya Instagram Kidnap Case : गया जी पुलिस ने बांका जिले के एक युवक के अपहरण का महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है. यह कोई सामान्य किडनैपिंग नहीं, बल्कि नौकरी के नाम पर ठगे गये 27 लाख रुपये वसूलने के लिए रची गयी एक सोची-समझी साजिश थी. आरोपियों ने इंस्टाग्राम के जरिये युवक को हनीट्रैप कर गया जी बुलाया और बंधक बना लिया.
सिटी एसपी के नेतृत्व में विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत युवक को कुजापी सब्जी मंडी से सकुशल बरामद कर लिया. इस मामले में पुलिस ने हनीट्रैप करने वाली महिला शिवानी, उसके पति विकास और एक अन्य साथी पवन कुमार को गिरफ्तार किया है.
नौकरी के नाम पर 27 लाख की ठगी और इंस्टाग्राम पर हनीट्रैप
मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीएसपी-2 धर्मेंद्र भारती ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में नौकरी के नाम पर ठगी की बात सामने आयी है. अपहृत सावन कुमार (निवासी दलिया, बौंसी, बांका) के पिता धनंजय कुमार सिन्हा ने आरोपित पक्ष को नौकरी दिलाने के नाम पर 27 लाख रुपये लिये थे.
इसी रकम की वापसी के लिए अपहरण की साजिश रची गयी. शिवानी कुमारी ने इंस्टाग्राम के जरिये सावन से दोस्ती की और उसे मिलने के बहाने गया बुलाया. सोमवार को चंदौती मोड़ के पास सावन के पहुंचते ही आरोपितों ने उसे बंधक बना लिया और परिजनों को फोन कर 27 लाख रुपये की मांग की.
मां की शिकायत पर विशेष टीम गठित, कुजापी मंडी में छापेमारी
इससे पहले सात सितंबर को सावन की मां शोभा कुमारी ने रामपुर थाने में बेटे की गुमशुदगी और 27 लाख की फिरौती मांगे जाने की लिखित शिकायत दर्ज करायी थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी सुशील कुमार के निर्देश पर सिटी एसपी अभिनव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गयी.
Also Read : गया जी : मानपुर में बिजली मेंटेनेंस, 6 सितंबर को 11 से 5 बजे तक इन इलाकों में बंद रहेगी सप्लाई
इस टीम में रामपुर थानाध्यक्ष और तकनीकी शाखा के अधिकारियों को शामिल किया गया. तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ने कुजापी सब्जी मंडी में छापेमारी की.
अपहृत सावन सकुशल बरामद, शिवानी समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
वहां से सावन को सकुशल बरामद कर लिया गया और मौके से महिला शिवानी कुमारी को दबोच लिया गया. पूछताछ के बाद शिवानी की निशानदेही पर उसके पति विकास कुमार और साथी पवन कुमार (निवासी भलुआही खरखुरा, डेल्हा) को जेल रोड से गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए