गया जी : मां-भाई के साथ ट्रेन में सफर कर रहा था जेएपी जवान, अचानक हुआ लापता; कुछ घंटे बाद ट्रैक किनारे मिला शव

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

झारखंड संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में सफर कर रहा एक जेएपी जवान अचानक लापता हो गया. कुछ घंटे बाद पहाड़पुर-गुरपा स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई. शव पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं.

विज्ञापन

गया-कोडरमा रेलखंड के पहाड़पुर-गुरपा स्टेशन के बीच मंगलवार की सुबह रेलवे ट्रैक के किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. आरपीएफ कोडरमा एवं स्थानीय पुलिस की जांच के बाद मृतक की पहचान मिथिलेश शर्मा (26) के रूप में हुई है.

विज्ञापन

वह कोडरमा जिले के तिलैया बस्ती निवासी स्वर्गीय महादेव शर्मा का पुत्र था तथा झारखंड आर्म्ड पुलिस (जेएपी), पदमा (हजारीबाग) में पदस्थापित था.

झारखंड संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से यात्रा के दौरान लापता हुआ था जवान

जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह करीब 7.20 बजे रेल मदद के माध्यम से आरपीएफ को सूचना मिली कि गाड़ी संख्या 12825 रांची-आनंद विहार झारखंड संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से यात्रा कर रहा एक युवक वंशी नाला हॉल्ट के आसपास से लापता है.

शिकायतकर्ता पिंटू ठाकुर ने बताया था कि उनका साला मिथिलेश शर्मा अपनी मां और भाई के साथ कोडरमा से आनंद विहार तक उक्त ट्रेन के एस-3 कोच में बर्थ संख्या 48, 50 और 51 पर यात्रा कर रहा था.

पहाड़पुर-गुरपा के पास मिला शव

इसी दौरान पहाड़पुर के स्टेशन मास्टर से आरपीएफ को सूचना मिली कि पहाड़पुर-गुरपा के बीच किलोमीटर संख्या 432/02 के पास रेलवे ट्रैक के किनारे एक युवक का शव पड़ा हुआ है.

सूचना मिलते ही गुरपा ओपी के पुलिस पदाधिकारी जितेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय फतेहपुर थाना पुलिस से भी संपर्क किया. मौके पर किलोमीटर संख्या 432/04-02 के पास डाउन लाइन के किनारे एक पुरुष का शव पड़ा मिला.

युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे, जबकि दोनों पैरों में भी गहरे जख्म पाए गये. आरपीएफ द्वारा शव की तस्वीर शिकायतकर्ता पिंटू ठाकुर को भेजी गयी. तस्वीर देखकर उन्होंने शव की पहचान मिथिलेश शर्मा के रूप में की.

फतेहपुर पुलिस ने शव को लिया कब्जे में

इसके बाद मामले की जानकारी रेल प्रशासन को दी गयी. करीब 9 बजे फतेहपुर थाना के एसआइ संदीप कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे.

पुलिस ने शव की तलाशी ली, लेकिन पहने हुए कपड़ों के अलावा कोई अन्य सामान नहीं मिला. मौके से रेलवे यात्रा टिकट भी बरामद नहीं हुआ. आवश्यक कार्रवाई के बाद पुलिस करीब 9.50 बजे शव को अपने साथ ले गयी.

दो ट्रेनों के गुजरने के समय की जांच

आरपीएफ की छानबीन में सामने आया कि ट्रेन संख्या 12825 अप मंगलवार की सुबह गुरपा स्टेशन से करीब 5.13 बजे और पहाड़पुर स्टेशन से 5.19 बजे गुजरी थी. वहीं डाउन लाइन से ट्रेन संख्या 12358 डाउन करीब 5.40 बजे गुरपा स्टेशन से होकर गुजरी.

Also Read : गया जी के युवक और उसके जीजा की दिल्ली में सिलेंडर ब्लास्ट से मौत, शव घर पहुंचते ही बिलख उठा पूरा परिवार

युवक की मौत इन ट्रेनों में से किसी की चपेट में आने अथवा ट्रेन से गिरने के कारण हुई या किसी अन्य कारण से, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. घटना के बाद मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गयी है. जेएपी जवान मिथिलेश शर्मा की मौत की खबर से परिजनों में मातम का माहौल है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन