राजगीर को एक और सौगात देने की तैयारी, 5000 स्टूडेंट्स की क्षमता वाला नालंदा का पहला परीक्षा भवन बनेगा
राजगीर में प्रस्तवित परीक्षा भवन की तस्वीर | Prabhat Khabar Network
राजगीर जल्द ही नालंदा जिले के पहले आधुनिक परीक्षा भवन का गवाह बनेगा, जिसमें 5000 छात्र एक साथ परीक्षा दे सकेंगे. यह पांच मंजिला भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा और क्षेत्र में शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा.
Rajgir Development Plan : राजगीर को एक और सौगात देने की तैयारी है. यहां नालंदा जिले का पहला परीक्षा भवन बनाने की कवायद तेज हो गई है. इसके लिए अपर समाहर्ता राजीव रंजन कुमार सिन्हा, जिला शिक्षा पदाधिकारी हेमचंद्र एवं अंचल पदाधिकारी कौशिल्या कुमारी ने आरडीएच सीनियर सेकेंडरी स्कूल के खेल मैदान का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान खेल मैदान के अस्तित्व को भी ख्याल रखा गया है.
प्रस्तावित परीक्षा भवन करीब डेढ़ एकड़ क्षेत्रफल में बनाया जाएगा. पांच मंजिला इस भवन में एक साथ करीब पांच हजार विद्यार्थी परीक्षा दे सकेंगे. परीक्षा भवन के निर्माण से राजगीर को शैक्षणिक गतिविधियों के लिए एक बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है.
बिहारशरीफ-नालंदा की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता द्वारा परीक्षा भवन के लिए चिन्हित जमीन की पैमाइश कराने का निर्देश अंचलाधिकारी को दिया गया है. बताया गया कि शिक्षा विभाग की ओर से आवश्यक रिक्वायरमेंट प्राप्त होने के बाद जमीन की विधिवत पैमाइश कर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. अधिकारियों ने प्रस्तावित स्थल की उपलब्धता, क्षेत्रफल और भवन निर्माण की संभावनाओं का जायजा लिया. परीक्षा भवन के निर्माण के लिए प्रशासनिक एवं विभागीय स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की दिशा में काम शुरू कर दिया गया है.
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा परीक्षा भवन
प्रस्तावित पांच मंजिला परीक्षा भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा. ध्यान में रखकर विकसित किया जाएगा. प्रत्येक तल पर एक हजार परीक्षार्थियों के बैठने के लिए विशाल परीक्षा हॉल होगा. सुरक्षा के लिहाज से पूरे भवन में सीसीटीवी निगरानी और हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था रहेगी. परीक्षार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त संख्या में शौचालय, वेटिंग एरिया एवं लिफ्ट की सुविधा होगी. भवन में पर्याप्त रोशनी और बेहतर वेंटिलेशन की व्यवस्था के साथ पावर बैकअप भी उपलब्ध रहेगा, ताकि बिजली बाधित होने पर परीक्षा प्रभावित न हो.
दिव्यांग परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए रैंप सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी. साथ ही भवन को पर्यावरण के अनुकूल, ऊर्जा दक्ष और आधुनिक डिजाइन के अनुरूप तैयार करने किया जायेगा.
आरडीएच प्लस टू स्कूल को मॉडल स्कूल बनाने की तैयारी
परीक्षा भवन निर्माण के साथ ही आरडीएच प्लस टू स्कूल को जिले का मॉडल स्कूल बनाने की कवायद भी शुरू हो गई है. विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक माहौल, आधारभूत सुविधाओं और विद्यार्थियों के लिए आधुनिक संसाधनों के विकास की दिशा में पहल की जा रही है. मॉडल स्कूल के रूप में विकसित होने के बाद इस विद्यालय की शैक्षणिक पहचान और मजबूत होने की उम्मीद है.
प्रतियोगी परीक्षाओं का भी बन सकता है केंद्र
जानकारों के अनुसार राजगीर में अत्याधुनिक परीक्षा भवन बनने के बाद यहां विद्यालय और महाविद्यालय स्तर की परीक्षाओं के केंद्र बनाए जाने की सुविधा बढ़ेगी. इसके अलावा राज्य स्तर पर आयोजित होने वाली विभिन्न प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी राजगीर को परीक्षा केंद्र के रूप में विकसित किए जाने की संभावनाएं बढ़ सकती हैं. इससे विद्यार्थियों को परीक्षा देने के लिए दूर-दराज के शहरों में जाने की परेशानी कम होगी. इतना ही नहीं अभी मैट्रिक, इंटरमीडिएट, स्नातक एवं अन्य परीक्षाओं के परीक्षा केंद्र बनाये जाने से संबंधित विद्यालय में अध्ययन और अध्यापन का काम पूरी तरह ठप हो जाता है. लेकिन जब परीक्षा भवन बन जायेगा तब परीक्षा भी होगी और सभी विद्यालयों में पढ़ाई भी साथ चलेगी.
परीक्षा भवन बनने का सीधा असर राजगीर की स्थानीय अर्थव्यवस्था पर भी पड़ने की संभावना है. बाहर से परीक्षा देने आने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की संख्या बढ़ने पर होटल, धर्मशाला, रेस्टोरेंट, ई-रिक्शा, परिवहन तथा अन्य छोटे-बड़े कारोबार से जुड़े लोगों को रोजगार और व्यवसाय के अतिरिक्त अवसर मिल सकते हैं. पर्यटन नगरी राजगीर में परीक्षा गतिविधियों के बढ़ने से शिक्षा और पर्यटन, दोनों क्षेत्रों को एक साथ गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.
यह भी पढ़ें : PPU में तीसरी मेरिट लिस्ट के बाद भी आधी से ज्यादा सीटें खाली, दूर के कॉलेजों के आवंटन से हजारों छात्र नामांकन से बाहर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










