राजगीर नवोदय विद्यालय में छात्रों का विरोध खत्म, डीएम-एसपी की पहल से दो दिन बाद सामान्य हुई शैक्षणिक गतिविधियां

Updated:
विज्ञापन
फोटो - राजगीर के पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय का मुख्य प्रवेश द्वार | Prabhat Khabar Network

राजगीर के पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय का मुख्य प्रवेश द्वार | Prabhat Khabar Network

पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, राजगीर में पिछले दो दिनों से चल रहा छात्रों का विरोध जिला पदाधिकारी उदिता सिंह, पुलिस अधीक्षक भारत सोनी और विद्यालय प्रबंधन के साथ हुई सफल वार्ता के बाद समाप्त हो गया है. बुधवार को विद्यालय में पूरी तरह सामान्य माहौल लौट आया और छात्रों ने नियमित कक्षाओं में भाग लिया.

विज्ञापन

पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, राजगीर में पिछले दो दिनों से चल रहा छात्रों का विरोध प्रशासन और विद्यालय प्रबंधन की पहल के बाद पूरी तरह समाप्त हो गया है.

डीएम उदिता सिंह एवं पुलिस अधीक्षक भारत सोनी की सक्रिय पहल, नवोदय विद्यालय समिति पटना संभाग के सहायक उपायुक्त आर.के. चौधरी तथा विद्यालय के प्राचार्य विनीत कुमार शुक्ला द्वारा छात्रों के साथ की गई विस्तृत वार्ता के बाद यह गतिरोध खत्म हुआ.

बुधवार को विद्यालय का माहौल पूरी तरह सामान्य नजर आया. सभी वरिष्ठ विद्यार्थियों ने भोजनालय में सामूहिक रूप से नाश्ता और दोपहर का भोजन किया. इसके साथ ही, उन्होंने पूर्व की भांति नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित होकर शैक्षणिक गतिविधियों में हिस्सा लिया. विद्यालय परिसर में सामान्य व्यवस्था बहाल होने पर छात्रों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने राहत की सांस ली है.

छात्रों की जायज मांगों पर गंभीरता से हुआ विचार

विद्यालय के प्राचार्य विनीत कुमार शुक्ला ने बताया कि छात्रों की जायज मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए उनका समाधान कर दिया गया है.

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और नवोदय विद्यालय समिति के अधिकारियों ने विद्यार्थियों की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना तथा सकारात्मक पहल करते हुए आवश्यक निर्णय लिए. इससे छात्रों का विश्वास बहाल हुआ और उन्होंने अपना विरोध समाप्त कर दिया.

समयबद्ध समाधान

प्राचार्य ने कहा कि विद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी उनकी शैक्षणिक, आवासीय एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा.

उन्होंने सभी विद्यार्थियों से अनुशासन बनाए रखते हुए पूरी लगन के साथ अध्ययन करने की अपील की है. विद्यालय में सामान्य शैक्षणिक गतिविधियां पुनः शुरू होने से आगामी परीक्षाओं और नियमित पढ़ाई पर भी बेहद सकारात्मक प्रभाव पड़ने की उम्मीद जताई जा रही है.

Also Read : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का राकेश कुमार सिंह ने किया स्वागत


विज्ञापन
Ramvilas Prasad

लेखक के बारे में

By Ramvilas Prasad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन