नालंदा : बाबा सिद्धनाथ धाम में आज से श्रावणी मेला शुरू, सुरक्षा से लेकर पेयजल तक सभी इंतजाम पूरे

Updated:
विज्ञापन

राजगीर श्रावणी मेला क्षेत्र में लगाई गयी दुकानें | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

राजगीर में गुरुवार से शुरू हो रहे श्रावणी मेले को लेकर बाबा सिद्धनाथ धाम और पूरे मेला क्षेत्र को आकर्षक ढंग से सजाया गया है. जिला पदाधिकारी उदिता सिंह और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य और स्वच्छता समेत सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

विज्ञापन

श्रावणी मेला के शुभारंभ के साथ गुरुवार से बाबा सिद्धनाथ धाम राजगीर एक बार फिर शिवभक्ति के रंग में सराबोर हो जाएगा. कांवरियों और श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए पूरा मेला क्षेत्र आकर्षक ढंग से सजाया गया है.

विज्ञापन

प्रशासन ने सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और यातायात जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.

मेला क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की दुकानों, पूजा सामग्री के स्टॉल, बर्तन, खिलौने, खानपान केंद्रों तथा मीना बाजार को पूरी तरह तैयार कर लिया गया है. श्रद्धालुओं और उनके परिवारों के मनोरंजन के लिए भी कई आकर्षक साधन लगाए गए हैं.

कांवरियों के विश्राम हेतु जर्मन हैंगर पंडाल के साथ-साथ अन्य आश्रय स्थल और अस्थायी शौचालयों की भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है. पूरे मेला क्षेत्र में अबाधित बिजली आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश नगर परिषद को दिए गए हैं.

कंट्रोल रूम और चिकित्सा व्यवस्था के कड़े इंतजाम

श्रावणी मेला के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला पदाधिकारी उदिता सिंह ने मेला क्षेत्र एवं कुंड परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया.

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को आवश्यक सूचनाएं समय पर उपलब्ध कराने के लिए पूरे मेला क्षेत्र में पब्लिक एड्रेस सिस्टम प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए. साथ ही, श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन, समन्वय तथा किसी भी आपात स्थिति से त्वरित निपटने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने का भी निर्देश दिया गया है.

डीएम ने स्पष्ट किया कि किसी भी आकस्मिक चिकित्सा आवश्यकता से निपटने के लिए पर्याप्त मेडिकल टीम, एंबुलेंस और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी. आवश्यकता पड़ने पर आपदा मित्रों की सेवाएं भी ली जाएंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत पहुंचाई जा सके.

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि श्रावणी मेला में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और मेला अवधि के दौरान लगातार निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया गया है.

प्रशासन को उम्मीद है कि इस वर्ष का यह श्रावणी मेला श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह सुरक्षित, सुव्यवस्थित और यादगार साबित होगा.

निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे प्रमुख अधिकारी

इस उच्चस्तरीय निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी उदिता सिंह के साथ-साथ पुलिस अधीक्षक भारत सोनी, डीएफओ राजकुमार एम, अनुमंडल पदाधिकारी सूर्य प्रकाश गुप्ता, डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला नियोजन पदाधिकारी सहित अन्य कई जिला एवं पुलिस प्रशासन के पदाधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित थे.

Also Read : आरा का वीर कुंवर सिंह पार्क अब पहले से ज्यादा भव्य, सेल्फी प्वाइंट, बोटिंग और ओपन जिम समेत मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन