गणेश पूजा से दुर्गापूजा तक राजगीर में उत्सव की तैयारी, सजने लगे पूजा पंडाल
राजगीर के पटेल चौक पर बनाया जा रहा पूजा पंडाल
पर्यटक नगरी राजगीर गणेश, विश्वकर्मा और दुर्गा पूजा की तैयारियों में सजने लगी है. शहर से लेकर गांवों तक उत्साह का माहौल है, और कलाकार भव्य प्रतिमाएं बना रहे हैं. आकर्षक पंडालों के साथ, यह क्षेत्र जल्द ही आध्यात्मिक उल्लास में डूब जाएगा.
Nalanda Ganesh Puja: पर्यटक नगरी राजगीर इन दिनों गणेश पूजा, विश्वकर्मा पूजा एवं शारदीय नवरात्रि दुर्गापूजा की तैयारियों में आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर होने लगी है. शहर से लेकर गांव तक पूजा को लेकर उत्साह का वातावरण बनने लगा है. श्रद्धा और आस्था के साथ विभिन्न पूजा समितियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं. कहीं भगवान गणेश की प्रतिमाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, तो कहीं भगवान विश्वकर्मा और मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाओं का निर्माण कलाकारों द्वारा किया जा रहा है.
प्रमुख चौक-चौराहों पर बन रहे आकर्षक पंडाल
राजगीर की गलियों और प्रमुख चौक-चौराहों पर पूजा पंडालों के निर्माण का कार्य भी शुरू हो गया है. कारीगर आकर्षक पंडाल तैयार करने में जुटे हैं. पंडालों को इस बार धार्मिक और सांस्कृतिक स्वरूप देने की तैयारी है. कई पूजा समितियां प्राचीन धार्मिक स्थलों, मंदिरों और भारतीय संस्कृति की झलक पंडालों के माध्यम से प्रस्तुत करने की योजना बना रही हैं.
शाम ढलते ही पूजा स्थलों के आसपास चहल-पहल बढ़ने लगी है. पूजा की तैयारियों को लेकर लोगों में उत्साह बना हुआ है.
धार्मिक पहचान के कारण राजगीर में पर्व का विशेष महत्व
राजगीर की धार्मिक पहचान को देखते हुए यहां होने वाले पर्व-त्योहारों का विशेष महत्व है. भगवान बुद्ध, भगवान महावीर और सनातन परंपरा से जुड़ी इस पावन भूमि पर पूजा-अर्चना का अपना विशिष्ट आध्यात्मिक आकर्षण है. वहीं, नालंदा और पावापुरी भी धार्मिक एवं ऐतिहासिक दृष्टि से देश-दुनिया के श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र हैं.
श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को लेकर प्रशासन भी तैयार
पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं. विधि-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा पूजा समितियों के साथ बैठकें की जा रही हैं.
समितियों से निर्धारित नियमों का पालन करने, पंडालों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखने, अग्निशमन के इंतजाम करने, बिजली कनेक्शन लेने और भीड़ प्रबंधन में सहयोग करने की अपील की जा रही है. संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने की भी तैयारी है.
शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर समितियां भी सक्रिय
पूजा समितियां भी प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की तैयारी कर रही हैं. श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास के साथ राजगीर-नालंदा-पावापुरी का वातावरण आने वाले दिनों में पूरी तरह उत्सवी और आध्यात्मिक रंग में रंगने की उम्मीद है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए