बिहार पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में नालंदा के खिलाड़ियों ने किया धमाल, 4 स्वर्ण और 1 रजत पदक जीते
नालंदा जिले के विजेता खिलाड़ी मेडल दिखाते हुए | Prabhat Khabar Network
नालंदा के युवा पॉवरलिफ्टरों ने 38वीं बिहार स्टेट पॉवरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में अपना दम दिखाया. दिव्यानी सिंह, रामचंद्र वर्मा, धनंजय कुमार और वरुण कुमार ने 4 स्वर्ण पदक जीते, जबकि वरुण कुमार ने 1 रजत पदक भी अपने नाम किया. इस उपलब्धि से जिले में खुशी की लहर है.
Nalanda Powerlifting Championship : पटना के आर्य कन्या विद्यालय में आयोजित 38वीं बिहार स्टेट पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में नालंदा जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार स्वर्ण तथा एक रजत पदक अपने नाम किया है.
चैंपियनशिप का आयोजन मंगलवार को पटना के आर्य कन्या विद्यालय में किया गया. इस प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग के करीब 300 खिलाड़ियों ने भाग लिया.
चैंपियनशिप का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह एवं मृत्युंजय तिवारी के द्वारा किया गया. प्रतियोगिता में नालंदा के खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में शानदार प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया है.
दिव्यानी सिंह और रामचंद्र वर्मा का स्वर्ण पदक
खिलाड़ियों में नूरसराय प्रखंड के गोडीहा गांव निवासी दिव्यानी सिंह ने क्लासिक पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप के 52 किलोग्राम भार वर्ग में भाग लिया. उन्होंने कुल 275 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक हासिल किया.
इसी प्रकार स्थानीय जोरारपुर गांव निवासी रामचंद्र वर्मा ने ओपन इक्विप्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप के 59 किलोग्राम वर्ग में भाग लेते हुए कुल 497.5 किलोग्राम वजन उठाया और स्वर्ण पदक जीता.
धनंजय कुमार और वरुण कुमार का उत्कृष्ट प्रदर्शन
इसी प्रकार बिहारशरीफ के नाला रोड निवासी धनंजय कुमार ने ओपन इक्विप्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप के 66 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन किया.
उन्होंने कुल 510 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया. नूरसराय के नया टोला कोकलक चक निवासी वरुण कुमार ने 120 किलोग्राम भार वर्ग में जूनियर क्लासिक पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भाग लेते हुए कुल 370 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता. इसी प्रकार इक्विप्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में उन्होंने रजत पदक हासिल किया.
गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति और खेल प्रेमियों में खुशी
इस अवसर पर कॉमनवेल्थ के रजत पदक विजेता एवं बिहार पावरलिफ्टिंग संघ के उपाध्यक्ष भूपेंद्र प्रताप सिंह भी मौजूद थे. नालंदा के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों तथा युवाओं में खुशी का माहौल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By उज्ज्वलानंद गिरि
उज्जवलानंद गिरि वर्ष 2009 से प्रभात खबर, बिहारशरीफ कार्यालय में जिला संवाददाता के रूप में कार्य कर रहे हैं. शिक्षा, सहकारिता, जिला परिषद तथा बिहारशरीफ प्रखंड की खबरें प्रमुखता से लिखते रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










