नालंदा में 10 अगस्त से शुरू होगा 5.44 लाख पौधों का महाअभियान, 227 पंचायतों में होगा पौधारोपण

Updated:
विज्ञापन
नालंदा में पहली बार वीबी-जी राम जी योजना के तहत 5.44 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य, 10 अगस्त से शुरू होगा अभियान

नालंदा में पहली बार वीबी-जी राम जी योजना के तहत 5.44 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य, 10 अगस्त से शुरू होगा अभियान

Biharsharif News : नालंदा में वीबी-जी राम जी योजना के तहत 227 पंचायतों में 5.44 लाख पौधे लगाए जाएंगे. 10 अगस्त से शुरू होने वाले इस अभियान में किसानों को भी लाभ मिलेगा.

विज्ञापन

Biharsharif News : नालंदा जिले में पहली बार विकसित भारत-जी राम जी (वीबी-जी राम जी) योजना के तहत बड़े पैमाने पर पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा. जिले के सभी 20 प्रखंडों की 227 पंचायतों में कुल 5,44,800 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. फिलहाल खरीफ फसलों की खेती और धान रोपाई का कार्य जारी रहने के कारण अभियान स्थगित रखा गया है. अब 10 अगस्त से पूरे जिले में पौधारोपण कार्य शुरू किया जाएगा.

प्रत्येक पंचायत में औसतन 2,700 पौधे लगाने का लक्ष्य

योजना के तहत प्रत्येक पंचायत में औसतन 2,700 पौधे लगाए जाएंगे. इनमें 1,08,960 फलदार पौधे तथा 4,35,840 इमारती एवं पर्यावरणीय महत्व के पौधे शामिल हैं. अभियान का उद्देश्य हरित आवरण बढ़ाना, मिट्टी के कटाव को रोकना, जल संरक्षण को बढ़ावा देना तथा किसानों की आय में वृद्धि करना है.

पौधों की सुरक्षा के लिए लगाए जाएंगे ट्री गार्ड

प्रशासन ने पौधारोपण के साथ पौधों की सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया है. सभी पौधों को मवेशियों से बचाने के लिए सरकारी खर्च पर ट्री गार्ड लगाए जाएंगे. पौधों की आपूर्ति केवल वन विभाग की अधिकृत सरकारी नर्सरियों से की जाएगी.

20 प्रतिशत फलदार और 80 प्रतिशत इमारती पौधे होंगे शामिल

योजना के तहत कुल पौधारोपण का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा फलदार पौधों का होगा, जिससे ग्रामीण परिवारों को भविष्य में अतिरिक्त आय और पोषण मिल सके. फलदार पौधों में आम, लीची, कटहल, नींबू, नारियल, अमरूद, आँवला, जामुन और सहजन शामिल हैं. ग्रामीण आवास योजना के लाभार्थियों को अपने घर परिसर में दो-दो सहजन के पौधे लगाने का भी प्रावधान किया गया है. शेष 80 प्रतिशत पौधे इमारती और पर्यावरणीय महत्व के होंगे. इनमें सागवान, शीशम, महोगनी, बांस, नीम, पीपल, बरगद, अर्जुन और सिरस जैसे पौधे लगाए जाएंगे. इनका रोपण ग्रामीण सड़कों के किनारे, तालाबों के तटबंधों, सरकारी परिसरों और ग्राम समाज की खाली भूमि पर किया जाएगा.

खेती के कारण 10 अगस्त तक स्थगित है अभियान

जिले में फिलहाल धान सहित खरीफ फसलों की खेती का कार्य जारी है. किसानों को असुविधा से बचाने के लिए वीबी-जी राम जी योजना के तहत पौधारोपण कार्यक्रम को 10 अगस्त तक स्थगित रखा गया है. खेती का प्रमुख कार्य पूरा होने के बाद पूरे जिले में एक साथ अभियान शुरू किया जाएगा.

किसानों को मिलेगा मुफ्त पौधा और पांच वर्ष तक रखरखाव की मजदूरी

योजना के तहत किसान अपनी निजी भूमि अथवा खेत की मेड़ पर भी पौधारोपण करा सकते हैं. इसके लिए सरकारी नर्सरी से मुफ्त पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे. पौधों की देखरेख के लिए पांच वर्षों तक निर्धारित मजदूरी भी दी जाएगी. पौधों से मिलने वाले फल, लकड़ी और अन्य उत्पादों पर किसान का पूर्ण स्वामित्व रहेगा, जिससे उन्हें भविष्य में अतिरिक्त आय का स्थायी स्रोत मिलेगा.

आवेदन के लिए ये दस्तावेज होंगे जरूरी

योजना का लाभ लेने के इच्छुक किसान अपने क्षेत्र के रोजगार सेवक, पंचायत सचिव, मेट अथवा प्रखंड वीबी-जी राम जी कार्यक्रम पदाधिकारी से संपर्क कर आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के साथ भूमि संबंधी कागजात, आधार कार्ड, जॉब कार्ड, बैंक खाते का विवरण और पासपोर्ट आकार का फोटो जमा करना होगा. सत्यापन और स्वीकृति के बाद गड्ढा खुदाई, पौधारोपण तथा रखरखाव का कार्य शुरू कराया जाएगा.

प्रखंडवार पौधारोपण लक्ष्य

प्रखंडपंचायतलक्ष्य (पौधे)
इस्लामपुर1945,600
अस्थावां1843,200
बिहारशरीफ1843,200
नूरसराय1740,800
हरनौत1738,400
एकंगरसराय1638,400
रहुई1536,000
हिलसा1536,000
चंडी1231,200
सिलाव1126,400
नगरनौसा921,600
बेन921,600
सरमेरा819,200
गिरियक716,800
करायपरसुराय716,800
बिंद716,800
थरथरी716,800
परवलपुर512,000
राजगीर512,000
कतरीसराय512,000
कुल2275,44,800

योजना की प्रमुख बातें

  • 20 प्रखंडों की 227 पंचायतों में होगा पौधारोपण.
  • 10 अगस्त से शुरू होगा विशेष अभियान.
  • कुल 5,44,800 पौधे लगाने का लक्ष्य.
  • 1,08,960 फलदार एवं 4,35,840 इमारती पौधे लगाए जाएंगे.
  • प्रत्येक पंचायत में औसतन 2,700 पौधे लगाए जाएंगे.
  • पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड लगाए जाएंगे.
  • किसानों को मुफ्त पौधे, पांच वर्ष तक रखरखाव की मजदूरी और पौधों पर पूर्ण स्वामित्व मिलेगा.

क्या कहते हैं अधिकारी

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (वीबी-जी राम जी) प्रवीण कुमार ने बताया कि प्रखंडवार योजनाओं का चयन, सॉफ्टवेयर पर प्रविष्टि, प्राक्कलन, तकनीकी एवं प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया जारी है. वर्तमान में खरीफ कृषि कार्य के कारण मजदूरों की उपलब्धता कम है, इसलिए लगभग 20 दिनों तक कार्य स्थगित रखा गया है. 10 अगस्त से पूरे जिले में पौधारोपण अभियान शुरू किया जाएगा. इसके लिए सभी पंचायतों में विस्तृत रणनीति तैयार की जा रही है. उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष मनरेगा के तहत 5.52 लाख पौधारोपण का लक्ष्य था, जिसके विरुद्ध 3.60 लाख पौधे लगाए गए थे.

Also Read : गया जी के शेरघाटी में चोर होने के शक में किशोर की पीट-पीटकर हत्या, दो हिरासत में, गांव में तनाव



विज्ञापन
Kanchan Kumar

लेखक के बारे में

By Kanchan Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन