तीन दिनों से लापता युवक का झाड़ियों से मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Updated:
विज्ञापन

मृतक रोहित कुमार की तस्वीर

Biharsharif News : नालंदा के चंडी में तीन दिनों से लापता 20 वर्षीय युवक का शव घर के पास झाड़ियों में मिला. परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, पुलिस जांच में जुटी है.

विज्ञापन

Biharsharif News : नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र स्थित चंडी डीह गांव में तीन दिनों से लापता 20 वर्षीय युवक रोहित कुमार का शव रविवार की शाम घर से करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों से बरामद किया गया. शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. शव की स्थिति को देखकर परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है. वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा.

13 अगस्त से लापता था रोहित कुमार

मृतक की पहचान चंडी डीह गांव निवासी रोहित कुमार के रूप में हुई है. बताया जाता है कि रोहित गांव और आसपास के क्षेत्रों में घूम-घूमकर कबाड़ खरीदने और बेचने का काम करता था. परिजनों के अनुसार, वह 13 अगस्त की दोपहर करीब 1:30 बजे घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा. काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने लापता होने के करीब 24 घंटे बाद चंडी थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई.

परिचित युवकों के घर भी की गई तलाश

परिजनों ने बताया कि रोहित जिन युवकों के साथ अक्सर रहता था, उनके घर जाकर भी उसकी तलाश की गई. हालांकि, वहां से भी उसके संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी. रविवार की शाम गांव के कुछ लोगों ने झाड़ियों में एक शव पड़े होने की सूचना दी. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे. वहां शव की पहचान रोहित कुमार के रूप में की गई. इसके बाद घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई.

शव की स्थिति देखकर परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

परिजनों के अनुसार, रोहित के शव की हालत बेहद खराब थी. उन्होंने बताया कि उसका दाहिना हाथ क्षतिग्रस्त था और सिर के बाल भी गायब थे. परिजनों ने आशंका जताई कि युवक की हत्या करने के बाद उसके शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया. शव मिलने के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. परिजन मामले में हत्या की आशंका जता रहे हैं और पुलिस से पूरे मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग कर रहे हैं.

पुलिस बोली- शव पूरी तरह हो चुका था डीकंपोज

चंडी थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार झा ने बताया कि बरामद शव काफी हद तक डीकंपोज हो चुका था. युवक का दाहिना हाथ क्षतिग्रस्त पाया गया है. उन्होंने कहा कि प्रथमदृष्टया किसी जानवर द्वारा शव को नोचने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता है. थानाध्यक्ष ने बताया कि जांच के दौरान युवक के नशे का आदी होने की बात भी सामने आई है. ऐसे में ड्रग्स के ओवरडोज समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. थानाध्यक्ष ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस हत्या, नशे के ओवरडोज और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : डायट तरार में नवाचारी शिक्षकों का सम्मान, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन