रामाधीन कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ
Published by :AMLESH PRASAD
Published at :28 Apr 2026 10:46 PM (IST)
विज्ञापन

यदि युवा वर्ग सेवा, समर्पण एवं सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन के लिए आगे बढ़े, तो सतत विकास के लक्ष्य को सहजता से प्राप्त किया जा सकता है.
विज्ञापन
शेखपुरा. रामाधीन कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा युवा सतत विकास के लिए विषय पर आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ महाविद्यालय परिसर में अत्यंत उत्साह, गरिमा एवं सामाजिक प्रतिबद्धता के साथ हुआ. यह विशेष शिविर युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व क्षमता, ग्राम विकास एवं सतत विकास के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है. कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो डॉ मो शहाब उद्दीन, कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ नवलता एवं शिक्षकों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया. इस अवसर पर अपने संबोधन में प्राचार्य ने कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है. यदि युवा वर्ग सेवा, समर्पण एवं सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन के लिए आगे बढ़े, तो सतत विकास के लक्ष्य को सहजता से प्राप्त किया जा सकता है. उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक समरसता जैसे क्षेत्रों में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ नवलता ने सात दिवसीय विशेष शिविर की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि यह शिविर महाविद्यालय द्वारा गोद लिए गए गांव पचना में आयोजित किया जायेगा. उन्होंने कहा कि शिविर के अंतर्गत स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, जागरूकता रैली, स्वास्थ्य जांच शिविर, महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम, डिजिटल साक्षरता अभियान, साइबर जागरूकता, शिक्षा प्रोत्साहन गतिविधियां एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. उन्होंने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि सात दिनों का यह शिविर केवल कार्यक्रमों की शृंखला नहीं, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशीलता, सेवा और नेतृत्व का व्यावहारिक प्रशिक्षण है. उन्होंने स्वयंसेवकों से आग्रह किया कि वे गांव के लोगों के बीच जाकर स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं. कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने समाज सेवा, अनुशासन, समर्पण एवं सामाजिक जागरूकता का सामूहिक संकल्प लिया. इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार की सक्रिय सहभागिता उल्लेखनीय रही. उपस्थित प्रमुख शिक्षकों में राजनीति शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ अनुपम किशोर, हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ योगेंद्र कुमार, आइआरपीएम विभागाध्यक्ष डॉ पवन कुमार, हिंदी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ अभिषेक कुमार पांडे एवं बीसीए विभाग के सहायक प्राध्यापक अंजनी कुमा शामिल रहे. शिक्षकेत्तर कर्मचारियों में राजन कुमार वर्मा, भीम कुमार एवं रेखा कुमारी सहित अन्य शामिल थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










