सीएम सम्राट चौधरी का ऐलान, बोले - नालंदा डेयरी बनेगी स्वतंत्र इकाई; 26 करोड़ की योजनाओं की शुरुआत

नालंदा डेयरी में शिलान्यास करते मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व अन्य | Prabhat Khabar Network
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नालंदा डेयरी प्रोजेक्ट में 26 करोड़ रुपये की डेयरी विकास योजनाओं का शिलान्यास किया. इस पहल से दुग्ध उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन को बढ़ावा मिलेगा. जीविका दीदियों के लिए भी नए अवसर खुलेंगे.
Nalanda Dairy Project : नालंदा डेयरी परियोजना परिसर में सोमवार को आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने करीब 26 करोड़ रुपये की डेयरी विकास योजनाओं का शिलान्यास करते हुए कहा कि बिहार सरकार दुग्ध उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है.
उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही जीविका के माध्यम से बकरी पालकों को भी कॉम्फेड से जोड़ा जाएगा, ताकि उन्हें भी अपने दूध का उचित मूल्य मिल सके और ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़े.
सीएम ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में विकास की मजबूत नींव रखी है और वर्तमान सरकार उसी विकास यात्रा को आगे बढ़ा रही है. उन्होंने कहा कि नालंदा डेयरी को भविष्य में स्वतंत्र इकाई बनाया जाएगा, जिससे यहां उत्पादन और प्रसंस्करण क्षमता में तेजी से वृद्धि होगी.
View on Instagram
इन योजनाओं का हुआ शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने 20 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 20 एमटीपीडी क्षमता के दही एवं लस्सी संयंत्र की आधारशिला रखी.
इसके अलावा, सहकार से समृद्धि योजना के तहत कॉम्फेड संचालित एचपीसीएल पेट्रोल पंप और सुधा कैफेटेरिया का भी शिलान्यास किया.
Also Read : राजगीर : ज्ञान जीविका समिति ने कमाया 24.29 लाख रुपये का शुद्ध लाभ, 4,158 महिलाएं बन रहीं आत्मनिर्भर
उन्होंने आठ पशु उठाव एवं परिवहन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा जीविका दीदी तनुजा देवी को डीप फ्रीजर की चाबी सौंपते हुए राज्यभर के 300 रिटेलरों के बीच डीप फ्रीजर वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया.
कॉम्फेड की उपलब्धियां और अगले 100 दिनों का रोडमैप
डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव-सह-अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक ने राज्य सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर कॉम्फेड की उपलब्धियों को विस्तृत रूप से बताया.
उन्होंने बताया कि कॉम्फेड और उससे संबद्ध दुग्ध संघों ने ग्रामीण क्षेत्रों में 2,500 से अधिक नई दुग्ध उत्पादक समितियों का गठन किया है, जिससे पिछले वर्ष की तुलना में प्रतिदिन तीन लाख लीटर से अधिक दूध संग्रहण बढ़ा है.
उन्होंने आगामी 100 दिनों की कार्ययोजना भी प्रस्तुत की, जिसमें सुधा सखी, प्रधानमंत्री पशु औषधि विक्रय केंद्र, राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत लखीसराय सीमेन स्टेशन, मुंगेर एआईटीआई केंद्र तथा पशुओं के नस्ल सुधार कार्यक्रम जैसी योजनाएं शामिल हैं.
ग्रामीण विकास का आधार है डेयरी : श्रवण कुमार
ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि गांवों की समृद्धि डेयरी और पशुपालन पर निर्भर है.
उन्होंने कहा कि नई परियोजनाओं के पूरा होने के बाद नालंदा डेयरी में उच्च गुणवत्ता वाले दही और लस्सी का बड़े पैमाने पर उत्पादन होगा, जिससे किसानों को बेहतर बाजार और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद मिलेंगे.
नालंदा फिर बनेगा विकास का केंद्र : विजेंद्र प्रसाद यादव
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि नालंदा प्राचीन काल से विश्वगुरु रहा है. पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसके विकास की मजबूत नींव रखी और अब सीएम सम्राट चौधरी उस विकास यात्रा को नई गति दे रहे हैं.
जीविका दीदियों में दिखा उत्साह
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा पंचायत स्तर पर सुधा बूथ खोलने और बकरी पालन को कॉम्फेड से जोड़ने की घोषणा के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लगभग 500 जीविका दीदियों में खासा उत्साह देखने को मिला.
उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी.
कार्यक्रम में पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री नंद किशोर राम, सांसद कौशलेन्द्र कुमार, अस्थावां विधायक डॉ. जितेंद्र कुमार, पूर्व विधायक एवं जदयू के राष्ट्रीय महासचिव इंजीनियर सुनील कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, कॉम्फेड के अधिकारी, अमरेंद्र कुमार मुन्ना, भवानी सिंह समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, दुग्ध उत्पादक किसान एवं जीविका दीदियां उपस्थित थीं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










