सदर अस्पताल में शहरी आशा कार्यकर्ताओं का फूटा गुस्सा, काम नहीं मिलने पर जमकर नारेबाजी
प्रतीकात्मक तस्वीर
Bihar Sharif News : मानदेय और काम की मांग को लेकर शहरी आशा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन. 'बाहरी महिलाओं से कराया जा रहा काम'—आशा कार्यकर्ताओं ने लगाया आरोप. नीचे पढ़िए पूरी खबर.
Bihar Sharif News : मानदेय और कार्य आवंटन की मांग को लेकर बिहार राज्य आशा एवं आशा फैसिलिटेटर संघ से जुड़ी शहरी आशा कार्यकर्ताओं ने बिहारशरीफ के सदर अस्पताल परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया. बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचीं और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जताई. प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप था कि सदर अस्पताल प्रबंधन द्वारा उन्हें लंबे समय से काम नहीं दिया जा रहा है, जबकि बाहरी महिलाओं से अस्पताल के अंदर कार्य कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इससे उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है और शहरी आशाओं के साथ भेदभाव किया जा रहा है.
मांगें पूरी नहीं हुईं तो होगा उग्र आंदोलन : आशा कार्यकर्ता
संघ की जिला सचिव आशा कुमारी ने बताया कि शहरी और ग्रामीण आशाओं के मानदेय में भी अंतर है. उन्होंने मांग की कि सभी आशा कार्यकर्ताओं को समान सम्मान राशि दी जाए और शहरी आशाओं को भी नियमित रूप से कार्य उपलब्ध कराया जाए. प्रदर्शन के दौरान पूनम देवी, जूली कुमारी, किरण कुमारी, सुमित्रा कुमारी, गीता कुमारी, उर्मिला कुमारी, संगीता कुमारी, मीना कुमारी, रीना कुमारी समेत बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं. प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










