30 जून से सदर अस्पताल में मिलेगी ICU की सुविधा, अब गंभीर मरीजों को नहीं जाना पड़ेगा नालंदा से पटना
ICU की तस्वीर
Bihar Sharif News : सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, 4 बेड के ICU वार्ड का होगा शुभारंभ. नीचे पढ़िए पूरी खबर.
बिहारशरीफ से रणजीत सिंह की रिपोर्ट
Bihar Sharif News : नालंदा के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल मॉडल सदर अस्पताल में इलाज की सुविधा अब और बेहतर होने जा रही है. गंभीर और आकस्मिक मरीजों को बेहतर इलाज देने के लिए अस्पताल परिसर में 4 बेड का अत्याधुनिक आईसीयू वार्ड शुरू किया जा रहा है. 30 जून से विधिवत इस वार्ड का शुभारंभ होगा. इसके शुरू होते ही जिले के मरीजों को गंभीर हालत में पटना या प्राइवेट अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा. सिविल सर्जन डॉ़ जय प्रकाश सिंह ने बताया कि वार्ड के शुरू हो जाने से क्रिटिकल मरीजों को हायर सेंटर रेफर करने की जरूरत में कमी आयेगी. वार्ड का कई बार निरीक्षण एवं तैयारी की समीक्षा भी की गयी है.
नोडल पदाधिकारी नियुक्त, विशेषज्ञ करेंगे निगरानी
आईसीयू वार्ड के सफल संचालन के लिए अस्पताल प्रबंधन ने वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम को नोडल पदाधिकारी बनाया है. नोडल पदाधिकारी के रूप में डॉ. संत कुमार, डॉ. ज्योति प्रिया, डॉ. पिंकू शर्मा और डॉ. सुजीत कुमार को नियुक्त किया गया है. ये सभी डॉक्टर शिफ्ट वाइज वार्ड की मॉनिटरिंग करेंगे. नोडल टीम में क्रिटिकल केयर, मेडिसिन और एनेस्थीसिया विभाग के विशेषज्ञ शामिल किए गए हैं. इससे मरीजों को 24 घंटे विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी मिल सकेगी.

अत्याधुनिक उपकरणों से लैस हुआ वार्ड
नए आईसीयू वार्ड को पूरी तरह अत्याधुनिक बनाया गया है. यहां वेंटिलेटर, मल्टी पैरा मॉनिटर, इन्फ्यूजन पंप, डीफिब्रिलेटर, सेंट्रल ऑक्सीजन सप्लाई, सक्शन मशीन समेत सभी जीवन रक्षक उपकरण लगाए गए हैं. वार्ड में सेंट्रल एसी, इंफेक्शन कंट्रोल सिस्टम और 24 घंटे पावर बैकअप की भी व्यवस्था है. गंभीर हार्ट अटैक, स्ट्रोक, एक्सीडेंट, जहर खाने या सांस की गंभीर बीमारी वाले मरीजों को यहां तत्काल इलाज मिल सकेगा.
30 जून को होगा शुभारंभ, तैयारी पूरी
अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. राजीव रंजन कुमार ने बताया कि आईसीयू वार्ड के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. उपकरणों की टेस्टिंग, स्टाफ की तैनाती और दवाओं का स्टॉक पूरा हो चुका है. 30 जून को विधिवत रूप से वार्ड का शुभारंभ किया जाएगा. इसके बाद मरीजों को भर्ती करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. आईसीयू के लिए सभी डॉक्टरों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है. डॉक्टरों और नर्सों के लिए अलग-अलग रंग का ड्रेस कोड भी तय किया गया है ताकि मरीज और परिजन आसानी से स्टाफ की पहचान कर सकें.
वार्ड के लिये स्टाफ की भी हुई तैनाती
आईसीयू के लिए अलग से प्रशिक्षित नर्स, जीएनएम, टेक्नीशियन और वार्ड ब्वॉय की तैनाती की गई है. सभी को आईसीयू प्रोटोकॉल और मरीज प्रबंधन की विशेष ट्रेनिंग दी गई है. 24 घंटे डॉक्टर और नर्स की टीम मौजूद रहेगी. इमरजेंसी से सीधे आईसीयू में मरीज शिफ्ट करने का प्रोटोकॉल तैयार किया गया है. मॉडल सदर अस्पताल में आईसीयू शुरू होना नालंदा जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए बड़ा कदम माना जा रहा है. इससे न सिर्फ सदर अस्पताल की साख बढ़ेगी बल्कि हजारों मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा.
Also Read : नालंदा में दिनदहाड़े शिक्षक की बाइक चोरी, CCTV फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










