बिहारशरीफ : बाबा मणिराम अखाड़ा लंगोट मेला आज से, श्रद्धालुओं के लिए नगर निगम की पूरी तैयारी

Updated:
विज्ञापन
फोटो : बाबा मणिराम अखाड़ा स्थल का निरीक्षण करते नगर आयुक्त व साथ में उप नगर आयुक्त् एवं अन्य (फाइल फोटो)  | Prabhat Khabar Network

बाबा मणिराम अखाड़ा स्थल का निरीक्षण करते नगर आयुक्त व अन्य (फाइल फोटो) | Prabhat Khabar Network

आस्था और परंपरा का प्रतीक बाबा मणिराम अखाड़ा लंगोट मेला 29 जुलाई से शुरू हो रहा है. नगर निगम ने श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, शौचालय, सफाई और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की है. 9 दिनों तक चलने वाले इस मेले में दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं.

विज्ञापन

आस्था और परंपरा का प्रतीक बाबा मणिराम अखाड़ा लंगोट मेला इस बार 29 जुलाई से शुरू होकर 6 अगस्त तक चलेगा. हर साल की तरह इस बार भी हजारों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने मेला स्थल पर सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कमर कस ली है.

नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन ने बताया कि मेला को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां अंतिम चरण में हैं. पूर्व में उन्होंने उप नगर आयुक्त शम्स रजा सहित अन्य पदाधिकारियों के साथ मेला स्थल बाबा मणिराम अखाड़ा का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा भी लिया था.

दो शिफ्ट में सफाई और कचरा उठाव पर विशेष जोर

मेला में आने वाले श्रद्धालुओं को साफ-सफाई को लेकर कोई परेशानी न हो, इसके लिए नगर निगम ने विशेष व्यवस्था की है. पूरे मेला अवधि में सफाई कार्य दो शिफ्टों में कराया जाएगा. इसके लिए दो अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं.

पहली टीम सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक और दूसरी टीम दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक कार्य करेगी. सिटी मैनेजर साकेश कुमार सिन्हा ने बताया कि दोनों टीमों के सफाई कर्मी आवश्यक सफाई संसाधनों से लैस रहेंगे. कूड़ा उठाव के लिए विशेष वाहन भी मेला परिसर में लगातार चक्कर लगाते रहेंगे, ताकि गंदगी जमा न हो सके.

पेयजल, शौचालय और रोशनी की पुख्ता व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेला परिसर में चलंत शौचालय वाहन तैनात किए जाएंगे. गर्मी को देखते हुए पेयजल के लिए टैंकरों की व्यवस्था की गई है.

रात में आवागमन में दिक्कत न हो, इसके लिए मेला स्थल और आसपास के रास्तों पर स्ट्रीट लाइट के साथ-साथ अतिरिक्त ट्यूब लाइटें भी लगाई जाएंगी. नगर निगम प्रशासन का प्रयास है कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को पानी, शौच और रोशनी जैसी बुनियादी दिक्कतों का सामना न करना पड़े.

सीसीटीवी से होगी चप्पे-चप्पे पर निगरानी

भीड़-भाड़ और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मेला स्थल के प्रमुख स्थानों और आने-जाने वाले मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं. इससे मेला पर नियंत्रण रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने में मदद मिलेगी.

सिटी मैनेजर साकेश कुमार सिन्हा ने बताया कि सफाई, प्रकाश और जलापूर्ति से जुड़ी सभी एजेंसियों को समन्वय कर काम करने के निर्देश दिए गए हैं.

आस्था का बड़ा केंद्र है बाबा मणिराम अखाड़ा

शहर का बाबा मणिराम अखाड़ा लंगोट मेला नालंदा ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों के श्रद्धालुओं के लिए भी आस्था का बड़ा केंद्र है. 9 दिनों तक चलने वाले इस मेले में साधु-संतों के दर्शन, धार्मिक आयोजन और ग्रामीण उत्पादों की दुकानें आकर्षण का केंद्र रहती हैं.

नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन ने अपील की है कि श्रद्धालु मेला परिसर में साफ-सफाई बनाए रखें और प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं में सहयोग करें, ताकि मेला शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके.

Also Read : आरा का वीर कुंवर सिंह पार्क अब पहले से ज्यादा भव्य, सेल्फी प्वाइंट, बोटिंग और ओपन जिम समेत मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं


विज्ञापन
Ranjit Singh

लेखक के बारे में

By Ranjit Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन