बिहारशरीफ में 5 लाख दहेज के लिए पति ने ईंट-पत्थर से कूचकर की पत्नी की हत्या, खेत में शव फेंक 3 बच्चों के साथ हुआ फरार

Updated:
विज्ञापन
घटना के बाद पूछताछ करती पुलिस

घटना के बाद पूछताछ करती पुलिस

बिहारशरीफ में एक कलयुगी पति ने अपनी 23 वर्षीय पत्नी को बेरहमी से मार डाला. पैसे के लिए क्रूर पति ने ईंट-पत्थर से कूचकर हत्या की और शव को खेत में फेंककर फरार हो गया. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.

विज्ञापन

BiharSharif Murder : बिहारशरीफ के मानपुर थाना क्षेत्र स्थित गोगड़ी पर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक क्रूर पति ने अपनी 23 वर्षीय पत्नी की ईंट-पत्थर से कूचकर निर्मम हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को खेत में फेंककर अपनी मां और तीन बच्चों के साथ फरार हो गया. पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है.

5 लाख रुपये के लिए दे रहा था खौफनाक यातनाएं

मृतका की पहचान 23 वर्षीय कृषा सिन्हा के रूप में हुई है. उसका पति धर्मवीर उर्फ राय जी अवैध बालू के कारोबार से जुड़ा है. परिजनों का आरोप है कि कुछ महीने पहले पुलिस ने धर्मवीर की एक गाड़ी जब्त कर ली थी. उस गाड़ी को छुड़ाने के नाम पर वह मायके वालों से 5 लाख रुपये की मांग कर रहा था. पैसे नहीं मिलने पर वह कृषा को गर्म पानी और हीटर से करंट लगाकर यातनाएं देता था.

पंचायत के फैसले के बाद 3 दिन पहले ही गई थी ससुराल

लगातार हो रही मारपीट और प्रताड़ना के कारण कृषा अपने मायके में आकर रह रही थी. मृतका के भाई सतीश कुमार और भाभी रूबी देवी ने बताया कि हाल ही में एक सामाजिक पंचायत बैठी थी. पंचायत में आरोपी धर्मवीर ने अपनी गलती मानी और माफी मांगी थी. इसी वादे के बाद कृषा को महज तीन दिन पहले ही वापस ससुराल भेजा गया था, लेकिन दरिंदे पति ने उसे मौत के घाट उतार दिया.

कागज पर साइन करने से किया मना तो ले ली जान

परिजनों ने पुलिस को बताया कि सोमवार को धर्मवीर अपनी पत्नी कृषा पर किसी दस्तावेज पर हस्ताक्षर करने का दबाव बना रहा था. जब कृषा ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने अपनी मां के साथ मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई की. इसके बाद ईंट-पत्थर से कूचकर उसकी जान ले ली और गुनाह छिपाने के लिए शव को पास के खेत में फेंक दिया.

पहले भी सास को मार चुका है गोली

इस खौफनाक वारदात के बाद आरोपी के पुराने काले कारनामे भी सामने आ रहे हैं. परिजनों के अनुसार, करीब तीन साल पहले रुपये के विवाद में आरोपी ने कृषा की मां को भी गोली मार दी थी. उस समय सामाजिक दबाव और समझौते के कारण पुलिस में केस दर्ज नहीं कराया गया था. मृतका का भाई हाल ही में बिहार पुलिस में बहाल हुआ है, जिससे चिढ़कर आरोपी अक्सर उसे भी धमकियां देता था.

पुलिस कर रही है फरार कातिल की तलाश

खेत में शव मिलने की सूचना मिलते ही डायल-112 और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है. सदर डीएसपी-1 अमरनाथ ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला दहेज और रुपये की मांग को लेकर हुई हत्या का लग रहा है. मृतका के भाई की लिखित शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. फरार आरोपी और उसकी मां की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं.

Also Read : बिहार में NFHS-6 रिपोर्ट: नालंदा का डाटा क्यों नहीं हुआ जारी? स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन