नालंदा में कलश शोभायात्रा के मार्ग को लेकर विवाद, दो पक्षों में हिंसक झड़प; 8 लोग घायल

नालंदा के अस्थावां गांव में कलश शोभायात्रा के दौरान डीजे के मार्ग को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई. इस विवाद में जमकर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले, जिसमें 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
नालंदा के अस्थावां गांव में सोमवार को कलश शोभायात्रा के दौरान मार्ग और डीजे घुमाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक झड़प में बदल गया. दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले, जिसमें कुल आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कलश शोभायात्रा के दौरान एक पक्ष डीजे के साथ यात्रा को निर्धारित मार्ग पर घुमाने की जिद कर रहा था. वहीं, दूसरे पक्ष का कहना था कि शोभायात्रा में छोटे-छोटे बच्चे और महिलाएं शामिल हैं. भीषण गर्मी के कारण बच्चे प्यास और थकान से परेशान हो रहे थे, इसलिए यात्रा को अधिक दूर तक नहीं ले जाने का आग्रह किया गया था.
देखते ही देखते हुआ खूनी संघर्ष
इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने यह कहते हुए विरोध जताया कि वे भी चंदा देते हैं, इसलिए शोभायात्रा उनके बताए मार्ग से ही निकाली जानी चाहिए. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और फिर खूनी संघर्ष में बदल गई.
मारपीट के दौरान दोनों ओर से लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों का बेहिसाब इस्तेमाल किया गया. इस घटना में एक पक्ष के पांच तथा दूसरे पक्ष के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
अस्पताल में भर्ती और पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्थावां रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें बिहारशरीफ सदर अस्पताल रेफर कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही अस्थावां थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में लेते हुए मामले की छानबीन शुरू कर दी.
अस्थावां थानाध्यक्ष सत्यम कुमार चंद्रवंशी ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. पुलिस पूरे मामले की सभी पहलुओं से गंभीरता से जांच कर रही है और लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










