ePaper

Bihar Weather Alert: सावधान! बिहार के 11 जिलों में पारा 8 डिग्री से नीचे, 48 घंटे की राहत के बाद फिर लौटेगी हांड कंपाने वाली की ठंड

Updated at : 12 Jan 2026 7:45 AM (IST)
विज्ञापन
Bihar Weather Alert

Bihar Weather Alert

Bihar Weather Alert: सुबह की धुंध, कांपती ठंड और सिहरन पैदा करती हवा. बिहार में सर्दी अब सिर्फ मौसम नहीं, चुनौती बन चुकी है. 48 घंटे की धूप भरी राहत के बाद फिर से कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का खतरा सामने खड़ा है.

विज्ञापन

Bihar Weather Alert: बिहार में ठंड ने एक बार फिर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है. पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने प्रदेश के बड़े हिस्से को शीतलहर की चपेट में ले लिया है. IMD ने सोमवार को पूरे राज्य के लिए कोल्ड-डे और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है.

11 जिलों का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है, जबकि कई जिलों में पारा 6 डिग्री के आसपास रिकॉर्ड किया गया. IMD का कहना है कि अगले 10 दिनों तक ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है और तापमान में और गिरावट आ सकती है.

पहाड़ों की बर्फबारी से बिहार में बढ़ी कंपकंपी

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में लगातार बर्फबारी हो रही है. इसका सीधा असर बिहार के मौसम पर पड़ रहा है. पछुआ हवा के चलते तापमान में बढ़ोतरी नहीं हो पा रही है और ठंड का असर और तीखा हो गया है. यही वजह है कि दिन में धूप निकलने के बावजूद लोगों को खास राहत महसूस नहीं हो रही.

कोल्ड-डे और घने कोहरे का दोहरा वार

मौसम विज्ञान केंद्र ने 24 जिलों में ऑरेंज और 14 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है. समस्तीपुर, खगड़िया, बेगूसराय और सुपौल में बीते 24 घंटे में घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी लगभग शून्य हो गई. भागलपुर, समस्तीपुर और शेखपुरा में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया है. पटना में भी पारा 7.8 डिग्री तक गिर गया, जिससे राजधानी में कोल्ड-डे जैसी स्थिति बनी हुई है.

48 घंटे की राहत, फिर ठंड की वापसी

शनिवार को धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि यह राहत केवल 48 घंटे की है/ इसके बाद फिर से कोहरा और शीतलहर का दौर लौटेगा. 13 जनवरी से तापमान में फिर गिरावट आने और ठंड के और तेज होने की संभावना है. नालंदा में न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री दर्ज किया गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है.

धूप खिलने के बाद भी पटना में सीजन का सबसे सर्द रहा रविवार

रविवार की सुबह सीजन की सबसे सर्द रही. इस दौरान सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इससे पहले शुक्रवार और शनिवार को भी पटना और आसपास के इलाकों में कोल्ड-डे दर्ज किया गया था. हालांकि, सुबह आठ बजे के बाद धूप निकल गयी. शनिवार को यहां शहर का अधिकतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं पूरे दिन धूप होने के कारण शहर के अधिकतम तापमान में काफी वृद्धि हुई और अधिकतम पारा 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया..

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान अनुसार अगले दो-तीन दिनों तक दिन मैं धूप निकलने की संभावना है. इससे लोगों को दिन में राहत मिलेगी. इसके बाद शहर के अधिकतम तापमान में क्रमिक गिरावट होने की संभावना है. पिछले वर्ष में इतना नीचे नहीं गया था तापमान इस सीजन में सर्दी लगातार बनी हुई है.

अगले 10 दिन भारी ठंड के संकेत

मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की और गिरावट संभव है. दिन में आसमान साफ होने के बावजूद ठंड बनी रहेगी.साफ है कि बिहारवासियों को अभी लंबी सर्द रातों और ठिठुरते दिनों के लिए तैयार रहना होगा.

Also Read: School Closed: बिहार के इस जिले में 13 जनवरी तक सभी स्कूल बंद, DM ने जारी किया आदेश

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन