पटना की सड़कों से हटेंगे बाहरी ऑटो, जोन सिस्टम से चलेगा पूरा ट्रैफिक प्लान

Updated at : 12 Apr 2026 12:19 PM (IST)
विज्ञापन
Patna News- 12 April 2026

सांकेतिक तस्वीर

Patna News: पटना की सड़कों पर लगने वाले भीषण जाम से मुक्ति दिलाने के लिए परिवहन विभाग ने एक 'मास्टर प्लान' तैयार किया है. अब पटना शहर में दूसरे जिलों के रजिस्टर्ड ऑटो और ई-रिक्शा की एंट्री बैन होने जा रही है. यही नहीं, अब आपके पसंदीदा ऑटो का रूट और नंबर भी बदलने वाला है.

विज्ञापन

Patna News: पटना में बढ़ते ट्रैफिक और अव्यवस्था को देखते हुए परिवहन विभाग अब दूसरे जिलों में रजिस्टर्ड ऑटो और ई-रिक्शा को पटना शहर में चलने की अनुमति नहीं बंद करने जा रहा है.

इसके साथ ही शहर में ‘जोन वाइज’ संचालन लागू किया जाएगा, जिससे सड़कों पर भीड़ कम करने और ट्रैफिक को व्यवस्थित करने की कोशिश की जा रही है.

बाहरी ऑटो पर ‘ब्रेक’

पटना नगर निगम, दानापुर, खगौल और फुलवारी शरीफ की सड़कों पर वाहनों का बोझ कम करने के लिए सरकार ने सख्त रुख अपना लिया है. परिवहन विभाग की नई व्यवस्था के तहत अब केवल पटना शहर में रजिस्टर्ड वाहनों को ही यहां चलने की अनुमति होगी.

दूसरे जिलों से आकर पटना की सड़कों पर सवारी ढोने वाले ऑटो और ई-रिक्शा को अब अपने मूल जिलों में वापस जाना होगा. विभाग का मानना है कि इस कदम से शहर की सड़कों से करीब 10,000 अवैध वाहन कम हो जाएंगे, जिससे यातायात सुगम होगा और प्रदूषण के स्तर में भी गिरावट आएगी.

तीन रंगों के ‘जोन’ में बंटेगा पटना

नई व्यवस्था के तहत पूरी राजधानी को अलग-अलग ‘कलर जोन’ और रूट कोड में बांटा गया है. अब कोई भी ऑटो चालक अपनी मर्जी से किसी भी रूट पर वाहन नहीं मोड़ सकेगा. येलो जोन: इसमें राजा बाजार, आशियाना, सगुना मोड़ और दानापुर जैसे रूट शामिल हैं (कोड- Z1R1A से Z1R1J).

ग्रीन जोन: यह जोन गांधी मैदान, अशोक राजपथ, पटना सिटी, कंकड़बाग और आईएसबीटी बैरिया जैसे प्रमुख इलाकों को कवर करेगा. ब्लू जोन: इसमें गर्दनीबाग, अनीसाबाद, फुलवारी शरीफ और खगौल जैसे इलाके रखे गए हैं.

हर जोन के लिए वाहनों की संख्या निर्धारित कर दी गई है. उदाहरण के लिए, गांधी मैदान से पटना सिटी अशोक राजपथ रूट पर सबसे ज्यादा 3576 ऑटो को परमिट दिया जाएगा.

25 हजार ऑटो को मिलेगा नया परमिट, ऐसे करें आवेदन

परिवहन विभाग जल्द ही एक नया ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च करने जा रहा है, जहां ऑटो और ई-रिक्शा चालक नए परमिट के लिए आवेदन कर सकेंगे. साल 2014 में जहां केवल 14 हजार परमिट दिए गए थे, वहीं इस बार 26 रूटों पर कुल 25 हजार ऑटो को परमिट जारी किया जाएगा.

परिवहन विभाग के सचिव राजकुमार के अनुसार, जोन वाइज परिचालन शुरू होने से यात्रियों को भी सहूलियत होगी.अब यात्रियों को पता होगा कि किस कलर कोड का ऑटो उन्हें मंजिल तक ले जाएगा. इस व्यवस्था से न केवल अवैध पार्किंग पर लगाम लगेगी, बल्कि सड़कों पर होने वाली ‘ऑटो वॉर’ भी खत्म होगी.

जो ऑटो चालक बिना परमिट या गलत जोन में चलते पकड़े जाएंगे, उन पर भारी जुर्माने के साथ वाहन जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी.

Also Read: आज फिर सीएम नीतीश से सम्राट चौधरी ने की मुलाकात, 25 मिनट तक हुई बातचीत

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन