बिहार के गांवों तक बस सेवा का विस्तार, 800 नए बस स्टॉप बदल देंगे यात्रा का अंदाज

Updated at : 22 Mar 2026 8:45 AM (IST)
विज्ञापन
Bihar News

सांकेतिक तस्वीर

Bihar News: बिहार में गांवों में रहने वाले लोगों को कई बार दूर तक पैदल चलकर सड़क तक पहुंचना पड़ता है. अब इस समस्या को खत्म करने के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. राज्य में 800 नए बस स्टॉप बनाए जाएंगे, जिससे सफर आसान होने वाला है.

विज्ञापन

Bihar News: बिहार में सफर करने वाले आम यात्रियों के लिए परिवहन विभाग एक बड़ी राहत लेकर आया है.गांव-गांव तक बसों की पहुंच आसान बनाने के लिए राज्य के 1640 नए रूटों पर 800 आधुनिक बस स्टॉप बनाने का फैसला लिया गया है.

इस कदम से न केवल घंटों का इंतजार खत्म होगा, बल्कि यात्रियों को सुरक्षा और सुविधाओं का नया अनुभव भी मिलेगा.

किन शहरों की चमकेगी किस्मत?

परिवहन विभाग की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, बस स्टॉप निर्माण के लिए बजट और अनुमति दोनों मिल चुकी है. पटना के अलावा गया, भागलपुर, छपरा, दरभंगा, पूर्णिया, सीतामढ़ी और राजगीर जैसे प्रमुख शहरों में इनका जाल बिछाया जाएगा.

अधिकारियों का लक्ष्य है कि दिसंबर से पहले इन सभी 800 बस स्टॉप का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाए ताकि सर्दियों में यात्रियों को सुविधा मिल सके.

हाईटेक कैमरों से होगी आपकी सुरक्षा

महिला और बुजुर्ग यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभाग ने एक बड़ा कदम उठाया है. रिपोर्ट के मुताबिक, इन सभी बस स्टॉप को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जाएगा, जिनका सीधा कनेक्शन स्थानीय पुलिस कंट्रोल रूम से होगा.

इससे देर रात या अलसुबह सफर करने वाले यात्रियों, खासकर अकेले सफर करने वाली महिलाओं को किसी भी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.

बस कहां पहुंची? अब फोन पर नहीं, स्क्रीन पर दिखेगा

अक्सर यात्री इस बात से परेशान रहते हैं कि उनकी बस कितनी देर में आएगी. अब हर बस स्टॉप पर कंप्यूटराइज्ड डिस्प्ले लगाया जाएगा, जहां बसों की लाइव लोकेशन और समय की जानकारी मिलती रहेगी.

दिव्यांगजनों के लिए विशेष रोप-वे और बुजुर्गों के बैठने की खास व्यवस्था की जाएगी, ताकि समाज के हर वर्ग के लिए सफर सुगम बन सके.

ड्राइवरों के लिए भी खास इंतजाम

सिर्फ यात्री ही नहीं, बल्कि लंबी दूरी की बसें चलाने वाले ड्राइवरों का भी ख्याल रखा गया है, विभाग एक ऐसा प्रस्ताव तैयार कर रहा है जिसमें ड्राइवरों के ठहरने और आराम करने की व्यवस्था होगी.

ड्राइवरों को पर्याप्त आराम मिलने से सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी. पुराने और जर्जर हो चुके बस स्टॉप की पहचान कर उन्हें भी जल्द दुरुस्त किया जाएगा.

Also Read: बिहार के इन दो जिलों में बनेंगे न्यूक्लियर पावर प्लांट, 1400 मेगावाट बिजली का होगा उत्पादन

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन