बिहार गौरव पार्क से पटना हाट तक, CM नीतीश कुमार का निर्देश-जल्द पूरा करें प्रोजेक्ट्स

बिहार के प्रोजेक्ट्स का निरीक्षण का निरक्षण करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
Bihar News: पटना में चल रही बड़ी विकास परियोजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक्शन मोड में नजर आए. उन्होंने बिहार गौरव पार्क, बांसघाट शवदाह गृह, पटना हाट और सैरगाह प्रोजेक्ट्स का निरीक्षण कर अधिकारियों को काम तेजी से और बेहतर क्वालिटी के साथ पूरा करने का निर्देश दिया.
Bihar News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को शहर की सूरत बदलने वाली कई महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ‘बिहार गौरव पार्क’, ‘पटना हाट’ और गंगा किनारे बन रही ‘सैरगाह’ का काम युद्ध स्तर पर पूरा करें.
10 एकड़ में फैला बिहार गौरव पार्क न केवल पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों को सूबे के गौरवशाली अतीत से भी रूबरू कराएगा.
बिहार गौरव पार्क
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बांसघाट के पास बन रहे बिहार गौरव पार्क का जायजा लिया. बांसघाट के पास डॉ. राजेंद्र प्रसाद समाधि स्थल और जेपी गंगा पथ के बीच बन रहा ‘बिहार गौरव पार्क’ पटना का नया लैंडमार्क बनने जा रहा है. इस थीम पार्क में महान खगोलशास्त्री आर्यभट्ट, कूटनीति के ज्ञाता चाणक्य, सम्राट अशोक और लोकनायक जयप्रकाश नारायण जैसी विभूतियों की प्रेरणादायक कहानियां उकेरी जाएंगी.’माउंटेन मैन’ दशरथ मांझी के संघर्ष को भी यहां विशेष स्थान मिलेगा.
मुख्यमंत्री ने साफ किया कि यह पार्क केवल घूमने की जगह नहीं, बल्कि बिहार की स्थापत्य कला जैसे नालंदा और विक्रमशिला के वैभव को पुनर्जीवित करने का एक माध्यम होगा.
अंतिम विदाई का सम्मान
मुख्यमंत्री ने केवल पर्यटन ही नहीं, बल्कि जनसुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया है. साढ़े चार एकड़ में फैले बांसघाट शवदाह गृह का नवीनीकरण कार्य अंतिम चरण में है.
नीतीश कुमार ने निर्देश दिया कि नए मुक्तिधाम के साथ-साथ पुराने परिसर में भी सभी नागरिक और धार्मिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं. यहां दाह संस्कार के साथ-साथ परिजनों के बैठने और अन्य सांस्कृतिक क्रियाकलापों के लिए बेहतर इंतजाम किए जा रहे हैं.
पटना हाट और सैरगाह
मुख्यमंत्री ने सभ्यता द्वार से कलेक्ट्रेट घाट तक बन रहे सैरगाह का जायजा लिया. इस पूरे रास्ते को पैदल चलने वालों के लिए बेहद खूबसूरत बनाया जा रहा है, जहां आधुनिक स्ट्रीट लाइट, बैठने के लिए सिटिंग एरिया और छतरीनुमा स्तंभ लगाए जाएंगे.
इसके साथ ही ‘पटना हाट’ का निर्माण भी तेजी से चल रहा है, जहां लोग खरीदारी के साथ-साथ बिहार के व्यंजनों का लुत्फ उठा सकेंगे. सभ्यता द्वार से सैरगाह के जुड़ जाने के बाद पटना वासियों को मरीन ड्राइव जैसा एक विश्वस्तरीय अनुभव मिलेगा. सरकार का फोकस सिर्फ इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं, बल्कि शहर की पहचान और विरासत को भी मजबूत करना है.
Also Read: पटना में फिर चलेगा बुलडोजर, DM ने जारी किया एक्शन प्लान, 30 अप्रैल तक चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




