पटना में फिर चलेगा बुलडोजर, DM ने जारी किया एक्शन प्लान, 30 अप्रैल तक चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान

Updated at : 28 Mar 2026 9:30 PM (IST)
विज्ञापन
patna bulldozer action

बुलडोजर एक्शन की सांकेतिक तस्वीर

Bulldozer Action In Patna: पटना में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है. 1 से 30 अप्रैल तक चलने वाले विशेष अभियान में राजधानी के प्रमुख इलाकों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए 9 टीमें कार्रवाई करेंगी.

विज्ञापन

Bulldozer Action In Patna: पटना में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन एक बार फिर सख्त रुख अपनाने जा रहा है. डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम के निर्देश पर बुधवार से विशेष अभियान को तेज किया जाएगा. इसके लिए 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक का विस्तृत कैलेंडर जारी किया गया है, जिसके तहत पूरे महीने अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई होगी.

6 अंचल और 3 नगर परिषदों में चलेगा अभियान

यह अभियान नगर निगम के छह अंचलों- नूतन राजधानी, पाटलिपुत्र, कंकड़बाग, बांकीपुर, अजीमाबाद और पटनासिटी के साथ-साथ नगर परिषद खगौल, फुलवारीशरीफ और दानापुर में चलाया जाएगा. अभियान को प्रभावी बनाने के लिए डीएम और एसएसपी ने कुल 9 विशेष टीमों का गठन किया है, जो अपने-अपने क्षेत्रों में कार्रवाई करेंगी.

मल्टी-एजेंसी ऑपरेशन, कई विभाग होंगे शामिल

इस विशेष अभियान को मल्टी-एजेंसी ऑपरेशन के रूप में चलाया जाएगा. इसमें प्रशासन, पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, परिवहन, नगर निगम, राजस्व, पथ निर्माण, स्वास्थ्य, अग्निशमन, बिजली, दूरसंचार और वन विभाग समेत कई विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मिलकर काम करेंगे.

इन प्रमुख सड़कों को रखा जाएगा अतिक्रमण मुक्त

अभियान के दौरान राजधानी की प्रमुख सड़कों और इलाकों पर विशेष फोकस रहेगा. इनमें नेहरू पथ, सगुना मोड़ से दानापुर रेलवे स्टेशन, बोरिंग रोड, अटल पथ, पटना स्टेशन रोड, कंकड़बाग मेन रोड, गांधी मैदान क्षेत्र, अशोक राजपथ और जेपी गंगा पथ शामिल हैं.

टी-प्वाइंट और चौक-चौराहों पर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति

प्रशासन ने टी-प्वाइंट, गोलंबर और सभी प्रमुख चौक-चौराहों के 20 मीटर के दायरे को ‘जीरो टॉलरेंस जोन’ घोषित किया है. यहां किसी भी तरह का अतिक्रमण बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमित निगरानी के साथ रिपोर्टिंग भी होगी.

अस्पतालों के आसपास अतिक्रमण पर पूरी तरह रोक

आईजीआईएमएस, पीएमसीएच, एनएमसीएच और एम्स पटना जैसे बड़े अस्पतालों के आसपास विशेष सतर्कता बरती जाएगी. मरीजों और एंबुलेंस की आवाजाही बाधित न हो, इसके लिए इन क्षेत्रों में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण सख्ती से हटाया जाएगा.

फुटपाथ और पार्किंग पर भी कार्रवाई, जुर्माने का प्रावधान

फुटपाथों पर लगी अवैध दुकानों और सड़कों पर की जा रही अवैध पार्किंग के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई होगी.

  • अस्थायी अतिक्रमण पर 5,000 जुर्माना
  • स्थायी अतिक्रमण पर 20,000 जुर्माना

इसके अलावा सामान जब्त करने और पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराने के निर्देश दिए गए हैं.

दोबारा अतिक्रमण पर होगी एफआईआर

डीएम ने साफ निर्देश दिया है कि जो लोग दोबारा अतिक्रमण करते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ अनिवार्य रूप से प्राथमिकी दर्ज की जाएगी. आदतन अतिक्रमणकारियों की पहचान कर उन पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.

ट्रैफिक पुलिस भी चलाएगी विशेष अभियान

अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस भी वाहन चेकिंग अभियान चलाएगी. भीड़ या जाम की स्थिति पैदा करने वालों के खिलाफ रिपोर्ट के आधार पर नोटिस जारी कर कार्रवाई की जाएगी. पूरे अभियान की मॉनिटरिंग के लिए पांच सदस्यीय टीम गठित की गई है. इसमें ट्रैफिक एसपी, एडीएम नगर-व्यवस्था, एसपी सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था, अपर नगर आयुक्त और सिटी मजिस्ट्रेट शामिल हैं.

जाम और दुर्घटनाएं कम करने पर फोकस

प्रशासन ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सड़क, फुटपाथ और सर्विस लेन को प्राथमिकता के आधार पर अतिक्रमण मुक्त कराया जाए. ‘शून्य सहिष्णुता’ नीति अपनाते हुए यह अभियान चलाया जाएगा, ताकि राजधानी में जाम और सड़क हादसों को कम किया जा सके.

Also Read: पटना पुलिस ने मुंबई से फर्जी म्यूजिक डायरेक्टर को किया गिरफ्तार, डॉक्टर को लगाया था 70 लाख का चूना

विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन