फॉलोअप : पटना में पुलिस अधिकारी की बेटी पर फायरिंग, पूर्व प्रेमी ने पहले भगाया, फिर दुकान से खींचकर गोली मारी

Updated:
विज्ञापन

एआइ से बनायी गयी तस्वीर

पटना के दानापुर में पुलिस अधिकारी की नाबालिग बेटी को पहले बाइक सवार बदमाशों ने भगाया और फिर टेलर की दुकान से खींचकर गोली मार दी. पढ़िए ताजा अपडेट…

विज्ञापन

Patna Girl Firing : राजधानी पटना के दानापुर में रविवार शाम नाबालिग लड़की को दुकान से खींचकर गोली मारने वाले बदमाश अभी भी फरार हैं. घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस बदमाशों का सुराग लगाने में नाकाम रही है. हालांकि, पुलिस सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. वहीं जख्मी लड़की व उसकी वजह से हुई गोलीबारी में घायल रैपिडो चालक खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

एफएसएल की टीम कई साक्ष्य जुटाए

घटना को लेकर नई जानकारियां सामने आई हैं. जख्मी छात्रा दसवीं कक्षा में पढ़ती है. वह दानापुर के ही एसकेपुरी रोड नंबर 17 निवासी एक पुलिस अधिकारी की पुत्री है. घटना को अंजाम देने वाले बदमाश युवक लड़की का पूर्व प्रेमी बताया जा रहा है.

सोमवार को घटनास्थल पर एफएसएल की टीम ने जांच की और 315 बोर का दो खोखा बरामद किया. टीम ने घटनास्थल से कई नमूने भी जुटाए हैं.

घटना रविवार की शाम आरपीएस मोड़, आर्य समाज रोड में सीबीआई के पूर्व निदेशक अनिल कुमार सिन्हा के आवास से चंद कदम की दूरी पर हुई थी. बाइक सवार दो बदमाशों ने छात्रा व रैपिडो चालक को गोली मारकर जख्मी कर दिया था.

छात्रा को निशाना बनाकर चलाई गोली, झुकने पर रैपिडो चालक को लगी

बताया जाता है कि रविवार की शाम छात्रा रैपिडो गाड़ी पर सवार होकर एसकेपुरी रोड नंबर 17 स्थित अपने घर जा रही थी. बाइक सवार दो युवक छात्रा का पीछा कर रहे थे. जैसे ही आरपीएस मोड़ के पास रैपिडो गाड़ी धीमी हुई, बाइक सवार एक युवक ने पिस्टल निकालकर छात्रा पर गोली चला दी. गोली से बचने के लिए छात्रा झुक गई, जिससे गोली रैपिडो चालक राहुल कुमार, निवासी लखनी बिगहा, की कमर में लग गई. गोली लगने के बाद राहुल गाड़ी लेकर वहीं गिर गया.

टेलर की दुकान में छिपी छात्रा को बदमाशों ने खींचकर निकाला

इसके बाद छात्रा अपनी जान बचाकर भागी और आर्य समाज रोड स्थित एक परिचित टेलर की दुकान में घुस गई. उसने टेलर मास्टर के पीछे छिपकर कहा कि जान बचा लीजिए अंकल. पीछा करते हुए दोनों बदमाश टेलर की दुकान में भी घुस गए और टेलर मास्टर को धमकाते हुए लड़की को बाहर निकालने के लिए कहा.

एक बदमाश ने लड़की को खींचकर बाहर निकालने का प्रयास किया. इसी दौरान वह जमीन पर गिर गई. तभी दूसरे बदमाश ने उस पर गोली चला दी, जो उसके दाहिने कंधे में लगी. घटना को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश बाइक पर सवार होकर पिस्टल लहराते हुए आरपीएस मोड़ की ओर फरार हो गए.

परिजनों ने छात्रा को निजी अस्पताल में कराया भर्ती

जख्मी छात्रा ने टेलर मास्टर के मोबाइल से अपने परिजनों को घटना की सूचना दी. इसके बाद वह जख्मी हालत में पैदल अपने घर की ओर जा रही थी. रास्ते में परिजन पहुंच गए, जिसके बाद उसे इलाज के लिए राजा बाजार स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहीं, रैपिडो चालक राहुल को जख्मी हालत में लोगों ने इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया.

इसे भी पढ़ें : मारना था लड़की को, लग गयी रैपिडो चालक को, दुकान में छिपी नाबालिग को एक ने खींचकर निकाला तो दूसरे ने मारी गोली

पुलिस ने प्रेम प्रसंग का मामला बताया

सिटी एसपी पश्चिमी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा सामने आया है. वहीं एसडीपीओ अजीत कुमार ने बताया कि प्रेम प्रसंग में पूर्व प्रेमी ने छात्रा को गोली मारकर जख्मी कर दिया है. जख्मी छात्रा के बयान पर दो युवकों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है.

एसडीपीओ ने बताया कि एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया है. सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

इसे भी पढ़ें : पटना में युवती को दुकान से खींचकर गोली मारने वाला आरोपी 24 घंटे बाद भी पुलिस की पकड़ से दूर, SHO बोले- जांच जारी है



विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन