ePaper

Bihar Ka Mausam: बिहार में हाड़ कंपाने वाली ठंड, पटना में रिकॉर्ड तोड़ गिरावट, इन 16 जिलों में Cold Day का अलर्ट जारी

Updated at : 21 Dec 2025 7:19 AM (IST)
विज्ञापन
Bihar Ka Mausam 21Dec 2025

Bihar Ka Mausam 21Dec 2025

Bihar Ka Mausam: बिहार में सर्दी ने इस बार सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. हालात ऐसे हैं कि दिन में धूप निकलने की बजाय लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेने को मजबूर हैं. राजधानी पटना में दिसंबर की ठंड ने पिछले 14 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है, वहीं राज्य के 16 जिलों में कोल्ड-डे की स्थिति बनी हुई है. IMD के अनुसार अभी राहत की उम्मीद न करें, ठंड का यह दौर लंबा चलने वाला है

विज्ञापन

Bihar Ka Mausam: बिहार इस वक्त बर्फीली हवाओं और घने कोहरे की ऐसी चादर में लिपटा है जिसने जनजीवन की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है. IMD ने चेतावनी दी है कि अगले 48 घंटों में राज्य के 16 जिलों में ‘Cold Day’ का कहर जारी रहेगा और आसमान में बादलों तथा कोहरे की वजह से धूप निकलने के आसार बेहद कम हैं.

उत्तर ध्रुव पर ‘पोलर वोर्टेक्स’ में आई दरार और ला नीना के प्रभाव ने इस बार दिसंबर में ही जनवरी जैसी ठिठुरन पैदा कर दी है.

दिन में ज्यादा ठंड, रात अपेक्षाकृत कम

इस बार की ठंड की खास बात यह है कि रात की तुलना में दिन अधिक सर्द लग रहे हैं. आमतौर पर बिहार में रात का पारा ज्यादा गिरता है, लेकिन इस बार कोहरे की मोटी परत और ठंडी हवाओं के कारण दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 6 से 8 डिग्री तक नीचे चला गया है. पटना में न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री रहा, जबकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच का अंतर महज 3.8 डिग्री दर्ज हुआ, जो Cold Day की स्पष्ट पहचान है.

16 जिलों में घना कोहरा, धूप नदारद

IMD के अनुसार रविवार को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और गया में सुबह से घना कोहरा छाया रहा.

इन जिलों में शनिवार को भी Cold Day जैसी स्थिति बनी रही और आज भी धूप निकलने की संभावना बेहद कम बताई जा रही है. पटना समेत पश्चिम और मध्य बिहार के इलाकों में दिनभर सर्द हवाओं का असर बना रहेगा.

सबसे ठंडे जिले, जहां दिन का पारा सबसे नीचे

शनिवार को राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 15 से 17 डिग्री के बीच दर्ज किया गया. पूसा में 15 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 15.2 डिग्री, जिरादेई, दरभंगा और मधुबनी में 15.6 डिग्री, मोतिहारी और वाल्मीकिनगर में 16 डिग्री तथा मधेपुरा में 16.1 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज हुआ. फारबिसगंज और किशनगंज को छोड़ दें तो लगभग पूरे बिहार में दिन का पारा 20 डिग्री से नीचे ही बना रहा.

क्यों इतनी बढ़ गई है ठंड?

IMD के अनुसार, हिमालयी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों से बर्फीली पछुआ हवाएं बिहार तक पहुंच रही हैं. इसके साथ ही ला नीना की स्थिति और उत्तरी ध्रुव के ऊपर बनने वाले पोलर वोर्टेक्स में आई कमजोरी ने ठंड को और तीखा कर दिया है. इससे ठंडी हवाएं अपने दायरे से बाहर निकलकर मैदानी इलाकों तक पहुंच रही हैं, जिसका असर पूरे उत्तर भारत में शीतलहर के रूप में दिख रहा है.

ठंड से कब मिलेगी राहत?

IMD का कहना है कि अगले चार से पांच दिनों तक बिहार में ठंड और कोहरे से राहत मिलने की संभावना कम है. 21 और 22 दिसंबर को पश्चिम और मध्य बिहार के कुछ हिस्सों में कोल्ड-डे जैसी स्थिति बनी रह सकती है. 23 दिसंबर के बाद कोहरा कुछ हद तक छंट सकता है, लेकिन तापमान में गिरावट जारी रहेगी. 25 दिसंबर के आसपास एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है.

लगातार बढ़ती ठंड और कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो रहा है. सुबह और देर रात यात्रा करने वालों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है. बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को ठंड से बचाने के लिए गर्म कपड़े और सावधानियां जरूरी हैं, क्योंकि आने वाले दिनों में शीतलहर और तेज हो सकती है.

Also Read: दिल्ली की दमघोंटू हवा से हलक में अटकी जान, हिल स्टेशनों की ओर भाग रहे लोग, देखें वीडियो

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन