ePaper
Live Updates

Bihar Breaking News Live: फुटबॉल खिलाड़ी की चाकू गोदकर हत्या, लड़कों के बीच झगड़ा छुड़ाना पड़ गया भारी

Updated at : 28 Jul 2023 10:42 PM (IST)
विज्ञापन
Bihar Breaking News Live: फुटबॉल खिलाड़ी की चाकू गोदकर हत्या, लड़कों के बीच झगड़ा छुड़ाना पड़ गया भारी

Bihar Breaking News Live: बिहार में राजनीतिक हलचल, सड़क हादसे, शिक्षा, खेल, क्राइम व मौसम समेत अन्य किसी भी क्षेत्र की तमाम छोटी-बड़ी खबरों से सबसे पहले रूबरू होने के लिए पढ़ें prabhatkhabar.com के Bihar Live सेक्शन को...

विज्ञापन
Auto-updating every 30s
10:42 PM. 28 Jul 2310:42 PM. 28 Jul

एक शराबी सहित चार गिरफ्तार

चौथम. थाना क्षेत्र अंतर्गत एक शराबी सहित चार आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष सत्यव्रत सिंह ने बताया कि नौरंगा निवासी राजनीति पासवान के पुत्र मिथिलेश पासवान को शराब के नशे में गिरफ्तार किया गया. इसके अलावा संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए फर्रेह निवासी नियाजुल, राजाउद्दीन व महेशखूंट थाना क्षेत्र के मदारपुर निवासी प्रह्लाद कुमार को धारा 109 के तहत गिरफ्तार किया गया. सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है.

10:42 PM. 28 Jul 2310:42 PM. 28 Jul

दानापुर बेंगलुरु स्पेशल ट्रेन में लगाये गये चार अतिरिक्त एसी कोच

पटना. यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दानापुर व बेंगलूरु के बीच चलने वाली 03259/03260 दानापुर-एसएमभीवी स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया जा रहा है. बढ़ती भीड़ देखते हुए रेलवे ने इस ट्रेन में चार अतिरिक्त एसी कोच लगाने का निर्णय लिया है. इस ट्रेन में अब 24 कोच होंगे. जबकि वर्तमान में इस ट्रेन में साधारण श्रेणी के 18 कोच एवं एसएलआर के 2 कोच सहित कुल 20 कोच हैं. यह बदलाव अगामी एक अगस्त से तथा एसएमभीवी, बेंगलूरू से तीन अगस्त से प्रभावी होंगे.

10:42 PM. 28 Jul 2310:42 PM. 28 Jul

फुटबॉल खिलाड़ी की चाकू गोदकर हत्या

बेतिया में लड़कों के दो गुटों के बीच हुए झगड़े को छुड़ाना फुटबॉल खिलाड़ी का काफी महंगा पड़ गया और उसे इसकी कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ी. विवाद सुलझाने के दौरान लड़कों ने चाकू गोदकर उसे मौत के घाट उतार दिया. घटना कालीबाग ओपी क्षेत्र के छावनी की है.

10:42 PM. 28 Jul 2310:42 PM. 28 Jul

कोर्ट परिसर से साइकिल चोरी करता चोर गिरफ्तार

सहरसा. सदर एसडीओ कोर्ट परिसर से साइकिल चोरी कर ले जा रहे एक चोर को समाहरणालय गेट के निकट तैनात सुरक्षाकर्मियों ने साइकिल के साथ पकड़ कर सदर थाना के हवाले किया. साइकिल चोर अपना नाम कुंदन कुमार व घर जोड़ी नवहट्टा बता रहा था. जानकारी के अनुसार, सदर एसडीओ कोर्ट के निकट जन्म प्रमाण पत्र बनाने के लिए धमसेना निवासी छोटन ठाकुर आये थे. जहां वह अपनी साइकिल को ताला बंद कर कार्यालय गये थे.

10:42 PM. 28 Jul 2310:42 PM. 28 Jul

टाटा- दानापुर ट्रेन से शराब बरामद

झाझा. राजकीय रेल पुलिस ने टाटा-दानापुर एक्सप्रेस के साधारण बोगी के शौचालय के पास से शराब बरामद की है. जीआरपी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि सूचना मिली कि उक्त ट्रेन में शराब माफियाओं द्वारा शराब ढोई जा रही है. जैसे ही ट्रेन झाझा प्लेटफॉर्म पर आकर रुकी तभी पुलिस के जवान छापेमारी शुरू की. साधारण बोगी के शौचालय के पास से मिले थैले में इंपीरियल ब्लू 750 एमएल 12 बोतल, एवीएन ऑफिसर चॉइस 12 बोतल व 180 एमएल का देसी शराब पायी गयी. थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गयी है.

10:42 PM. 28 Jul 2310:42 PM. 28 Jul

शनिवार और रविवार को खुले रहेंगे शिक्षा विभाग के कार्यालय

भागलपुर : मुहर्रम को लेकर 29 को जिले में सभी सरकारी दफ्तरों में छुट्टी रहेगी. जबकि शिक्षा विभाग के दफ्तर खुले रहेंगे. जानकारी देते हुए डीइओ संजय कुमार ने बताया कि पिछले दिनों सर्वर डाउन रहने के कारण कई कार्य पेंडिंग रह गये हैं, जिसे पूरा करना जरूरी है. इसलिए शनिवार और रविवार को भी जिला शिक्षा कार्यालय खुले रहेंगे.

10:42 PM. 28 Jul 2310:42 PM. 28 Jul

एक किलो 350 ग्राम गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार

कुदरा. थाना क्षेत्र के छोटका रमडीहरा गांव से शुक्रवार को पुलिस ने एक किलो 350 ग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार गांजा तस्कर छोटका रमडीहरा गांव के सूचित प्रसाद धोबी का पुत्र मंटू धोबी बताया जाता है. जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि तस्कर बेचने के लिए भारी मात्रा में गांजा लाया है. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने गांजा के साथ तस्कर को गिरफ्तार का लिया. बताया जाता है कि गांजा तस्कर ओड़िशा में रहकर गांजे की तस्करी करता है. गांजा तस्करी के मामले में ओड़िशा में भी जेल जा चुका हैं. ओड़िशा से गांजा लाकर कैमूर में सप्लाई करता है. तस्कर को हिरासत में लेकर पुलिस अभी पूछताछ कर रही है.

10:42 PM. 28 Jul 2310:42 PM. 28 Jul

अगलगी में बछिया की मौत, गाय झुलसी

मंझौल. ओपी क्षेत्र के मंझौल पंचायत एक के वार्ड दो में गुरुवार की रात में रत्नेश कुमार की गौशाला में आग लगने से बछिया की झुलसकर मौत हो गयी. जबकि एक गाय तथा किसान भी झुलस कर जख्मी हो गये. वहीं लाखों रुपये का भूसा एवं लकड़ी भी जलकर राख हो गया. वहीं लोगों की सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. जबकि आग की लपटों के बीच पेड़ भी झुलस गये.

10:42 PM. 28 Jul 2310:42 PM. 28 Jul

संदिग्ध परिस्थिति में हुई नवविवाहिता की मौत, सास गिरफ्तार

हरसिद्धि : थाना क्षेत्र के हरसिद्धि पकड़िया पंचायत के बड़का पकड़िया गांव वार्ड नंबर 14 में गुरुवार को संदिग्ध परिस्थिति में मौत के शिकार हुई महिला के शव को बरामद किया गया था. जिसमें मृतिका के पिता ने सास, ससुर और पति सहित तीन को नामजद करते हुए थाना में आवेदन दिया है. इसकी पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार ने बताया कि गुरुवार को हरसिद्धि पकड़िया पंचायत के वार्ड नंबर 14 से संदिग्ध परिस्थिति में एक नव विवाहिता के शव को बरामद किया गया था. मृतिका रेखा देवी (20) नथुनी साह के पुत्र अर्जुन साह की पत्नी थी.

10:42 PM. 28 Jul 2310:42 PM. 28 Jul

शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

घोघरडीहा. पुलिस ने शराब तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 42 लीटर नेपाल निर्मित देसी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार तस्कर नगर पंचायत क्षेत्र के किसनीपट्टी वार्ड पांच निवासी सन्तोष मुखिया बताया गया है. थानाध्यक्ष सर्वेश कुमार झा ने कहा कि गुप्त सूचना मिली कि किसनीपट्टी गांव में बड़े पैमाने पर शराब तस्करी की जा रही है. सूचना के तहत एसआई दिनेश सिंह के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया. गठित टीम गांव में छापेमारी की. सन्तोष मुखिया के घर में मिट्टी में गाड़कर रखी शराब को जब्त किया गया है. शराब को जब्त करते हुए तस्कर को गिरफ्तार कर थाने पर लाया गया. एसएचओ ने बताया कि धराए तस्कर को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है.

10:42 PM. 28 Jul 2310:42 PM. 28 Jul

बिशनपुर से कुर्की वारंटी गिरफ्तार

बिहपुर. पुलिस ने थानाक्षेत्र के बिशनपुर में छापेमारी कर कुर्की वारंटी को दबोच लिया. थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कुर्की वारंटी विलास यादव है. जिसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

10:42 PM. 28 Jul 2310:42 PM. 28 Jul

लड़की का अपहर्ता गिरफ्तार

बेतिया. शहर के एक मोहल्ले से शादी की नीयत से अगवा की गयी लड़की के मामले में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपित कुंदन कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. नगर थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि शहर के एक मुहल्ले से सातवीं कक्षा की छात्रा का अपहरण सात जून को कर लिया गया था. मामले में लड़की के पिता ने शहर के हीं बसवरिया पिपल चौक निवासी कुंदन कुमार एवं चंदन कुमार के विरुद्ध में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. लड़की को पुलिस ने बरामद कर लिया था. लेकिन आरोपित फरार चल रहा था. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी कर कुंदन को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है. जिसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

10:42 PM. 28 Jul 2310:42 PM. 28 Jul

रंगदारी के आरोप में एक गिरफ्तार

नौहट्टा. थाना क्षेत्र अंतर्गत बलतुआ गांव निवासी श्री दयाल महतो को रंगदारी करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया है. थानाध्यक्ष जीतेंद्र यादव ने बताया कि न्यायालय में महतो पर रंगदारी करने का आरोप लंबित है तथा न्यायालय में काफी समय से उपस्थित नहीं होने के कारण वारंट भी जारी कर दिया गया है.

2:58 PM. 28 Jul 232:58 PM. 28 Jul

मुजफ्फरपुर में हॉस्टल बिल्डिंग से गिरकर छात्र की मौत

मुजफ्फरपुर के एक एग्रीकल्चर कॉलेज के हॉस्टल में रहने वाला छात्र अचानक आधी रात को तीसरे मंजिल से नीचे गिर गया. जिससे उसकी मौत हो गयी. मृतक का नाम सामार्य बताया जा रहा है जो बंगाल का रहने वाला था. चौथे सेमेस्टर का वह छात्र था. मामले की जांच सकरा थाने की पुलिस कर रही है.

2:58 PM. 28 Jul 232:58 PM. 28 Jul

गोपालगंज में किसान की हत्या

गोपालगंज के उचका गांव थाना क्षेत्र में एक किसान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी. हत्यारोपित घर छोड़कर फरार हो गए हैं. पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है. मामला मनबोध परसौनी का है. सिंचाई करने के दौरान हत्या की घटना को अंजाम देने की बात सामने आ रही है.

2:58 PM. 28 Jul 232:58 PM. 28 Jul

मोतिहारी में महिला की पिटाई पर महिला आयोग सक्रिय 

बिहार के पूर्वी चंपारण के रामगढ़वा प्रखण्ड के सकरार गांव में एक महिला को जब उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया था तो दोनों की पिटाई की गयी थी. दोनों को पोल में बांधकर पति व कुछ ग्रामीणों ने पीटा था. इस घटना का वीडियो भी वायरल हुआ. महिला आयोग ने अब इस मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए डीजीपी से रिपोर्ट मांगी है. वहीं भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है.

1:42 PM. 28 Jul 231:42 PM. 28 Jul

पूर्व विधायक महेंद्र नारायण झा आजाद के निधन पर सीएम ने जताया शोक

पूर्व विधायक महेन्द्र नारायण झा आजाद के निधन पर सीएम ने शोक जताया है. उन्होंने कहा है कि पूर्व विधायक महेन्द्र नारायण झा आजाद जी का निधन दुःखद है. वह एक कुशल राजनेता एवं समाजसेवी थे. उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें.

1:29 PM. 28 Jul 231:29 PM. 28 Jul

रक्सौल स्टेशन को उड़ाने की धमकी देने वाला गिरफ्तार

रक्सौल स्टेशन को उड़ाने की धमकी देने वाले को बेतिया से गिरफ्तार कर लिया गया है. नगर थाना क्षेत्र के लाल बाग से मुजफ्फरपुर निवासी संदीप कुमार को गिरफ्तार किया गया है. युवक मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है.

1:29 PM. 28 Jul 231:29 PM. 28 Jul

बेगूसराय में दुष्कर्म व हत्या के आरोपित के खिलाफ गुस्सा

बेगूसराय में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म और हत्या के आरोपित के खिलाफ लोगों का आक्रोश अब बढ़ गया है. आरोपित के घर पर तोड़फोड़ की गयी है जबकि आरोपित की गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया गया. जानकारी के मुताबिक, तीन आरोपितों की गिरफ्तारी हुई है.

1:29 PM. 28 Jul 231:29 PM. 28 Jul

ताजिया जुलूस की ड्रोन से निगरानी

भागलपुर में ताजिया जुलूस की ड्रोन से निगरानी की जा रही है. मुहर्रम को लेकर कई क्षेत्र में ड्रोन कैमरा आसमान में तैनात किए गए हैं. उनके ऑपरेटर लगातार कैमरे के माध्यम से चौकसी कर रहे हैं.

1:29 PM. 28 Jul 231:29 PM. 28 Jul

आरा में ट्रेन से गिरकर यात्री की मौत

आरा रेलवे स्टेशन के सिग्नल के पास ट्रेन से गिरकर एक रेल यात्री की मौत हो गई. मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर निवासी लक्ष्मण के रूप में की गयी. बताया जा रहा है कि पासपोर्ट वेरिफिकेशन करवाकर पटना पासपोर्ट ऑफिस से वापस लौटने के क्रम में इस घटना का शिकार बने.

1:29 PM. 28 Jul 231:29 PM. 28 Jul

पूर्व विधायक महेन्द्र झा आजाद का निधन

दरभंगा के घनश्यामपुर और बेनीपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक महेन्द्र झा आजाद का निधन हो गया. लंबे समय से बीमार चल रहे महेन्द्र झा आजाद ने प्राण त्याग दिए. 98 साल की उम्र में गुरुवार की देर रात पैतृक गांव महिनाम में उन्होंने आखिरी सांस ली.

1:29 PM. 28 Jul 231:29 PM. 28 Jul

सीवान में जब्त की गयी ट्रक गायब

सीवान. छपरा-सीवान मुख्य पथ पर बालू लदे ओवर लोड ट्रकों के अवैध परिचालन पर खनन विभाग द्वारा करवाई की गयी थी. एक महीने पूर्व डीटीओ सीवान व एसडीओ महाराजगंज के द्वारा संयुक्त रूप से छापेमारी कर के बिना मानक के चल रहे लगभग आधा दर्जन से अधिक ट्रकों को जब्त किया गया था. सूत्रों का कहना है कि जब्त ट्रक में से एक ट्रक एनएच पर से गायब है. जो स्थानीय बाजार से पूरब एवं ब्लॉक के सामने खड़ी थी. ट्रक गायब हो जाने की सूचना से चर्चाओं का बाजार गर्म है. इस संबंध में थानाप्रभारी प्रवीण प्रभाकर का कहना है कि ट्रक नहीं होने की सूचना लोगों द्वारा कही जा रही है. लेकिन इसकी जांच की जा रही है. जानकारी होने पर सूचना दी जायेगी.

1:29 PM. 28 Jul 231:29 PM. 28 Jul

मुहर्रम जुलूस में झुलसे लोगों को रेफर करने की तैयारी

गोपालगंज में मुहर्रम के जुलूस में लेकर चल रहे ताजिया में करंट दौड़ गया. जिससे कई लोग जख्मी हुए हैं. गोपालगंज के सदर अस्पताल में सबका इलाज चल रहा है. कुछ लोगों को अधिक गंभीर देखते हुए अब गोरखपुर रेफर करने की तैयारी चल रही है. घटना उचकागांव के हरपुर धर्मचक की है.

1:29 PM. 28 Jul 231:29 PM. 28 Jul

गोपालगंज में स्कॉर्पियो सवार लोगों ने किया युवती का अपहरण, प्राथमिकी दर्ज

गोपालगंज के भोरे थाना क्षेत्र के तिलक डूमर गांव में स्कॉर्पियो सवार कुछ लोगों ने खेत में काम कर रही एक युवती का अपहरण कर लिया. घटना के बाद युवती की मां के बयान पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. प्राथमिकी के लिये दिये आवेदन में पीड़िता ने बताया है कि वह अपनी पुत्री के साथ खेत में काम कर रही थी. इसी दौरान एक स्कॉर्पियो गाड़ी से उसी गांव के कुछ लोग आये और जबरन उनकी पुत्री को गाड़ी में बैठा कर ले कर चले गये. काफी खोजबीन के बाद भी जब कहीं पता नहीं चला, तो स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.

1:29 PM. 28 Jul 231:29 PM. 28 Jul

 गोपालगंज में मुहर्रम के जुलूस में दौरान दौड़ा करंट

गोपालगंज से इस समय बड़ी खबर सामने आ रही है जहां मुहर्रम के दौरान जुलूस में करंट दौड़ा. ताजिया हाईटेंशन तार से टकरा गयी जिसमें दस लोग झुलस गए. घटना उचकागांव के हरपुर धर्मचक की है. जख्मी का इलाज अस्पताल में चल रहा है.

1:29 PM. 28 Jul 231:29 PM. 28 Jul

बेगूसराय में बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या

बेगूसराय में एक दस साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया. रेप के बाद बच्ची की हत्या कर दी गयी और शव को बेसमेंट में छिपा दिया गया.  बीती रात पुलिस ने शव को बरामद किया है.बछवारा थाना क्षेत्र के चमथा- 1 पंचायत के छोटकी गांव की ये घटना है.24 जुलाई को मेहंदी तोड़ने बच्ची घर से निकली थी. दरिंदों ने उसे अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म किया और हत्या कर दी.

1:29 PM. 28 Jul 231:29 PM. 28 Jul

भागलपुर के साहेबगंज में तनाव

भागलपुर के साहेबगंज मोहल्ले में बुधवार रात दो पक्षों के बीच नारेबाजी को लेकर हुए विवाद ने गुरुवार दोपहर उस वक्त और तूल पकड़ लिया, जब तीन मवेशी व्यापारियों को दूसरे पक्ष के लोगों ने बुरी तरह से पीट कर घायल कर दिया. मामले में गुलाब नामक मवेशी व्यापारी के लिखित आवेदन पर तीन नामजद और तीन अज्ञात युवकों के विरुद्ध मारपीट को लेकर केस दर्ज कराया गया है. 

1:29 PM. 28 Jul 231:29 PM. 28 Jul

सिवान में सड़क हादसे में तीन की मौत

सिवान: सहायक सराय ओपी क्षेत्र के हरदिया पासवान चौक के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवर तीन युवकों की मौत हो गयी, जिनमें से दो की पहचान कर ली गयी है. तीसरे युवक की पहचान में पुलिस जुटी हुई है. परिजनों ने बताया कि तीनों एक ही बाइक से बुधवार की रात कहीं जा रहे थे कि 2 बज कर 10 मिनट पर अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी. इसमें आंदर थाना क्षेत्र के भरौली गांव निवासी कुंदेव साह के पुत्र छोटू साह और बलईपुर गांव निवासी योगेंद्र चौरसिया के पुत्र नितेश कुमार की मौत हो गयी. परिजनों ने बताया की नितेश और छोटू घर से बोल कर निकले थे कि हम लोग बगल के गांव बड़हुलिया में एक जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के लिए जा रहे हैं और 11:00 बजे तक लौट आयेंगे. गुरुवार की सुबह हादसे की सूचना मिली.

1:29 PM. 28 Jul 231:29 PM. 28 Jul

सहरसा में किसानों को मारी गोली

बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के नगर परिषद अंतर्गत वार्ड 12 ढ़ाव गांव में देर शाम बहियार से घर लौट रहे दो पशुपालक किसानों को बदमाशों ने घेरकर गोली मार दी. एक को गोली हाथ में लगी, तो दूसरे किसान को नाक में गोली लगी है. जख्मियों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए सहरसा रेफर कर दिया.

1:29 PM. 28 Jul 231:29 PM. 28 Jul

जीतनराम मांझी के खिलाफ परिवाद दायर

हम पार्टी के मुख्य संरक्षक सह पूर्व सीएम जीतनराम मांझी के खिलाफ शेरशाहवादी समुदाय के खिलाफ गत दिनों आपत्तिजनक बयान देने के मामले में व्यवहार न्यायालय किशनगंज में परिवाद किया गया है. मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में पोठिया के छतरगाछ निवासी मूरसलीन आलम ने पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी और जिलाध्यक्ष शाहजहां के खिलाफ परिवाद दायर किया गया है. परिवाद में कहा गया है कि पूर्व सीएम जीतनराम मांझी के दिये गये गैर जिम्मेदाराना और भ्रामक बयान से संपूर्ण शेरशाहवादी बिरादरी काफी दुखी हैं.

1:29 PM. 28 Jul 231:29 PM. 28 Jul

छपरा नगर निगम की मेयर राखी गुप्ता बर्खास्त

छपरा नगर निगम की मेयर राखी गुप्ता को राज्य निर्वाचन आयोग ने गुरुवार से अयोग्य घोषित कर दिया है. आयोग ने राखी गुप्ता को दो से अधिक संतान होने के आरोप सिद्ध होने के बाद पद से अयोग्य घोषित किया है.

1:29 PM. 28 Jul 231:29 PM. 28 Jul

दरभंगा में 30 जुलाई की शाम चार बजे तक इंटरनेट बंद

दरभंगा जिला प्रशासन ने विज्ञप्ति जारी कर बताया है कि असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से सामाजिक व सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की संभावना है. इस वजह से 30 जुलाई की शाम चार बजे तक सोशल नेटवर्किंग साइट की व्यापक सेवाओं की सुविधा बंद कर दी गयी है. गृह विभाग, बिहार सरकार की ओर से इंडियन टेलीग्राफ एक्ट 1885 की धारा पांच के तहत जारी निर्देश के आलोक में जिला प्रशासन ने यह निर्णय लिया है. जारी निर्देश के अनुसार, फेसबुक, ट्यूटर, व्हाट्सएप, क्यूक्यू, वीचैट, क्यूजोन, ट्यूबलर, गूगल प्लस, बैड़ू, स्काइप, विवेर, लाइन, स्नैप चैट, पिंटरेस्ट, टेलीग्राम, रेडिट, स्नैपटिस, यूट्यूब, विंक, फ्लिपकार्ट एवं अन्य सोशल नेटवर्किंग मैसेज साइट बंद रहेंगे.

7:14 AM. 28 Jul 237:14 AM. 28 Jul

समस्तीपुर में गंगा में डूबने से तीन किशोरों की मौत

समस्तीपुर के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के छोटकी पतसिया व सुल्तानपुर में गंगा के ढाब में डूबने से एक किशोर व दो छात्रों की मौत हो गयी, जिनकी पहचान छोटकी पतसिया के ठगन महतो के पुत्र अनिल कुमार (17) व सुल्तानपुर के राजकुमार सिंह के पुत्र मंगल कुमार (14) और रंजीत सिंह के पुत्र संस्कार कुमार (10) के रूप में की गयी है. पुलिस ने तीनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है.

विज्ञापन
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola