ePaper
Live Updates

Bihar Breaking News Live: मुंगेर बड़ा रेल हादसा टला, जमालपुर स्टेशन के पास तेल से भरी मालगाड़ी में लगी आग

Updated at : 16 Aug 2023 10:53 PM (IST)
विज्ञापन
Bihar Breaking News Live: मुंगेर बड़ा रेल हादसा टला, जमालपुर स्टेशन के पास तेल से भरी मालगाड़ी में लगी आग

Bihar Breaking News Live: बिहार में राजनीतिक हलचल, सड़क हादसे, शिक्षा, खेल, क्राइम व मौसम समेत अन्य किसी भी क्षेत्र की तमाम छोटी-बड़ी खबरों से सबसे पहले रूबरू होने के लिए पढ़ें prabhatkhabar.com के Bihar Live सेक्शन को...

विज्ञापन
Auto-updating every 30s
10:53 PM. 16 Aug 2310:53 PM. 16 Aug

सर्पदंश से आशा की मौत

किशनगंज. सर्पदंश से एक आशा कार्यकर्ता की मौत हो गई. मिली जानकारी के अनुसार खारूदह निवासी राधा देवी पति शीबू यादव अपने बकरियों के लिए घास काटने के लिए घर के पड़ोस स्थित खेत गई थी. जहां विषैले सांप ने उनके पैर में डंस लिया. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों के बीच हड़कंप मच गया. परिजन उसे वाहन में लादकर सदर अस्पताल लाये लेकिन खारूदह से किशनगंज के बीच सीधा सड़क संपर्क नहीं रहने के कारण उन्हें 80 किलोमीटर घूम कर आना पड़ा. जबकि किशनगंज से खारूदह की दूरी मात्र 18 किलोमीटर है. 80 किलोमीटर की दूरी तय करने में उन्हें दो घंटे से अधिक समय लग गया. इस बीच सांप का जहर राधा देवी के शरीर में फैल गया था. सदर अस्पताल पहुंचते ही डयूटी पर तैनात चिकित्सक ने जांचोपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद रोते बिलखते परिजन शव को लेकर घर वापस लौट गए.

10:53 PM. 16 Aug 2310:53 PM. 16 Aug

ट्रेन की चपेट में आने से महिला जख्मी

नवादा नगर. शहर में बुधवार को रेलवे पटरी पार करने के दौरान ट्रेन की चपेट में आने से महिला बुरी तरह जख्मी हो गयी. जख्मी महिला जोरावडी कौआकोल थाने की बतायी जा रही है. महिला के मोबाइल से इनके परिजन को सूचित किया गया. उन्होंने कहा कि जख्मी महिला रेखा देवी 40, पति मिथिलेश मंडल जोरावड़ी कौआकोल थाना क्षेत्र की है. सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए महिला को पावापुरी रेफर कर दिया गया है.

10:53 PM. 16 Aug 2310:53 PM. 16 Aug

पुलिस ने साइबर अपराधी को किया गिरफ्तार

वारिसलीगंज. स्थानीय पुलिस ने सोमवार को पंजाब नेशनल बैंक की एटीएम से एक साइबर अपराधी को रुपये निकालते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान लालपुरा गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद के पुत्र रौशन कुमार के रूप में की गयी है. पुलिस द्वारा पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है. बताया गया कि रौशन के पास से यूनियन बैंक का डेविड कार्ड, लेनदेन से संबंधित 31 पेज की कॉपी, दो कीमती मोबाइल व अन्य सामान बरामद हुआ है. इस आशय की जानकारी थानाध्यक्ष आशीष कुमार मिश्रा ने दी है.

10:53 PM. 16 Aug 2310:53 PM. 16 Aug

मुंगेर बड़ा रेल हादसा टला, जमालपुर स्टेशन के पास तेल से भरी मालगाड़ी में लगी आग

बिहार के मुंगेर में बुधवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया. मुंगेर के जमालपुर रेलवे स्टेशन से क्रॉस कर रही मालगाड़ी के एक टैंक में आग लग गयी. मालगाड़ी के 52 बोगियों में कच्चा तेल भरा हुआ था. अचानक एक ऑयल टैंक के ढक्कन में आग लगने से अफरा-तफरी मच गयी. कच्चे तेल से भरे वैगन टैंक के एक ऑयल टैंक के ढक्कन में आग लगने से प्लेटफार्म पर अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी. तुरंत इसकी सूचना ट्रेन के गार्ड, ड्राइवर और रेलवे अधिकारियों को दी गयी. जिसके बाद मौके पर फायर बिग्रेड की चार गाड़ियां पहुंच गयी. काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया.

10:53 PM. 16 Aug 2310:53 PM. 16 Aug

बाइक के धक्के से महिला की मौत

कलेर. बुधवार की शाम महेंदिया थाना क्षेत्र के मडैला के पास एक बाइक के धक्के से महिला की मौत हो गयी. मृतका की पहचान बुद्धुबिगहा गांव निवासी कमल यादव की पत्नी छतिया देवी के रूप में की गई है. घटना के बारे में बताया जाता है कि मृतका मधुश्रवां मलमास मेला को देखकर अपने ग्राम बुद्धूबिगहा जा रही थी. इसी दौरान मडैलापर बैदराबाद तरफ से आ रही एक मोटरसाइकिल ने धक्का मार दिया जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. घायल अवस्था में पुलिस महिला को सदर अस्पताल अरवल में भर्ती कराया जहां स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों द्वारा पटना पीएमसीएच रेफर किया गया. इसी दौरान रास्ते में ही महिला की मौत हो गई. वहीं पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक मृत्युंजय कुमार को गिरफ्तार कर बाइक को जब्त कर लिया है.

10:53 PM. 16 Aug 2310:53 PM. 16 Aug

संदिग्ध स्थिति में रेलवे परिसर में घूमते हुए तीन युवक गिरफ्तार

हाजीपुर. हाजीपुर रेलवे स्टेशन परिसर में देर रात अवैध एवं अनाधिकृत रूप से घूमते हुए तीन युवकों को आरपीएफ पुलिस ने रेलवे अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर आवश्यक पूछताछ के बाद रेलवे न्यायालय सोनपुर में प्रस्तुत किया गया. इस संबंध में जानकारी देते हुए आरपीएफ इंस्पेक्टर साकेत कुमार ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस की देर रात हाजीपुर रेलवे स्टेशन परिसर में संदिग्ध, अवैध एवं अनाधिकृत रूप से घूमते हुए तीन युवकों को आरपीएफ के जवानों ने पकड़ लिया. पकड़े गए युवक की पहचान बिदुपुर थाना क्षेत्र के कंचनापुर गांव निवासी अरुण दास के 18 वर्षीय पुत्र सन्नी कुमार, योगेंद्र राम के 19 वर्षीय पुत्र मनोज कुमार तथा रामबाबू राम के 19 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई. पूछताछ के दौरान तीनों युवकों द्वारा स्पष्ट जवाब नही देने पर पुलिस ने गिरफ्तार तीनों युवकों को आवश्यक कार्रवाई के लिए रेल अधिनियम की धारा 147 के तहत सोनपुर रेल न्यायालय में प्रस्तुत किया गया.

10:53 PM. 16 Aug 2310:53 PM. 16 Aug

ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात व्यक्ति की मौत

आरा. पूर्व मध्य रेलवे के कुल्हड़िया स्टेशन के समीप डाउन लाइन के किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है, जिसे रेल थाना पुलिस ने रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. रेल थाना पुलिस के अनुसार बुधवार को कुल्हड़िया स्टेशन के डाउन लाइन के किनारे किसी अज्ञात व्यक्ति की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हो गई.

10:53 PM. 16 Aug 2310:53 PM. 16 Aug

एनसीपी ने शुरू किया भाजपा भारत छोड़ो आंदोलन

पटना. बिहार राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राणा रणवीर सिंह के नेतृत्व में नौ अगस्त क्रांति दिवस 1942 में अंग्रेजों भारत छोड़ो के तर्ज पर भाजपा भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत संपूर्ण बिहार में एक साथ आयोजित की जा रही है. सिंह ने कहा कि 1942 में भी देश का कुछ ऐसा ही हाल था. मौके पर परवेज आलम,एनसीपी के प्रदेश युवा अध्यक्ष वरुण कुमार ,अरविंद कुमार सिंह अधिवक्ता, प्रेमानंद राय, धुपेंद्र सिंह, डॉ एम भारती,विश्वजीत कुमार ,शेख अनीश,गुंजन कुमार, मनीष मौर्य, सतीश कुमार झा आदि मौजूद थे.

10:53 PM. 16 Aug 2310:53 PM. 16 Aug

कद्दू के खेत में करेंट से युवक की मौत

पीपराकोठी. थाना क्षेत्र के झखरा गांव के एक कद्दू के खेत में विद्युत तार की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत घटना स्थल पर ही हो गयी है. मृतक झखरा जवाहर चौक निवासी 45 वर्षीय रामदयाल पासवान है, जिसके शव को परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद मंगलवार की रात उक्त कद्दू के खेत से निकाला. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मोतिहारी भेज दिया है. जानकारी के अनुसार मृतक रामदयाल पासवान सोमवार की रात अपने घर से निकला, लेकिन वह घर वापस नहीं आया. परिजनों द्वारा काफी खोजबीन करने पर उसके शव को एक कद्दू के खेत से उसके शव को मंगलवार की रात बरामद किया गया. बताया जाता है कि जिस कद्दू के खेत से शव को बरामद किया गया उस खेत में पानी पटाने के लिए विद्युत तार थे, जिसकी चपेट में आने से मौत हो गयी.

10:53 PM. 16 Aug 2310:53 PM. 16 Aug

राजेंद्र नगर टर्मिनल पर पकड़ा गया कारतूस के साथ बदमाश

पटना राजेंद्र नगर टर्मिनल के चार नंबर प्लेटफॉर्म पर दो कारतूस के साथ बदमाश कार्तिक कुमार को जीआरपी की टीम ने पकड़ लिया. एक कारतूस मिस फायर किया हुआ था. बताया जाता है कि जीआरपी की टीम प्लेटफॉर्म पर चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान चार नंबर प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध स्थिति में रहे एक युवक को टीम ने देखा. टीम उसके पास पहुंची तो वह भागने लगा लेकिन खदेड़ कर पकड़ लिया गया. इसके बाद उसके पॉकेट की तलाशी ली गयी तो दो कारतूस बरामद किये गये. पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है और कारतूस रखने के कारण जीआरपी राजेंद्र नगर जंक्शन में प्राथमिकी भी दर्ज की गयी है.

10:53 PM. 16 Aug 2310:53 PM. 16 Aug

चाकूबाजी की घटना में चार घायल, तीन गिरफ्तार

बंजरिया. थाना क्षेत्र के दरोगा टोला में दो पक्षों में जमकर चाकूबाजी की घटना घटी है. जिसमें चार युवक घायल बताये गए हैं. सभी का ईलाज चल रहा है. घायलों में एक पक्ष के रामप्रकाश कुमार, राहुल कुमार, किशन कुमार व दूसरे पक्ष के एक युवक शामिल हैं. मामले में बंजरिया पुलिस ने तत्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवक को गिरफ्तार किया है, जिसे पुलिस पूछताछ कर रही हैं. गिरफ्तार युवकों में अजित कुमार, रंजीत कुमार व रवि कुमार शामिल हैं. घटना को लेकर दरोगा टोला निवासी ध्रुव सहनी ने थाने में आवेदन देकर एक टेम्पू चालक, अजित कुमार, रंजीत कुमार, रवि कुमार, विवेक कुमार व आशीष सहनी सहित 20 अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराया है.बंजरिया प्रभारी थानाध्यक्ष चंद्रभूषण झा ने बताया कि एक पक्ष के ध्रुव सहनी ने आवेदन देकर पांच नामजद व 20 अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराया है. जिसमें से तीन को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जा रही हैं.

10:53 PM. 16 Aug 2310:53 PM. 16 Aug

मारपीट में मां-बेटा जख्मी

औरंगाबाद ग्रामीण. बारुण थाना क्षेत्र के प्रीतमपुर गांव में मंगलवार की दोपहर आपसी विवाद में दो पक्षों में मारपीट हुई. इसमें मां-बेटा जख्मी हो गये. घायलों में उसी गांव के रामकेवल राम की पत्नी कौशल्या देवी व पुत्र धनेश कुमार शामिल है. उसी गांव के कुछ लोगों के बीच दो महीने पहले शादी समारोह में मारपीट हुई थी. ग्रामीणों द्वारा मामले को शांत कराया गया था. एक बार फिर बहसबाजी हुई. मंगलवार की दोपहर धनेश गांव में निकला तो पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने ईंट पत्थर से हमला कर दिया और मारपीट की. बचाने गये धनेश की मां को भी हल्की चोटें आयी है. घटना की सूचना बारुण थाने की पुलिस को दी गयी है.

10:53 PM. 16 Aug 2310:53 PM. 16 Aug

पुलिस ने चार आरोपितों को किया गिरफ्तार

बाराचट्टी. वन विभाग की टीम पर हमला करने मामले में नामजद रामविलास यादव नामक अभियुक्त को कदरचुआं गांव से गिरफ्तार किया. इस संबंध में थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि वन विभाग की टीम पर हमला करने मामले में रामविलास नामजद था और फरार चल रहा था. वहीं उसी गांव से उपेंद्र यादव नामक एक बार वारंटी को भी गिरफ्तार किया गया. इधर, आपसी मारपीट की घटना में महुलिया गांव से लल्लन यादव और वीरेंद्र यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया.

10:53 PM. 16 Aug 2310:53 PM. 16 Aug

सड़क किनारे अधेड़ का शव बरामद

वाल्मीकिनगर. स्थानीय थाना क्षेत्र के धूमवाटांड़ निवासी ईश्वर राय (57 वर्ष) का शव मंगलवार की शाम गांव से लगभग पांच किलोमीटर दूर बड़हरिया सरकारी विद्यालय के समीप सड़क के किनारे पाया गया. ग्रामीणों की सूचना पर वाल्मीकिनगर पुलिस मौके पर पहुंचकर मृत व्यक्ति के शव को अपने कब्जे में ले लिया. वही कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेज दिया गया है. इस बाबत वाल्मीकिनगर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृत व्यक्ति के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं है. पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा.

10:53 PM. 16 Aug 2310:53 PM. 16 Aug

युवक के साथ मारपीट कर चलती ट्रेन से फेंका

कुदरा. पंडित दीनदयाल-गया रेलखंड के खुर्माबाद रेलवे स्टेशन के पास पैसेंजर ट्रेन से आ रहे एक युवक के साथ कुछ युवकों ने मारपीट की. युवक को धक्का देकर चलती ट्रेन से बाहर गिरा दिया. ट्रेन से गिरने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की सहायता से घायल युवक को इलाज के लिए कुदरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. वहां प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने घायल को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया.

3:09 PM. 16 Aug 233:09 PM. 16 Aug

जब झंडा फहराने के बाद मरीन ड्राइव पहुंचे लालू यादव 

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव अब पहले से अधिक सेहतमंद दिख रहे हैं. राबड़ी आवास पर 15 अगस्त को झंडा फहराने के बाद लालू यादव मंगलवार की शाम को पटना के मरीन ड्राइव पहुंचे. अपनी पार्टी के राष्‍ट्रीय उपाध्‍यक्ष शिवानंद तिवारी के साथ उन्होंने जेपी गंगापथ की सैर की.

Bihar Breaking News Live: मुंगेर बड़ा रेल हादसा टला, जमालपुर स्टेशन के पास तेल से भरी मालगाड़ी में लगी आग
3:09 PM. 16 Aug 233:09 PM. 16 Aug

चाईबासा मुठभेड़ में शहीद जवान गौतम राणा का पार्थिव शरीर पहुंचा पैतृक गांव

झारखंड के चाईबासा मुठभेड़ में शहीद हुए बिहार के जवान गौतम राणा का पार्थिव शरीर उनके पैतृत गांव लाया गया. इस दौरान पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया. शहीद गौतम बिहार के आरा जिला के शाहपुर थाना क्षेत्र के रंडाडीहा गांव के रहने वाले थे. बुधवार के अहले सुबह जब शहीद का पार्थिव शरीर गांव में आने की खबर फैली तो लोगो का हुजूम जमा हो गया. सभी शहीद का अंतिम दर्शन करना चाहते थे. इसी बीच जिले के वरीय अधिकारी व विभिन्न राजनैतिक दलों के नेता भी शाहिद के घर पहुंचकर परिजनों का हौसला बढ़ाया.

3:09 PM. 16 Aug 233:09 PM. 16 Aug

भागलपुर में दाह संस्कार के लिए आया युवक गंगा में डूबा

भागलपुर में बुधवार को बड़ा हादसा हुआ. जहां दाह संस्कार को आये सिंघिया मकंदपुर के पैंतीस वर्षीय युवक की मौत जहाज घाट पर डूबने से हो गयी. प्रशासन शव को खोजने में जुट गयी है.

3:09 PM. 16 Aug 233:09 PM. 16 Aug

अटल समाधि स्थल पहुंचे नीतीश कुमार

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दिल्ली स्थित अटल समाधि स्थल पहुंचे. जहां उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की.

3:09 PM. 16 Aug 233:09 PM. 16 Aug

दारोगा की हत्या पर पसरा मातम

समस्तीपुर में मवेशी चोरों की गोली का शिकार बने मोहनपुर ओपी प्रभारी नंदकिशोर यादव का पार्थिव शरीर अररिया पहुंचेगा. पलासी स्थित उनके गांव में मातम पसरा है. वहीं भागलपुर में जहां नाथनगर में उनकी ट्रेनिंग हुई थी. वहां के 2009 बैच के अन्य दारोगा इस खबर से गम में डूबे हैं.

3:09 PM. 16 Aug 233:09 PM. 16 Aug

कांग्रेस विधायकों को दिल्ली बुलाया गया

बिहार कांग्रेस के सभी विधायकों को दिल्ली बुलाया गया है. 17 अगस्त को होने वाली बैठक में सभी शामिल होंगे. कांग्रेस अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल्लकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में यह बैठक करने जा रही है. आगामी चुनाव को लेकर इस बैठक में चर्चा की जाएगी.

3:09 PM. 16 Aug 233:09 PM. 16 Aug

अरविंद केजरीवाल से मिल सकते हैं नीतीश कुमार

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज थोड़ी ही देर में दिल्ली रवाना हो सकते हैं. अटल बिहारी वाजपेयी की समाधि स्थल पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दे सकते हैं. नीतीश कुमार का अरविंद केजरीवाल से भी मुलाकात करने की संभावना है. बता दें कि 31 अगस्त को मुंबई में विपक्षी दलों के नेता बैठक करेंगे.

3:09 PM. 16 Aug 233:09 PM. 16 Aug

पटना में झोपड़ी में घुसा ट्रक, महिला की मौत

पटना एम्स के करीब एक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गयी. मामला फुलवारीशरीफ का है जहां एम्स के नजदीक एक ट्रक अनियंत्रित होकर झोपड़ी में घुस गया. एक महिला की इसमें मौत हो गयी. जबकि एक बच्ची जख्मी है.

3:09 PM. 16 Aug 233:09 PM. 16 Aug

किशनगंज में बुजुर्ग को जलाकर मार डाला

किशनगंज के बहादुरगंज में एक बुजुर्ग को जलाकर मार डाला गया. घटना बनगामा पंचायत की है जहां बुजुर्ग को जलाकर मारा गया. तांत्रिक के झांसे में आकर जलाने की बात चर्चे में है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

3:09 PM. 16 Aug 233:09 PM. 16 Aug

राजगीर के मलमास मेले में छेड़खानी के बाद बवाल

राजगीर में चल रहे मलमास मेले का आज आखिरी दिन है. बीती रात पुलिस को यहां लाठीचार्ज करना पड़ा. मामला छेड़खानी का बताया जा रहा है. मेले में शोभा सम्राट थिएटर के बाहर कुछ मनचले जमा थे जो लड़कियों व महिलाओं के साथ छेड़खानी व उनपर अभद्र टिप्पणी कर रहे थे. इसका जब विरोध किया गया तो कहासुनी शुरू हो गयी. मामला इस कदर बढ़ा कि पुलिस को लाठीचार्ज करके भीड़ को तितर बितर करना पड़ा.

3:09 PM. 16 Aug 233:09 PM. 16 Aug

बिहार में बारिश और ठनके का अलर्ट

बिहार में बारिश और ठनके को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. 21 जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया गया है. मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, वैशाली, समस्तीपुर, सहरसा, खगड़िया, अररिया, कटिहार, सुपौल, मधेपुरा, पूर्णिया, किशनगंज, बांका, जमुई और मधेपुरा में आज बारिश की संभावना है.

3:09 PM. 16 Aug 233:09 PM. 16 Aug

बांका में एंबुलेंस पर गिरा विशाल पीपल का पेड़

बांका में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में एक पुराना पीपल का पेड़ गिर गया. पेड़ के बारे में लोग बताते हैं कि यहां के बुजुर्ग भी इस पेड़ को बचपन में देख चुके हैं. बुधवार को जब यह पेड़ गिरा तो वहां खड़ा एंबुलेंस भी क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में एंबुलेंस का चालक बाल-बाल बच गया.

3:09 PM. 16 Aug 233:09 PM. 16 Aug

भागलपुर के कहलगांव में गंगा में डूबने से दो बच्चों की मौत

भागलपुर के कहलगांव में गंगा स्नान करने के दौरान दो किशोरों का पैर फिसल गया और वो गहरे पानी में चले गये. दोनों की मौत डूबने से हो गयी. शव को बरामद कर लिया गया है.

3:09 PM. 16 Aug 233:09 PM. 16 Aug

विंदेश्वर पाठक का अंतिम संस्कार आज

सुलभ के फाउंडर विंदेश्वर पाठक का निधन हो गया. 15 अगस्त को झंडोत्तोलन के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी थी. उनके पार्थिव शरीर का दर्शन पालम में आज सुबह से किया जा सकेगा. जबकि करीब 11 बजे लोधी रोड स्थित श्मशान में विंदेश्वर पाठक पंचतत्व में विलीन हो जाएंगे.

3:09 PM. 16 Aug 233:09 PM. 16 Aug

हड़ताल पर मुखिया संघ, वेतन भत्ते को बढ़ाने की मांग

बिहार में मुखिया संघ ने हड़ताल की घोषणा की है. अपनी 22 सूत्रिय मांग को लेकर मुखिया संघ हड़ताल पर है. 31 अगस्त तक किसी भी सरकारी काम में योगदान नहीं देने की बात कही गयी है. वेतन भत्ते को बढ़ाने की मांग मुखिया संघ कर रहा है.

3:09 PM. 16 Aug 233:09 PM. 16 Aug

मवेशी तस्कर की गोली से जान गंवाए एसएचओ का दाह संस्कार आज

समस्तीपुर में मवेशी चोरों ने मोहनपुर ओपी प्रभारी एसएचओ नंदकिशोर यादव को गोली मार दी. नंदकिशोर यादव ने इलाज के दौरान पटना के IGIMS में दम तोड़ दिया. उनका पार्थिव शरीर अररिया स्थित पलासी में उनके पैतृक गांव करोल लाया जाएगा जहां उनका दाह संस्कार किया जाएगा.

7:07 AM. 16 Aug 237:07 AM. 16 Aug

आज दिल्ली रवाना हो सकते हैं नीतीश कुमार

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज दिल्ली रवाना हो सकते हैं. ऐसी संभावना है कि नीतीश कुमार आज साढ़े 12 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे. दिल्ली में नीतीश कुमार पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी के समाधि स्थल पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दे सकते हैं. नीतीश कुमार का अरविंद केजरीवाल से भी मुलाकात करने की संभावना है.

विज्ञापन
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola