Bihar Bhumi: विजय सिन्हा का अफसरों को 30 दिन का अल्टीमेटम, नहीं सुधरे नगर निकाय तो गिरेगी गाज!

Deputy Chief Minister Vijay Sinha
Bihar Bhumi: बिहार सरकार ने नगर निकायों की सुस्त और जनता से कटी कार्यप्रणाली पर सीधा प्रहार किया है. उपमुख्यमंत्री सह नगर विकास एवं आवास मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने साफ शब्दों में कहा है कि अगले 30 दिनों में अगर जमीन पर सुधार नजर नहीं आया, तो जिम्मेदार अफसरों पर कार्रवाई तय है. स्वच्छता, टैक्सेशन, कचरा प्रबंधन और शहरी सेवाओं को लेकर सरकार अब ‘चेतावनी नहीं, परिणाम’ की नीति पर आगे बढ़ती दिख रही है.
Bihar Bhumi: पटना में विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने नगर निकायों की कार्यशैली पर नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि शहरी प्रशासन की हालत फाइलों से नहीं, सड़कों और मोहल्लों से आंकी जाएगी. सफाई व्यवस्था, सड़क किनारे जमा कचरा, टैक्स वसूली की पारदर्शिता और आम लोगों से संवाद.
इन सभी मोर्चों पर नगर निकायों को ठोस सुधार करना होगा. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एक महीने के भीतर हर नगर निकाय से सुधार की लिखित रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए.
गुजरात मॉडल से सीखने की तैयारी
बैठक में विजय सिन्हा ने गुजरात मॉडल का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि गुजरात में शहरीकरण की दर 56 प्रतिशत है और वहां का नगर प्रबंधन देश के लिए उदाहरण माना जाता है. बिहार के नगर निकायों को उसी दिशा में ले जाने के लिए गुजरात भेजे जाने वाली एक विशेष अध्ययन टीम की घोषणा की गई है. उद्देश्य साफ है,बेहतर व्यवस्थाओं को समझकर उन्हें बिहार की शहरी जरूरतों के मुताबिक लागू करना.
टैक्सेशन और स्वच्छता पर सख्त रुख
उपमुख्यमंत्री ने साफ किया कि टैक्सेशन की खामियां, सफाई में लापरवाही और अपशिष्ट प्रबंधन में ढिलाई अब बर्दाश्त नहीं होगी. उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े इन मुद्दों पर कोताही सीधे प्रशासन की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाती है. आने वाले दिनों में शाखावार गहन समीक्षा होगी और जिम्मेदारी तय की जाएगी.
अफसरों से शपथ, भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस
पटना के ज्ञान भवन में आयोजित भूमि सुधार जनकल्याण कार्यशाला में विजय सिन्हा ने विभागीय अधिकारियों से हाथ उठवाकर शपथ दिलाई कि सभी कार्य तय समय-सीमा में पूरे होंगे. ईमानदारी, पारदर्शिता और कानून के पालन को लेकर सरकार का संदेश स्पष्ट है, भ्रष्टाचार के लिए अब कोई जगह नहीं है.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




