लोगों ने जाम की सड़क, तोड़फोड़

Published at :05 Apr 2018 6:14 AM (IST)
विज्ञापन
लोगों ने जाम की सड़क, तोड़फोड़

गुस्साये लोगों ने की वाहनों में तोड़फोड़, पुलिस ने किया लाठीचार्ज पांच घंटे तक जाम रहा आरा-बक्सर हाईवे, वाहनों की लगी लंबी कतार बिहिया : थाना क्षेत्र के बरजा गांव के समीप मंगलवार को अपराधियों द्वारा एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक एवं बक्सर जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के नैनीजोर निवासी कुबेर नाथ […]

विज्ञापन

गुस्साये लोगों ने की वाहनों में तोड़फोड़, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

पांच घंटे तक जाम रहा आरा-बक्सर हाईवे, वाहनों की लगी लंबी कतार
बिहिया : थाना क्षेत्र के बरजा गांव के समीप मंगलवार को अपराधियों द्वारा एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक एवं बक्सर जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के नैनीजोर निवासी कुबेर नाथ पांडेय के पुत्र मोहन जी पांडेय को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिये जाने के बाद पटना में इलाज के दौरान बुधवार की सुबह मौत हो गयी.
घटना को लेकर आक्रोशित लोगों ने बुधवार को लगभग 8.30 बजे सुबह में शव के साथ आरा-बक्सर एनएच 84 को बिहिया चौरास्ते पर जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया. आक्रोशित लोगों ने तोड़फोड़ की और जमकर उत्पात मचाया. पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा.
मामले की जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे बिहिया थानाध्यक्ष व सर्किल इंस्पेक्टर से बात करने से इन्कार करते हुए लोगों ने धक्का-मुक्की भी की तथा पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे. स्थिति तनावपूर्ण होता देखकर स्थानीय पुलिस ने वरीय पदाधिकारियों को इसकी सूचना दी. इस दौरान शाहपुर व बहोरनपुर ओपी की पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी. सड़क जाम से देखते-ही- देखते वाहनों की लंबी कतारें लग गयीं. सड़क जाम कर रहे लोग मौके पर डीएम, एसपी व एसबीआई के बड़े अधिकारी को बुलाने, मृतक की विधवा को नौकरी व मुआवजा देने तथा अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे.
वाहनों में तोड़फोड़ से बिगड़ी स्थिति : सड़क जाम कर रहे आक्रोशित लोगों ने दोपहर तक वरीय अधिकारियों को नहीं आता देखकर अचानक ही चौरास्ते पर स्थित दुकानों को जबरन बंद कराना शुरू कर दिया तथा जाम में फंसे कई वाहनों के शीशे फोड़ डाले. स्थिति को बिगड़ती देखकर पुलिस दूर खड़ी होकर तमाशबीन बनी रही.
इसी क्रम में स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर रहे लोगों की हरकतों का विरोध करना शुरू कर दिया जिससे को बल मिला और पुलिस ने देखते- ही- देखते भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठियां भांजनी शुरू कर दीं. इस दौरान मौके पर जगदीशपुर एएसपी दयाशंकर व एसडीएम कुमार पंकज भी मौके पर पहुंच गये. इसके बाद पुलिस ने जाम कर रहे लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया, जिससे भगदड़ मच गयी. जाम कर रहे लोग एंबुलेंस में पड़े शव को छोड़कर वहां से भाग निकले. इस दौरान एएसपी ने शव को अपने कब्जे में लेकर पुलिस सुरक्षा में मृतक के शव को उसके पैतृक गांव ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के नैनीजोर भेजा. लगभग पांच घंटों तक हाईवे पर वाहनों का ठप हुआ परिचालन दोपहर लगभग 1.30 बजे शुरू हो सका.
क्या है पूरा मामला : बिहिया थाना क्षेत्र के करजा बाजार में एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक व बक्सर जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के नैनीजोर निवासी कुबेर नाथ पांडेय के पुत्र मोहन जी पांडेय को अपराधियों ने मंगलवार की दोपहर गोली मारकर जख्मी कर दिया था. यह घटना उस वक्त घटी जब वे बेनवलिया स्थित एसबीआई ब्रांच से पैसे निकालकर बाइक से करजा जा रहे थे. इस दौरान अपराधियों ने संचालक से लगभग एक लाख रुपये भी लूट लिये थे. घटना के बाद गंभीर अवस्था में आरा ले जाया गया, जहां से उन्हें पटना रेफर कर दिया गया. पटना में इलाज के दौरान बुधवार की अहले सुबह संचालक की मौत हो गयी थी.
सड़क जाम व तोड़फोड़ करनेवालों पर होगी एफआईआर
आरा-बक्सर हाईवे को पांच घंटों तक जाम रखने व तोड़फोड़ करने के मामले को लेकर जगदीशपुर एएसपी ने कहा कि जाम व तोड़फोड़ करनेवाले असामाजिक तत्वों पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जायेगी. कहा कि ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक की हत्या में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है,
जिन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जायेगा. बताया जाता है कि पुलिस ने मामले को लेकर छापेमारी कर पूछताछ के लिए छह लोगों को हिरासत में लिया है तथा एक अपाची बाइक भी जब्त की है. हालांकि पुलिस गोपनीयता बरतते हुए कार्रवाई के संबंध में कुछ भी बताने से परहेज कर रही है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन