Bhagalpurnews युवक की धारदार हथियार से हत्या

नवगछिया एनएच-31 दीपक ट्रांसपोर्ट के पास रविवार देर रात अपराधियों ने एक युवक की चाकू से गोद कर हत्या कर दी.
नवगछिया एनएच-31 दीपक ट्रांसपोर्ट के पास रविवार देर रात अपराधियों ने एक युवक की चाकू से गोद कर हत्या कर दी. युवक पूर्णिया जिले के डुमरी सपाहा के स्व राधे सिंह का पुत्र कैलाश सिंह है. कैलाश सिंह का ससुराल रंगरा प्रखंड के साधोपुर गांव में है. वह वहीं मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. पत्नी पूजा देवी ने बताया कि रविवार रात खाना खाने के बाद पति अपने पिता का मोबाइल लेकर घर से निकले थे. वह डब्ल्यू साह के टोटो से मकंदपुर चौक तक गये और वहां से दीपक ट्रांसपोर्ट के पास पहुंचे. दीपक ट्रांसपोर्ट के समीप स्थित केला खेत में पहले मारपीट कर चाकू से गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. जान बचाने के लिए वह वहां से भागते एनएच-31 किनारे पहुंचा, जहां अपराधियों ने पीछा कर पेट फाड़ कर हत्या कर दी. सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने नवगछिया थाना पुलिस को जानकारी दी. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया. केला खेत में मिले कपड़े और मोबाइल से पहचान की गयी. युवक के शरीर पर मारपीट के कई निशान मिले हैं. हाथ में तीन जगह कट, कलाई और हथेली पर चार घाव, सिर पर चोट, बाएं कंधे पर गहरा जख्म और पेट चीरा पाया गया. स्पष्ट है कि हमलावरों ने धारदार हथियार से हत्या को अंजाम दिया. घटना के पीछे अवैध संबंध और जमीन विवाद की आशंका जतायी जा रही है. ससुर ने बताया कि करीब एक एकड़ 90 डिसमिल जमीन को लेकर विवाद चल रहा था, जिसमें कैलाश सिंह का भी हिस्सा था. हिस्सेदारों की ओर से उसे धमकी दी जाती थी कि एक तरफ पैसा, दूसरी तरफ जान. कैलाश सिंह की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वह अपने पीछे पत्नी पूजा देवी, पांच पुत्रियां सोनू कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, पीरो कुमारी, दुलो कुमारी, वैष्णवी कुमारी और एक पुत्र विजय कुमार को छोड़ गया है. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




