प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश, पत्नी समेत तीन गिरफ्तार, नवगछिया स्टेशन के CCTV से खुला राज

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

नवगछिया में प्रेम प्रसंग के चलते पति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने पत्नी अनीता देवी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया. सीसीटीवी फुटेज ने मामले को सुलझाने में अहम भूमिका निभाई.

विज्ञापन

नवगछिया से रसीद आलम की रिपोर्ट

Bhagalpur News: भागलपुर जिले के नवगछिया में एक सनसनीखेज हत्या मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है. खरीक बाजार निवासी उमेश शर्मा के अपहरण और हत्या के मामले में उनकी पत्नी अनीता देवी समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार यह वारदात कथित प्रेम प्रसंग से जुड़ी साजिश का हिस्सा थी.

गिरफ्तार आरोपितों में अनीता देवी, भागलपुर के साहेबगंज निवासी मु इरफान और सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के घोरघट निवासी मु सोहेल शामिल हैं. मामले का मुख्य आरोपी पंकज कुमार शर्मा अभी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

नवगछिया स्टेशन के सीसीटीवी से खुला मामला

पुलिस जांच के दौरान नवगछिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 और 2 पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई. फुटेज में उमेश शर्मा कथित रूप से आरोपितों के साथ जाते हुए दिखाई दिए.

इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. तकनीकी अनुसंधान और पूछताछ के आधार पर पुलिस कटिहार जिले के मनसाही थाना क्षेत्र स्थित मलकिन घाट पहुंची, जहां से उमेश शर्मा का शव बरामद किया गया.

पिता की शिकायत पर दर्ज हुई थी FIR

इस मामले में मृतक के पिता कमलेश्वरी शर्मा ने नवगछिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी.

उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी बहू अनीता देवी ने खगड़िया निवासी पंकज कुमार शर्मा के साथ मिलकर उनके पुत्र उमेश शर्मा के अपहरण की साजिश रची थी.

शव बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच हत्या की दिशा में आगे बढ़ाई.

हैदराबाद में हुई थी पहचान

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित मु सोहेल ने पूछताछ में बताया कि खगड़िया जिले के बंदेहरा निवासी पंकज कुमार शर्मा और अनीता देवी के बीच कथित प्रेम संबंध था.

सोहेल ने बताया कि वह और पंकज हैदराबाद में मजदूरी करते थे, जहां दोनों की पहचान हुई थी. उसके अनुसार पंकज के कहने पर वह इस पूरे घटनाक्रम में शामिल हुआ.

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार तीनों आरोपितों ने पूछताछ में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.

पुलिस का दावा, फ्लाइट से पूर्णिया पहुंचा था मुख्य आरोपी

नवगछिया के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने प्रेस वार्ता में बताया कि अनीता देवी और पंकज शर्मा के बीच लगभग पांच वर्षों से प्रेम संबंध था.

पुलिस के अनुसार उमेश शर्मा इस संबंध का विरोध करता था, जिसके कारण उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई.

एसपी के अनुसार 5 अगस्त को पंकज शर्मा हैदराबाद से फ्लाइट के जरिए पूर्णिया एयरपोर्ट पहुंचा. वहां मु सोहेल और मु इरफान पहले से मौजूद थे. तीनों स्कॉर्पियो वाहन से नवगछिया रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां अनीता देवी अपने पति उमेश और बेटे के साथ मौजूद थी.

कथित तौर पर बहाने से ले जाकर की हत्या

पुलिस का दावा है कि पंकज शर्मा ने उमेश को किसी काम के बहाने मुरली चलने के लिए कहा और उसे स्कॉर्पियो में बैठा लिया.

इसके बाद आरोपित उसे कुर्सेला की ओर ले गए, जहां कथित रूप से वाहन के भीतर ही उसका गला दबाकर हत्या कर दी गई.

साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को बरारी के पास कारी कोसी नदी में फेंक दिया गया. बाद में शव कटिहार जिले के मनसाही थाना क्षेत्र के मलकिन घाट से बरामद किया गया.

दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

मृतक उमेश शर्मा के परिवार में दो बेटे हैं. बड़ा बेटा करीब 10 वर्ष और छोटा बेटा लगभग 7 वर्ष का बताया गया है.

पिता की हत्या के बाद दोनों बच्चे गहरे सदमे में हैं. घटना के बाद परिवार में शोक और आक्रोश का माहौल है.

Bhagalpur News: पुलिस की कार्रवाई जारी

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी बरामद करने का दावा किया है.

गिरफ्तार तीनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपितों, विशेषकर मुख्य आरोपी पंकज शर्मा, की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

Also Read: पटना: हादसे में युवक की मौत, गुस्साए लोगों ने पुलिस पर किया पथराव; बस समेत कई गाड़ियां फूंकी

Also Read: राजद नई टीम क्यों बना रही है? जानिए संगठन भंग करने के पीछे की वजह


विज्ञापन
प्रत्युष प्रशांत

लेखक के बारे में

By प्रत्युष प्रशांत

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन