21 सितंबर से 5 अक्टूबर तक रेल यात्रियों की बढ़ेगी मुश्किलें, राजेंद्र पुल और सिमरिया में काम के कारण कई ट्रेनें रद्द और डायवर्ट

विज्ञापन

पूर्व मध्य रेलवे 21 सितंबर से 5 अक्टूबर 2026 तक बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर कार्यों के कारण रेल यात्रियों को भारी असुविधा होगी. राजेंद्र पुल, हथीडह जंक्शन, टाल, रामपुर डुमरा और दिनकर ग्राम सिमरिया में नए ब्रिज को डबल लाइन से जोड़ने और मुख्य लाइन पर काम के लिए एनआई ब्लॉक लिया जाएगा. इस अवधि में कई प्रमुख एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि अनेक ट्रेनों का मार्ग बदला जाएगा.

विज्ञापन

Bhagalpur News: अगर आप सितंबर के अंतिम सप्ताह या अक्टूबर की शुरुआत में बिहार, झारखंड, बंगाल या उत्तर भारत की यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है. पूर्व मध्य रेलवे (ECR) ने राजेंद्र पुल, हथीडह जंक्शन, टाल, रामपुर डुमरा और दिनकर ग्राम सिमरिया में बड़े रेल ढांचागत विकास कार्यों के लिए प्री-एनआई (Pre-NI) और एनआई (NI) ब्लॉक लेने का फैसला किया है.

इन कार्यों के चलते 21 सितंबर से 5 अक्टूबर 2026 तक दर्जनों ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ेगा. कई ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी, जबकि कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया जाएगा. कुछ ट्रेनों को बीच रास्ते से ही वापस लौटाया जाएगा या उनका गंतव्य बदल दिया जाएगा.

कब से कब तक रहेगा असर

रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार प्री-एनआई कार्य 21 सितंबर 2026 से शुरू होगा, जबकि 4 अक्टूबर तक एनआई कार्य पूरा किया जाएगा. पूरे कार्यकाल का प्रभाव 5 अक्टूबर 2026 तक रेल परिचालन पर देखा जाएगा.

इस दौरान रेलवे ने यात्रियों को समय-समय पर जानकारी देने के लिए हेल्पलाइन नंबर 139 और स्टेशनों पर लगातार उद्घोषणा की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं.

किन ट्रेनों पर सबसे ज्यादा असर

रेलवे के अनुसार कई लंबी दूरी की ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है. इनमें पूर्वी भारत से बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाली प्रमुख ट्रेनों पर सबसे अधिक प्रभाव पड़ेगा.

हावड़ा-पटना, हावड़ा-मोकामा, हावड़ा-जयनगर, सियालदह-बलिया, कोलकाता-गोरखपुर, टाटा-जयनगर सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनें अलग-अलग तिथियों में रद्द रहेंगी.

इसके अलावा हावड़ा-नई दिल्ली, कोलकाता-अमृतसर, हावड़ा-देहरादून और पटना-जसीडीह जैसी ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा.

कई ट्रेनें बीच रास्ते से लौटेंगी

रेलवे ने कुछ ट्रेनों का शॉर्ट टर्मिनेशन और शॉर्ट ओरिजिनेशन भी तय किया है.

इसका मतलब है कि कुछ पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनें मोकामा, किऊल और पटना जैसे स्टेशनों तक ही चलेंगी या वहीं से वापस रवाना होंगी. इससे रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों और नौकरीपेशा लोगों को अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ सकती है.

भागलपुर और आसपास के यात्रियों पर भी असर

भागलपुर, जमालपुर, सुल्तानगंज, किऊल, मोकामा और पटना रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को विशेष रूप से सावधान रहने की जरूरत है.

दुर्गा पूजा और त्योहारी सीजन से पहले इस अवधि में बड़ी संख्या में लोग यात्रा करते हैं. ऐसे में टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को अपनी ट्रेन की स्थिति पहले से जांच लेने की सलाह दी गई है.

यात्रा से पहले जरूर जांच लें ट्रेन का स्टेटस

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले NTES (National Train Enquiry System), रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन नंबर 139 पर ट्रेन की स्थिति अवश्य जांच लें.

रद्दीकरण, मार्ग परिवर्तन और समय में बदलाव की जानकारी समय-समय पर अपडेट की जाएगी.

भविष्य में बेहतर होगी रेल सुविधा

रेल प्रशासन का कहना है कि यह कार्य नए ब्रिज को डबल लाइन से जोड़ने और मुख्य लाइन के आधुनिकीकरण के लिए आवश्यक है.

इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद ट्रेनों की गति बढ़ेगी, परिचालन क्षमता में सुधार होगा और भविष्य में इस रूट पर रेल सेवाएं अधिक सुगम और तेज होंगी.

रेलवे ने यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए सहयोग की अपील की है.

Also Read: पटना: हादसे में युवक की मौत, गुस्साए लोगों ने पुलिस पर किया पथराव; बस समेत कई गाड़ियां फूंकी

Also Read: राजद नई टीम क्यों बना रही है? जानिए संगठन भंग करने के पीछे की वजह


विज्ञापन
ललित किशोर मिश्र

लेखक के बारे में

By ललित किशोर मिश्र

ललित किशोर मिश्र प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से व डिजिटल माध्यम में पिछले 3 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, रेलवे और परिहवन में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन