भागलपुर में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को मिली रफ्तार, KVS की रिपोर्ट के बाद प्रशासनिक प्रक्रिया तेज

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

भागलपुर में हजारों छात्रों के लिए केंद्रीय विद्यालय (KV) की स्थापना का सपना अब साकार होने वाला है. KVS की निरीक्षण टीम ने भूमि को उपयुक्त पाया है और अस्थायी भवन में कक्षाएं शुरू करने की भी मंजूरी मिल गई है.

विज्ञापन

Bhagalpur News: भागलपुर के हजारों विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए लंबे समय से इंतजार की जा रही केंद्रीय विद्यालय (KV) परियोजना अब निर्णायक चरण में पहुंचती दिखाई दे रही है. केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) की निरीक्षण टीम ने जिला प्रशासन द्वारा चिह्नित संतनगर बरारी (सुंदरवन के पीछे) स्थित भूमि का निरीक्षण कर उसे स्थायी विद्यालय परिसर निर्माण के लिए उपयुक्त माना है.

इसके साथ ही एक और महत्वपूर्ण निर्णय सामने आया है. स्थायी भवन तैयार होने तक राजकीय बालिका उच्च विद्यालय, खरमनचक के 12 कमरों वाले भवन में केंद्रीय विद्यालय की कक्षाएं शुरू करने और नए सत्र के लिए नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ करने का रास्ता भी लगभग साफ हो गया है.

KVS की रिपोर्ट से बढ़ी उम्मीद

हाल ही में केंद्रीय विद्यालय संगठन, क्षेत्रीय कार्यालय पटना के उपायुक्त अजय कुमार मिश्र और गठित संयुक्त समिति ने भागलपुर में स्थायी परिसर के लिए चयनित भूमि और अस्थायी संचालन के लिए प्रस्तावित भवन का विस्तृत निरीक्षण किया.

निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने अपनी विस्तृत रिपोर्ट भागलपुर जिलाधिकारी को भेज दी है. रिपोर्ट की प्रतिलिपि शिक्षा विभाग के सचिव और जिला शिक्षा पदाधिकारी को भी उपलब्ध कराई गई है.

संतनगर बरारी में बनेगा स्थायी केंद्रीय विद्यालय परिसर

रिपोर्ट के अनुसार संतनगर बरारी (सुंदरवन के पीछे) स्थित लगभग आठ एकड़ भूमि का निरीक्षण किया गया, जिसमें से पांच एकड़ भूमि केंद्रीय विद्यालय संगठन को निःशुल्क हस्तांतरित करने का प्रस्ताव है.

यह स्थान संपर्क मार्ग से अच्छी तरह जुड़ा हुआ है. यह जिलाधिकारी आवास से लगभग एक किलोमीटर, जिला मुख्यालय से करीब दो किलोमीटर और प्रस्तावित अस्थायी परिसर से लगभग दो से तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित है.

निरीक्षण टीम ने बताया कि भूमि का कुछ हिस्सा अपेक्षाकृत नीचे है, जहां चार से पांच फीट तक मिट्टी भराव और समतलीकरण की आवश्यकता होगी. परिसर में मौजूद आठ से दस ताड़ के पेड़ों को हटाने के बाद यह भूमि स्थायी भवन निर्माण के लिए पूरी तरह उपयुक्त होगी.

खरमनचक से शुरू होगा केंद्रीय विद्यालय

जब तक स्थायी भवन तैयार नहीं हो जाता, तब तक विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियां राजकीय बालिका उच्च विद्यालय, खरमनचक में संचालित करने का प्रस्ताव दिया गया है.

शुरुआती निरीक्षण में सात कमरों का प्रस्ताव था, लेकिन केंद्रीय विद्यालय संचालन के लिए कम से कम 12 कमरों की आवश्यकता बताई गई. इसके बाद परिसर के दूसरे भवन का निरीक्षण किया गया, जहां 12 कमरों वाला उपयुक्त भवन उपलब्ध पाया गया.

इससे अब नए केंद्रीय विद्यालय में दाखिला प्रक्रिया और नियमित पठन-पाठन शुरू करने का मार्ग लगभग प्रशस्त हो गया है.

अब जिला प्रशासन के अंतिम फैसले का इंतजार

केंद्रीय विद्यालय संगठन ने अपनी निरीक्षण रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंप दी है. अब अगला चरण भूमि समतलीकरण, पांच एकड़ भूमि के निःशुल्क हस्तांतरण और खरमनचक भवन के औपचारिक आवंटन से जुड़ा है.

जिला प्रशासन की ओर से अंतिम स्वीकृति मिलते ही केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की प्रक्रिया और तेज हो जाएगी.

Bhagalpur News: भागलपुर के छात्रों को मिलेगा बड़ा लाभ

भागलपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से केंद्रीय विद्यालय की मांग की जा रही थी. वर्तमान में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं बेहतर विद्यालयी शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख करते हैं.

यदि केंद्रीय विद्यालय शुरू होता है, तो राष्ट्रीय स्तर के पाठ्यक्रम, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रशिक्षित शिक्षकों और आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ स्थानीय विद्यार्थियों को यहीं मिल सकेगा. इससे भागलपुर के शिक्षा परिदृश्य को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद है.

Also Read: पटना: हादसे में युवक की मौत, गुस्साए लोगों ने पुलिस पर किया पथराव; बस समेत कई गाड़ियां फूंकी

Also Read: राजद नई टीम क्यों बना रही है? जानिए संगठन भंग करने के पीछे की वजह


विज्ञापन
संजीव झा

लेखक के बारे में

By संजीव झा

संजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन