72 लाख रुपये की 581 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, कटिहार से लाई गई थी खेप

Updated:
विज्ञापन
72 लाख रुपये के पांच सौ एक ग्राम स्मैक के साथ पुलिस ने दो आरोपित को किया गिरफ्तार | Prabhat Khabar Network

स्मैक के साथ पुलिस ने दो आरोपित को किया गिरफ्तार | Prabhat Khabar Network

विशेष अभियान में नवगछिया पुलिस ने 581 ग्राम स्मैक जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 72 लाख रुपये आंकी गई है. पुलिस इस तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करने में जुटी है.

विज्ञापन

Smack Seizure: नवगछिया पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान के तहत 581 ग्राम स्मैक के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 72 लाख रुपये है. दोनों आरोपितों के खिलाफ नवगछिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गयी है.

गुप्त सूचना पर तेतरी जीरोमाइल में हुई कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तेतरी जीरोमाइल के समीप स्मैक की बड़ी खेप की डिलीवरी होने वाली है. सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम ने सोमवार तड़के इलाके में निगरानी शुरू की. करीब 2:40 बजे तेतरी दुर्गा मंदिर जाने वाली मुख्य सड़क पर संदिग्ध अवस्था में खड़े दो लोगों की तलाशी ली गयी.

दोनों आरोपितों से 581 ग्राम स्मैक बरामद

तलाशी के दौरान प्रदीप कुमार उर्फ छोटू कुमार के पास से 80 ग्राम तथा रमेश कुमार के पास से 501 ग्राम स्मैक बरामद हुई. इसके अलावा दोनों के पास से दो मोबाइल फोन और 400 रुपये नकद भी जब्त किए गए. पुलिस ने दोनों आरोपितों को मौके से गिरफ्तार कर लिया.

कटिहार से लाई गई थी स्मैक की खेप

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान खरीक बाजार निवासी प्रदीप कुमार उर्फ छोटू कुमार और रमेश कुमार के रूप में हुई है. पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि वे कटिहार से स्मैक लेकर आए थे. इस मामले में नवगछिया थाना कांड संख्या 295/26 दर्ज कर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

दो माह में 1308.88 ग्राम स्मैक बरामद

Smack Seizure: एसपी वैभव शर्मा ने बताया कि पिछले दो माह के दौरान विशेष अभियान में कुल 1308.88 ग्राम स्मैक बरामद की गई है तथा 14 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने कहा कि एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स लगातार कार्रवाई कर रही है. आम लोगों से अपील की गई है कि मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री या भंडारण की सूचना टोल-फ्री हेल्पलाइन 1933 अथवा मानस पोर्टल के माध्यम से दें. सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जायेगी.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन