बेली ब्रिज के मेंटेनेंस के लिए 15 मिनट का ट्रैफिक ब्लॉक, दोनों ओर लगी वाहनों की लंबी कतार
बेली ब्रिज नंबर चार पर चल रहा मेंटनेंस कार्य | Prabhat Khabar Network
भागलपुर के विक्रमशिला सेतु पर बेली ब्रिज के नियमित मेंटेनेंस के कारण सोमवार को 15 मिनट का ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया. इस दौरान सेतु पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहा, जिससे दोनों ओर लंबा जाम लग गया. यात्रियों को तेज धूप और उमस में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
Vikramshila Setu Traffic Update: भागलपुर के विक्रमशिला सेतु पर बने बेली ब्रिज के नियमित मेंटेनेंस को लेकर सोमवार दोपहर करीब 15 मिनट का ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया. इस दौरान दिल्ली ब्रिज नंबर-4 पर तकनीकी विशेषज्ञों की टीम ने बेली ब्रिज के होल के अंदर उतरकर आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव का कार्य किया. सुरक्षा कारणों से इस दौरान सेतु पर सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रखा गया.
मेंटेनेंस के दौरान दोनों ओर लगा लंबा जाम
आवागमन बंद होते ही भागलपुर और नवगछिया दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. चार पहिया वाहन, बस, ऑटो और मालवाहक वाहन काफी देर तक जाम में फंसे रहे. तेज धूप और उमस के कारण यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. ट्रैफिक ब्लॉक समाप्त होने के बाद वाहनों का परिचालन शुरू कराया गया, लेकिन जाम सामान्य होने में काफी समय लगा.
भागलपुर लौटने वाले वाहन चालकों को अधिक परेशानी
वर्तमान में विक्रमशिला सेतु पर यातायात का दबाव असंतुलित बना हुआ है. भागलपुर से नवगछिया की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही अपेक्षाकृत सामान्य रही, जबकि नवगछिया से भागलपुर आने वाले वाहनों को अधिक समय लग रहा है. जहान्वी चौक से जीरो माइल तक पहुंचने में चार पहिया वाहन और ऑटो चालकों को करीब आधे घंटे से एक घंटे तक का समय लग रहा है.
सुरक्षित परिचालन के लिए जरूरी है नियमित मेंटेनेंस
सेतु पर तैनात तकनीकी टीम के अनुसार बेली ब्रिज का नियमित मेंटेनेंस सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक है. इससे पुल की तकनीकी स्थिति बेहतर बनी रहती है और किसी संभावित समस्या से बचाव होता है. हालांकि, मेंटेनेंस के दौरान लिए जाने वाले ट्रैफिक ब्लॉक से लोगों को अस्थायी असुविधा उठानी पड़ती है.
कम ट्रैफिक वाले समय में कार्य कराने की मांग
Vikramshila Setu Traffic Update: स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने सुझाव दिया कि ऐसे मेंटेनेंस कार्य कम यातायात वाले समय में कराए जाएं, ताकि आम लोगों को जाम और अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े. लोगों का कहना है कि इससे आवश्यक रखरखाव का कार्य भी पूरा होगा और यातायात भी कम प्रभावित होगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए