प्रभात खबर में प्रकाशित खबर के बाद जागा वन विभाग, सड़क पर गिरे पेड़ की टहनियां को हटवाया

Author : AMIT KUMAR SINH Published by : Pratyush Prashant Updated At : 02 Jun 2026 12:29 PM

विज्ञापन

Bhagalpur News : एक सप्ताह तक सड़क पर पड़ी रहीं पेड़ की विशाल टहनियां, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई. जैसे ही मामला मीडिया की सुर्खियों में आया, वन विभाग हरकत में आ गया और कुछ ही घंटों में रास्ता साफ कर दिया गया.

विज्ञापन

भागलपुर से ललित किशोर मिश्र की रिपोर्ट.

Bhagalpur News : भागलपुर में तेज तूफान के बाद सड़क पर गिरे पेड़ की टहनियों से लोगों को पिछले सात दिनों से परेशानी झेलनी पड़ रही थी. प्रभात खबर में खबर प्रकाशित होने के बाद वन विभाग ने मामले का संज्ञान लिया और सोमवार को अभियान चलाकर सड़क से टहनियों को हटवा दिया. इससे आवागमन सुचारु हो गया और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली.

एक सप्ताह से सड़क पर पसरी थी परेशानी

पिछले सोमवार की रात आए तेज तूफान के दौरान तिलकामांझी से जिलाधिकारी आवास होते हुए वन विभाग कार्यालय जाने वाले मार्ग पर एक बड़ा पेड़ गिर गया था. पेड़ की टहनियां सड़क के हिस्से में फैल गई थीं, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी. बावजूद इसके कई दिनों तक इन्हें हटाने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.

खबर प्रकाशित होते ही हरकत में आया विभाग

रविवार को प्रभात खबर के डिजिटल संस्करण में इस समस्या को फोटो सहित प्रमुखता से प्रकाशित किया गया. इसके बाद सोमवार को अखबार के प्रिंट संस्करण में भी खबर छपी. खबर सामने आने के बाद वन विभाग ने तत्काल संज्ञान लेते हुए टीम को मौके पर भेजा.

अभियान चलाकर हटाई गईं टहनियां

वन विभाग की टीम ने सोमवार को सड़क पर फैली पेड़ की सभी बड़ी टहनियों को काटकर हटाया. विभागीय कर्मियों ने मार्ग को पूरी तरह साफ कर दिया, जिससे सड़क पर यातायात सामान्य हो गया. अब सड़क किनारे बिखरे पत्तों और छोटे अवशेषों को नगर निगम द्वारा हटाया जाएगा.

रात में बढ़ जाती थी मुश्किल

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर गिरी टहनियों के कारण विशेषकर रात के समय वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. बड़े वाहनों के गुजरने में दिक्कत हो रही थी और दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई थी. मार्ग साफ होने के बाद लोगों ने राहत महसूस की है.

अब भी खतरा बने हैं सूखे पेड़

हालांकि समस्या पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है. हवाई अड्डा मार्ग पर मौजूद दो विशाल सूखे पेड़ अब भी खतरे का कारण बने हुए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि ये पेड़ किसी भी समय गिर सकते हैं और बड़ा हादसा हो सकता है. लोगों ने वन विभाग से इन सूखे पेड़ों को जल्द हटाने की मांग की है.

लोगों ने जताई संतुष्टि, विभाग से की आगे भी सतर्कता की उम्मीद

सड़क से टहनियां हटने के बाद स्थानीय नागरिकों ने संतोष जताया है. साथ ही उन्होंने प्रशासन और वन विभाग से भविष्य में ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINH

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन