गंगा-कोसी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव जारी, कई तटबंधों के टो तक पहुंचा पानी, विभाग ने बढ़ाई निगरानी

गोपालपुर इस्माईलपुर -बिंद टोली तटबंध पर गंगा नदी का दृश्य. | Prabhat Khabar Network
Ganga-kosi Water Level : गंगा और कोसी नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव जारी है. कई स्थानों पर पानी तटबंध के टो तक पहुंच गया है, लेकिन जल संसाधन विभाग ने स्थिति को पूरी तरह सुरक्षित बताया है.
Ganga-kosi Water Level : गोपालपुर क्षेत्र में गंगा और कोसी नदी के जलस्तर में बुधवार को भी उतार-चढ़ाव जारी रहा. जल संसाधन विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार राघोपुर में गंगा के जलस्तर में 2 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि इस्माईलपुर-बिंदटोली के स्पर संख्या-7 पर 4 सेंटीमीटर की कमी आई है. हालांकि सभी तटबंध फिलहाल पूरी तरह सुरक्षित बताए गए हैं, लेकिन कई स्थानों पर नदी का पानी तटबंध के टो (नींव वाले हिस्से) तक पहुंच जाने से विभाग ने निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी है.
इस्माईलपुर-बिंदटोली तटबंध पर बनी हुई है नजर
बुधवार सुबह छह बजे जारी विभागीय रिपोर्ट के अनुसार इस्माईलपुर-बिंदटोली के स्पर-07 पर गंगा का जलस्तर 29.50 मीटर दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे की तुलना में 4 सेंटीमीटर कम है. यहां चेतावनी स्तर 30.60 मीटर और खतरे का स्तर 31.60 मीटर निर्धारित है. नदी का पानी तटबंध के टो तक पहुंच चुका है, लेकिन विभाग के अनुसार तटबंध पूरी तरह सुरक्षित है.
राघोपुर में जलस्तर बढ़ा, फिर भी तटबंध सुरक्षित
काजीकोरैया-राघोपुर मार्जिनल तटबंध पर गंगा का जलस्तर 30.72 मीटर रिकॉर्ड किया गया, जिसमें 2 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हुई है. यहां भी नदी का पानी तटबंध के टो तक पहुंच गया है. इसके बावजूद जल संसाधन विभाग ने तटबंध को सुरक्षित बताते हुए लगातार निगरानी जारी रखने की बात कही है.
कोसी नदी की स्थिति भी नियंत्रण में
कोसी नदी की जेबी चोरहर साइट पर जलस्तर 30.20 मीटर पर स्थिर रहा. यहां चेतावनी स्तर 30.77 मीटर तथा खतरे का स्तर 31.77 मीटर है. बगजान जमींदारी तटबंध के कई हिस्सों तक नदी का पानी पहुंच चुका है, लेकिन विभाग के अनुसार स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है.
मदरौनी में हल्की बढ़ोतरी दर्ज
मदरौनी में कोसी नदी का जलस्तर 29.32 मीटर दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे में 2 सेंटीमीटर बढ़ा है. यहां नदी का पानी अभी तटबंध के टो तक नहीं पहुंचा है और तटबंध पूरी तरह सुरक्षित बताया गया है.
जल संसाधन विभाग अलर्ट मोड में
जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गंगा और कोसी नदी के सभी संवेदनशील तटबंधों पर अभियंताओं और तकनीकी कर्मियों की लगातार निगरानी जारी है. जलस्तर में हो रहे बदलाव को देखते हुए सभी अधिकारियों को चौबीसों घंटे सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है, ताकि किसी भी संभावित स्थिति से समय रहते प्रभावी ढंग से निपटा जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











