टीएमबीयू में ऑनस्पॉट नामांकन शुरू, 3 अगस्त तक रिक्त सीटों पर मिलेगा दाखिला, छुट्टी के दिन भी खुलेंगे कॉलेज

Updated:
विज्ञापन
तिलकामांझी भागलुपुर विश्वविद्यालय  | Prabhat Khabar Network

तिलकामांझी भागलुपुर विश्वविद्यालय  | Prabhat Khabar Network

TMBU Admission 2026: टीएमबीयू में स्नातक सत्र 2026-30 के लिए ऑनस्पॉट नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है. छात्र 3 अगस्त तक समर्थ पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं.

विज्ञापन

TMBU Admission 2026: तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) में स्नातक सत्र 2026-30 के सेमेस्टर-वन में रिक्त सीटों पर ऑनस्पॉट नामांकन की प्रक्रिया बुधवार से शुरू हो गई है. यह प्रक्रिया 3 अगस्त तक चलेगी. इसके साथ ही बीएन कॉलेज में संचालित एईडीपी पाठ्यक्रम के सेमेस्टर-वन में भी ऑनस्पॉट दाखिला लिया जा रहा है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नामांकन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निर्धारित नियमों के अनुसार होगी.

रिक्त सीटों पर ही मिलेगा ऑनस्पॉट दाखिला

विश्वविद्यालय की नामांकन समिति की बैठक में निर्णय लिया गया कि ऑनस्पॉट नामांकन केवल उन्हीं विषयों में होगा, जहां सीटें खाली हैं. किसी भी परिस्थिति में स्वीकृत सीटों से अधिक नामांकन नहीं लिया जाएगा. यदि किसी कॉलेज में निर्धारित संख्या से अधिक दाखिला लिया जाता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित प्राचार्य की होगी.

समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य

डीएसडब्ल्यू प्रो. अर्चना साह ने निर्देश जारी करते हुए कहा कि ऑनस्पॉट नामांकन केवल उन्हीं अभ्यर्थियों का होगा, जिन्होंने पहले से समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण कराया है. जिन विद्यार्थियों ने अब तक पंजीकरण नहीं कराया है, वे 3 अगस्त तक नया पंजीकरण कर आवेदन कर सकते हैं और इसके बाद कॉलेज में ऑनस्पॉट नामांकन ले सकेंगे.

विषय या कॉलेज बदलने के लिए करना होगा नया आवेदन

समर्थ पोर्टल के नोडल पदाधिकारी प्रो. एएन सहाय ने बताया कि जो विद्यार्थी पहले किसी कॉलेज में नामांकन करा चुके हैं और दूसरे कॉलेज या दूसरे विषय में प्रवेश लेना चाहते हैं, उन्हें नया आवेदन करना होगा. यदि आवेदन में नाम, श्रेणी या अन्य किसी प्रकार की त्रुटि है तो आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के बाद उसमें सुधार भी किया जा सकेगा.

छुट्टी के दिन भी खुले रहेंगे कॉलेज

विश्वविद्यालय ने सभी अंगीभूत, नवस्थापित और संबद्ध कॉलेजों को निर्देश दिया है कि नामांकन अवधि के दौरान अवकाश और छुट्टी के दिनों में भी कॉलेज कार्यालय खुले रहेंगे. सभी नामांकित विद्यार्थियों का विवरण समय पर समर्थ पोर्टल पर अपडेट करना अनिवार्य होगा. निर्देशों की अनदेखी होने पर संबंधित प्राचार्य को जवाबदेह माना जाएगा.

रिक्त सीटों की सूची होगी सार्वजनिक

डीएसडब्ल्यू ने सभी कॉलेजों को निर्देश दिया है कि विषयवार रिक्त सीटों की जानकारी अपनी आधिकारिक वेबसाइट, समर्थ पोर्टल और कॉलेज के नोटिस बोर्ड पर अनिवार्य रूप से प्रकाशित करें. इससे अभ्यर्थियों को कॉलेज और विषय के चयन में सुविधा मिलेगी तथा नामांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहेगी. विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि निर्देशों का पालन नहीं करने वाले कॉलेजों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है.


विज्ञापन
आरफीन जुबैर

लेखक के बारे में

By आरफीन जुबैर

आरफीन जुबैर प्रिंट माध्यम में पिछले 16 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा और खेल में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन