बिजली बिल घटाने की ओर बढ़े भागलपुर के लोग, 2,512 ने किया आवेदन और 1,193 घरों में सोलर पैनल का काम पूरा
पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना का सांकेतिक फोटो, PHOTO AI
भागलपुर में पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर पैनल लगाने में लोगों की दिलचस्पी बढ़ रही है. 2512 आवेदन आ चुके हैं और 1193 घरों में सोलर पैनल लग चुके हैं. योजना से बिजली बिल कम होगा.
PM Surya Ghar Yojana : प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत भागलपुर जिले में सोलर पैनल लगाने को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ रही है. जिले में अब तक 2,512 उपभोक्ताओं ने आवेदन किया है, जबकि 1,193 सोलर पैनलों की स्थापना पूरी हो चुकी है. योजना के तहत भागलपुर के लिए 15,000 लाभार्थियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
बिहार सरकार के ऊर्जा विभाग की ओर से प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के तहत राज्य के 25,000 लाभार्थियों को अतिरिक्त राज्य वित्तीय सहायता देने की शुरुआत की गयी है. मंगलवार को पटना में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया. इसी दौरान योजना के लाभार्थियों को अतिरिक्त राज्य वित्तीय सहायता हस्तांतरित की गयी.
भागलपुर में 2,512 आवेदन, 1,193 घरों में लग चुका सोलर पैनल
भागलपुर जिले में योजना के तहत 15,000 लाभार्थियों का लक्ष्य रखा गया है. अब तक 2,512 उपभोक्ताओं ने आवेदन किया है. इनमें से 2,149 उपभोक्ताओं का वेंडर चयन किया जा चुका है, जबकि 1,193 सोलर पैनलों की स्थापना पूरी हो चुकी है.
कार्यक्रम की अध्यक्षता बिहार के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने की. कार्यक्रम के दौरान पटना से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के विभिन्न जिलों को जोड़ा गया. भागलपुर स्थित समीक्षा भवन में सांसद अजय मंडल, डीएम, डीडीसी समेत अन्य पदाधिकारी भी कार्यक्रम से जुड़े.
क्या है पीएम सूर्य घर योजना?
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का उद्देश्य घरों की छतों पर सोलर पैनल स्थापित कर परिवारों को स्वच्छ और हरित ऊर्जा उपलब्ध कराना तथा बिजली के बिल में कमी लाना है. योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को केंद्र सरकार के साथ बिहार सरकार की ओर से भी अतिरिक्त वित्तीय सहायता दी जा रही है.
एक किलोवाट के सोलर सिस्टम पर केंद्र सरकार की 30,000 रुपये और बिहार सरकार की 10,000 रुपये अतिरिक्त सब्सिडी है. इसी तरह दो किलोवाट के सोलर सिस्टम पर कुल 60,000 रुपये केंद्र और 20,000 रुपये बिहार सरकार की सहायता का प्रावधान है. तीन किलोवाट के सोलर सिस्टम पर केंद्र की ओर से 78,000 रुपये और बिहार सरकार की ओर से 20,000 रुपये अतिरिक्त सहायता दी जा रही है.
ऐसे कर सकते हैं आवेदन
इच्छुक उपभोक्ता आधिकारिक पीएम सूर्य घर पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर अपना राज्य, बिजली वितरण कंपनी (डिस्कॉम) और उपभोक्ता खाता संख्या दर्ज कर आवेदन कर सकते हैं. तकनीकी स्वीकृति मिलने के बाद पोर्टल पर सूचीबद्ध पंजीकृत वेंडर के माध्यम से सोलर पैनल लगवाया जा सकता है.
सोलर सिस्टम स्थापित होने और नेट मीटर लगने के बाद बैंक विवरण और जरूरी दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करने पर सब्सिडी की राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाती है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए