घर से महज 10 फीट दूर जमीन पर बच्चे बकरी चराने गये तो मिली दुर्गंध, जमीन खोदी तो निकला अज्ञात युवक का शव

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

बरहपुरा की खाली जमीन में दफन मिला युवक का शव. गला कटा, हाथ क्षतिग्रस्त. पुलिस कर रही जांच. पूरी प्लानिंग से दफनाने का शक.

विज्ञापन

भागलपुर : इशाकचक थाना क्षेत्र के बरहपुरा स्थित जगरनाथ बाली में मंगलवार देर रात खाली जमीन से करीब 40-45 वर्षीय अज्ञात युवक का सड़ा-गला शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गयी. शव जमीन के करीब चार फीट नीचे दफन था. प्रथमदृष्टया शव चार-पांच दिन पुराना बताया जा रहा है. शव की स्थिति देखकर गले पर कटे होने का निशान और एक हाथ क्षतिग्रस्त मिला है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

बकरी चराने गये बच्चों को मिली दुर्गंध

स्थानीय लोगों के अनुसार, शाम के समय कुछ बच्चे खाली जमीन पर बकरी चराने गये थे. वहां दुर्गंध महसूस होने पर बच्चे मौके से भागकर मोहल्ले में पहुंचे और लोगों को इसकी जानकारी दी.

इसके बाद कुछ स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. जमीन के अंदर कुछ दबे होने की आशंका होने पर उन्होंने इशाकचक थाना पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और जमीन की खुदाई कर शव को बाहर निकाला. एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की.

चार फीट नीचे दफन था शव

स्थानीय लोगों के अनुसार, शव को जमीन के अंदर करीब चार फीट नीचे दफन किया गया था. मौके की स्थिति से ऐसा प्रतीत हुआ कि शव को दफनाने के लिए पहले गड्ढा खोदा गया, फिर शव रखा गया. इसके बाद मिट्टी, नमक, ईंट और प्लास्टिक डालकर ऊपर से दोबारा मिट्टी डालने की बात सामने आयी है.

हालांकि शव को किसने और किन परिस्थितियों में दफनाया, यह अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस की जांच के बाद ही इसकी स्थिति साफ होगी.

आसपास के घरों के कारण उठ रहे सवाल

जिस खाली प्लॉट से शव बरामद हुआ, उसके करीब 10 फीट की दूरी पर कई घर बने हुए हैं और वहां लोग रहते हैं. ऐसे में शव को जमीन के अंदर दफनाये जाने की जानकारी आसपास के लोगों को कैसे नहीं हुई, इसे लेकर भी स्थानीय स्तर पर चर्चा हो रही है.

स्थानीय लोगों के बीच यह आशंका भी जतायी जा रही है कि युवक की मौत या हत्या कहीं और हुई हो और शव को यहां लाकर दफनाया गया हो. हालांकि इन चर्चाओं की अभी पुलिस की ओर से पुष्टि नहीं की गयी है.

पुलिस कर रही जांच

इशाकचक थाना प्रभारी ने बताया कि शव बरामद कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है. शव की पहचान कराने के प्रयास किये जा रहे हैं. घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और एफएसएल जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.

भागलपुर के खबरों को पढ़ने के लिये यहां क्लिक करें

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन